रणवीर सिंह की धुरंधर 2 हर दिन बुलंदी की नई ऊंचाई छू रही है. जनता का दीवानापन इस फिल्म के लिए कामयाबी की ऐसी कहानी लिख रहा है, जो बॉलीवुड के इतिहास में लंबे समय तक याद रखी जाएगी. धुरंधर 2 अब सिर्फ 10 दिनों में वर्ल्डवाइड 1200 करोड़ ग्रॉस कलेक्शन का आंकड़ा पार कर चुकी है. टोटल बिजनेस के मामले में ये अब बॉलीवुड की दूसरी सबसे बड़ी फिल्म है.
धुरंधर 2 से आगे अब सिर्फ इसी का पार्ट 1 है, जो पिछले साल दिसंबर में रिलीज हुआ था. शुक्रवार की रात तक बॉलीवुड से सिर्फ शाहरुख ही ऐसे सुपरस्टार थे, जिनके खाते में इंडस्ट्री की दो सबसे बड़ी फिल्में थीं. लेकिन शनिवार को धुरंधर 2 के लिए 50% से ज्यादा जंप लेकर आए कलेक्शन ने अब बॉक्स ऑफिस के खाते में रणवीर को शाहरुख से भी बड़ा स्टार बना दिया है.
शनिवार का रिकॉर्डतोड़ जंप
शुक्रवार को धुरंधर 2 वर्किंग डे होने की वजह से, गुरुवार के मुकाबले थोड़ी स्लो लगी. लेकिन शनिवार को फिल्म फिर से भौकाली मोड में आ गई. सैकनिल्क के अनुसार धुरंधर 2 ने शनिवार को 50% से ज्यादा का जंप लिया. शुक्रवार को फिल्म का नेट कलेक्शन 41.5 करोड़ था, जो शनिवार को 62.85 करोड़ पहुंच गया. बॉलीवुड में ये 10वें दिन का सबसे बड़ा कलेक्शन है. इससे पहले 10वें दिन सबसे ज्यादा कमाई का रिकॉर्ड धुरंधर ने बनाया था, 58 करोड़ के साथ. बॉक्स ऑफिस पर दूसरे शनिवार को भी ये सबसे बड़ा कलेक्शन है.
धुरंधर 2 के शनिवार के कलेक्शन में हिंदी कलेक्शन करीब 58 करोड़ है. फिल्म का टोटल नेट इंडिया कलेक्शन अब 10 दिन में 778 करोड़ से ज्यादा हो गया है. इसमें सिर्फ हिंदी का कलेक्शन करीब 735 करोड़ है.
रणवीर का शानदार रिकॉर्ड
शनिवार के कलेक्शन से धुरंधर 2 ने वर्ल्डवाइड बॉक्स ऑफिस पर 1200 करोड़ का लैंडमार्क पार कर लिया. रणवीर की धुरंधर 1300 करोड़ से ज्यादा कलेक्शन के साथ पिछले 4 महीनों से बॉलीवुड की सबसे बड़ी फिल्म है. शाहरुख खान की इंडस्ट्री टॉपर जवान, 1160 करोड़ वर्ल्डवाइड कलेक्शन के साथ अब तक दूसरी सबसे बड़ी फिल्म थी. अब धुरंधर 2 ने जवान को ओवरटेक कर लिया है. जल्द ही धुरंधर 2 सबसे बड़ी बॉलीवुड फिल्म होगी.
इस वक्त बॉलीवुड की टॉप 2 फिल्में धुरंधर और धुरंधर 2 हैं. जल्द ही दूसरा पार्ट पहले से भी आगे निकल जाएगा. इन दो फिल्मों के साथ बॉक्स ऑफिस पर रणवीर के खाते में, शाहरुख से भी बड़ी कामयाबी आई है. वो भी सिर्फ चार महीने के अंदर. धुरंधर 2 से वर्ल्डवाइड 2000 करोड़ कलेक्शन तक पहुंचने की आस लगाई जा रही है. देखना है कि कितने दिन में रणवीर की फिल्म ये कमाल करती है.