देश-दुनिया में करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था के केंद्र नीम करोली बाबा के जीवन से प्रेरित फिल्म 'हनुमान अंश' का मच-अवेटेड ट्रेलर रिलीज हो चुका है. ट्रेलर रिलीज होते ही सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गया है.
'हनुमान अंश' का दमदार ट्रेलर रिलीज
फिल्म के ट्रेलर की शुरुआत एक दमदार लाइन से होती है कि ये उस संत की कहानी है, जिन्होंने करोड़ों लोगों को प्रेरित किया. ट्रेलर में उन मशहूर हस्तियों का भी जिक्र किया गया है, जो किसी न किसी रूप में नीम करोली बाबा से प्रेरणा लेने की बात कह चुके हैं. इनमें विराट कोहली, अनुष्का शर्मा, स्टीव जॉब्स, मार्क जुकरबर्ग और हॉलीवुड स्टार जूलिया रॉबर्ट्स जैसे बड़े नाम शामिल हैं.
ट्रेलर को भारत के साथ-साथ यूके, अमेरिका और कनाडा के कई मंदिरों, आश्रमों और आध्यात्मिक केंद्रों में एक साथ लॉन्च किया गया. खास बात यह रही कि ट्रेलर रिलीज से पहले सामूहिक हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया गया, जिसने पूरे आयोजन को आध्यात्मिक माहौल में बदल दिया.
ट्रेलर में एक युवा साधक की ब्रज से शुरू हुई आध्यात्मिक यात्रा दिखाई गई है, जो आगे चलकर नीम करोली बाबा के रूप में दुनिया भर के लोगों की आस्था का केंद्र बनता है. फिल्म सिर्फ उनकी जीवनी नहीं, बल्कि भक्ति, सेवा, राम नाम और आत्मिक जागरण की यात्रा को बड़े पर्दे पर दिखाने की कोशिश करती नजर आती है.
कौन हैं लीड एक्टर?
फिल्म में शोभिनव सत्या लीड रोल में हैं, वो बाबा की भूमिका निभा रहे हैं. वहीं विहान एस. हेगड़े, चंदन आनंद, पूर्णिमा तिवारी, अनिल के. रस्तोगी और गुलशन पांडे भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे.
फिल्म के राइटर और डायरेक्टर विशाल चतुर्वेदी मानते हैं कि 'हनुमान अंश' सिर्फ एक फिल्म नहीं, बल्कि एक ऐसा भावनात्मक अनुभव है, जो दर्शकों को भीतर तक छू जाएगा. फिल्म का संगीत भी इसकी खासियत है. सभी गीत ब्रज, अवधी और बुंदेली जैसी क्षेत्रीय बोलियों में तैयार किए गए हैं, जबकि बैकग्राउंड स्कोर में भक्ति मंत्रों और ऑर्केस्ट्रा का शानदार मेल सुनने को मिलता है.
'हनुमान अंश' 31 जुलाई 2026 को देशभर के सिनेमाघरों में रिलीज होगी.