बॉलीवुड एक्टर आमिर खान के भाई फैजल खान ने अपने परिवार के साथ हुए लंबे विवाद पर बड़ा बयान दिया है. फैजल ने खुले दिल से अपनी गलतियां स्वीकार करते हुए अम्मी, भाई आमिर खान, बहन निखत और जीजा संतोष हेगड़ी से माफी मांगी है. उन्होंने कहा कि गुस्से और दर्द में उन्होंने जो बातें सार्वजनिक तौर पर कहीं, उन्हें अब अपनी सबसे बड़ी गलती मानते हैं. फैजल ने कहा कि अब उन्हें किसी बात का सच साबित नहीं करना, बल्कि अपने परिवार के साथ शांति और रिश्ते बचाने हैं.
'मैं सबसे माफी मांगता हूं'
उज्जवल त्रिवेदी से बातचीत में फैजल खान ने कहा- मैं सबसे पहले अपनी अम्मी से माफी मांगना चाहता हूं. निखत से माफी मांगना चाहता हूं. संतोष से माफी मांगना चाहता हूं. आमिर से भी माफी मांगता हूं. गुस्से और दर्द में मैंने बहुत कुछ बोल दिया था, जो बिल्कुल नहीं बोलना चाहिए था.
उन्होंने माना कि परिवार के खिलाफ सार्वजनिक तौर पर बोलना उनकी बड़ी भूल थी. 'मुझे वो बातें पब्लिक में नहीं कहनी चाहिए थीं. मुझे परिवार के साथ बैठकर बात करनी चाहिए थी.'
'अब सच नहीं, शांति चाहिए'
फैजल ने कहा कि अब उनका मकसद किसी को गलत साबित करना नहीं है. वो बोले कि मुझे अब कोई जवाब नहीं चाहिए. मुझे ये साबित नहीं करना कि मैं सही हूं और दूसरा गलत. सच से ज्यादा मुझे शांति चाहिए. मुझे अपने परिवार के साथ अमन चाहिए.
उन्होंने आगे कहा- मैंने फैसला किया कि जिसने जो किया, उसे भूल जाओ. रिश्ते बचाना ज्यादा जरूरी है. फैजल ने बताया कि कुरान पढ़ते समय उन्हें एक ऐसी आयत मिली, जिसमें परिवार से रिश्ते न तोड़ने की बात कही गई थी. उसी के बाद उन्होंने परिवार से दोबारा जुड़ने का फैसला किया.
उन्होंने कहा- मुझे एहसास हुआ कि मैंने अपने परिवार से रिश्ता तोड़ दिया था. तभी मैंने तय किया कि पहला कदम मैं ही उठाऊंगा. फैजल ने बताया कि सबसे पहले उन्होंने अपनी बहन निखत को फोन किया. उन्होंने तुरंत फोन उठाया. फिर पता चला कि अम्मी मेरी याद करती हैं. उनकी आवाज सुनकर मैं भावुक हो गया और अगले ही दिन फ्लाइट पकड़कर मुंबई पहुंच गया.
उन्होंने बताया कि अम्मी से मिलकर उन्होंने माफी मांगी और फिर आमिर खान से भी मुलाकात की. फैजल ने कहा कि मैंने आमिर से कहा- आई एम सॉरी. जो मैंने किया, मुझे नहीं करना चाहिए था. मुझे माफ कर दीजिए.
फैजल के मुताबिक परिवार ने उन्हें पूरे प्यार से अपनाया. सबने मेरा स्वागत किया. अम्मी, निखत, संतोष और आमिर, सभी ने मुझे अपनाया. अब हमारे सारे गिले-शिकवे खत्म हो गए हैं.
मेंटल हेल्थ विवाद पर भी बोले
अपनी मानसिक स्थिति को लेकर वर्षों से चली आ रही चर्चाओं पर फैजल ने कहा कि उन्हें गलत तरीके से पेश किया गया. उन्होंने दावा किया कि हो सकता है शुरुआती डॉक्टरों का डायग्नोसिस गलत रहा हो. बाद में कोर्ट ने सरकारी अस्पताल में जांच कराई और मुझे क्लीन चिट मिली. मैं केस भी जीत गया.
हालांकि उन्होंने कहा कि अब वह इन पुरानी बातों में नहीं जाना चाहते. वो बोले कि मैं चाहता हूं कि मेरी फैमिली मुझे ट्रस्ट करे, मुझ पर भरोसा करे और मुझे समझे. फैजल खान ने अपने अनुभव से लोगों को भी परिवार जोड़ने की सलाह दी.
वो कहते हैं कि अगर आपके परिवार में भी किसी से कोई भूल हो गई हो तो देर मत कीजिए. जब जागो तब सवेरा. बैठकर बातें कीजिए या फिर माफ कर दीजिए. जिंदगी बहुत छोटी है.
वर्कफ्रंट पर क्या कर रहे हैं फैजल
फैजल ने बताया कि वह इन दिनों कई स्क्रिप्ट्स पर काम कर रहे हैं और भविष्य में ओटीटी के लिए फिल्में बनाना चाहते हैं. उन्होंने कहा- मैं ऐसी फिल्में बनाना चाहता हूं जो लोगों को खुशी दें और उनका दुख-दर्द कुछ देर के लिए भुला दें.
लंबे समय तक परिवार से दूर रहने के बाद अब फैजल खान का कहना है कि उनके और परिवार के बीच की दूरियां खत्म हो चुकी हैं. वह मानते हैं कि रिश्ते बचाना किसी भी बहस या सच साबित करने से कहीं ज्यादा जरूरी है.