'धुरंधर 2' का तूफान बस कुछ ही घंटे में रिकॉर्ड्स तबाह करने के लिए तैयार है. पिछले साल दिसंबर में पहला पार्ट देखने के बाद से ही जनता, 'धुरंधर 2' के लिए 19 मार्च 2026 पर आंखें गड़ाए बैठी थी. मगर 18 मार्च के लिए पेड प्रीव्यू अनाउंस करके मेकर्स ने वक्त-हालात-जज्बात ही बदल दिए. प्रीव्यू शोज स्टार्ट होने से पहले ही बॉक्स ऑफिस पर आने वाली सुनामी की आहट आने लगी है.
'धुरंधर 2' ओपनिंग के लगभग हर बड़े रिकॉर्ड को चैलेंज करने की तैयारी में है. रणवीर सिंह की फिल्म बॉलीवुड को पहली बार बॉक्स ऑफिस के उस किले में एंट्री दिलाने जा रही है, जो साउथ, खासकर तेलुगु इंडस्ट्री का खड़ा किया हुआ है. 'धुरंधर 2' इस किले में सेंध लगाने जा रही है, ये इशारा फिल्म की एडवांस बुकिंग से ही मिल रहा है.
'धुरंधर 2' की एडवांस बुकिंग और ओपनिंग कलेक्शन
ट्रेलर आते ही पहले 18 मार्च को आने 'धुरंधर 2' के प्रीव्यू शोज की एडवांस बुकिंग शुरू हुई थी. 19 मार्च से रिलीज के लिए बुकिंग कुछ दिन पहले ही खुली है. विदेशों में बिना ट्रेलर ही एडवांस बुकिंग ओपन हो चुकी थी, इसके बावजूद दर्शकों का रिस्पॉन्स धमाकेदार रहा है.
ये रिपोर्ट लिखे जाने तक सैकनिल्क के अनुसार, बुधवार के प्रीव्यू शोज के लिए ही ऑलमोस्ट 10 लाख टिकट बुक हो चुके हैं. इस बुकिंग से 'धुरंधर 2' ने करीब 43 करोड़ रुपये का एडवांस ग्रॉस कलेक्शन किया है, जो ब्लॉक सीट्स के साथ 48 करोड़ हो जाता है.
19 तारीख को फर्स्ट डे के लिए 'धुरंधर 2' के करीब 7 लाख से ज्यादा टिकट बिक चुके हैं. इससे 30 करोड़ एडवांस ग्रॉस कलेक्शन हुआ है, जो ब्लॉक सीट्स जोड़ने पर करीब 40 करोड़ हो जाता है.
सोमवार को बॉक्स ऑफिस ट्रैकर निशित शॉ ने अपडेट दिया था कि ओवरसीज मार्केट यानी विदेशों में एडवांस बुकिंग से 'धुरंधर 2' ने 7.5 मिलियन डॉलर से ज्यादा एडवांस ग्रॉस कलेक्शन किया है. ये रिपोर्ट लिखे जाने तक ये आंकड़ा 8 मिलियन डॉलर से ठीकठाक ज्यादा होने का अनुमान है, जो भारतीय करेंसी में करीब 75 करोड़ रुपये होता है.
फिल्मों के ओपनिंग डे कलेक्शन में पेड प्रीव्यू के साथ फर्स्ट डे कलेक्शन जोड़ा जाता है. कुल मिलाकर 'धुरंधर 2' के लिए वर्ल्डवाइड करीब 160 करोड़ रुपये की एडवांस बुकिंग हो चुकी है. ये साफ इशारा है कि 'धुरंधर 2' पहले दिन कम से कम 200 करोड़ से ज्यादा वर्ल्डवाइड कलेक्शन करने के लिए रेडी है.
साउथ के रिकॉर्ड्स में बॉलीवुड की पहली सेंध
इंडिया में सबसे बड़ी ओपनिंग करने वाली फिल्मों में साउथ की, खासकर तेलुगु फिल्मों का दबदबा रहा है. सबसे बड़ी ओपनिंग (वर्ल्डवाइड) वाली टॉप 5 इंडियन फिल्में देखिए:
पुष्पा 2- 294 करोड़
RRR- 223 करोड़
बाहुबली 2- 217 करोड़
कल्कि 2898 एडी- 191.5 करोड़
देवरा पार्ट 1- 172 करोड़
200 करोड़ वर्ल्डवाइड कलेक्शन का लैंडमार्क पार करने वाली तीनों फिल्में तेलुगु इंडस्ट्री से निकली हैं. बॉलीवुड से सबसे बड़ी वर्ल्डवाइड ओपनिंग का रिकॉर्ड शाहरुख खान की 'जवान' (129.6 करोड़) के नाम है. दूसरे नंबर पर भी उन्हीं की फिल्म 'पठान' (106 करोड़) है.
वर्ल्डवाइड ओपनिंग कलेक्शन के मामले में बॉलीवुड फिल्मों ने 150 करोड़ ग्रॉस का आंकड़ा भी नहीं छुआ है, 200 करोड़ तो दूर की बात है. 'धुरंधर 2' पहली बॉलीवुड फिल्म बनने जा रही है जो वर्ल्डवाइड 200 करोड़ से ज्यादा ओपनिंग कलेक्शन करेगी.
बुकिंग का मौजूद ट्रेंड देखते हुए पूरा चांस नजर आ रहा है कि 'धुरंधर 2' जनता के शानदार रिस्पॉन्स के दम पर 'बाहुबली 2' और 'RRR' से ज्यादा ओपनिंग कर सकती है. 'पुष्पा 2' के ऑल टाइम रिकॉर्ड तक 'धुरंधर 2' का पहुंचना मुश्किल नजर आ रहा है. लेकिन ये इंडियन सिनेमा की दूसरी सबसे बड़ी ओपनिंग ला सकती है.
'धुरंधर 2' के ओपनिंग कलेक्शन का अनुमान ही कह रहा है कि आने वाले दिन इंडियन फिल्मों के बॉक्स ऑफिस रिकॉर्ड्स में तगड़ा हेरफेर लेकर आने वाले हैं. क्या 'धुरंधर 2' की बॉक्स ऑफिस सुनामी में आप भी टिकट खरीदकर योगदान दे चुके हैं? कमेंट्स में जरूर बताएं.