मशहूर सिंगर दलेर मेहंदी के कुंजापुरी सांस्कृतिक कार्यक्रम से जुड़ा विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है. प्रोग्राम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने जनता के सामने दलेर मेहंदी का अपमान किया था. सिंगर पर दारू पीकर गाने का आरोप लगाया. इस विवाद में अब राज्य के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी को फोन किया है. इसकी जानकारी खुद सीएम ने X पर दी है. उन्होंने इस मुद्दे को यहीं पर खत्म करने की मांग की है.
सीएम धामी की अपील
पोस्ट में सीएम धामी ने लिखा- प्रसिद्ध गायक श्री दलेर मेहंदी जी से फोन पर वार्ता कर उनका कुशलक्षेम जाना. इस दौरान विगत दिनों में हुए घटनाक्रम के संबंध में भी चर्चा हुई. देवभूमि उत्तराखण्ड ‘अतिथि देवो भवः’ की समृद्ध परंपरा का संवाहक है. हमारी लोकसंस्कृति, आत्मीय आतिथ्य और सौहार्द की भावना ही देवभूमि की विशिष्ट पहचान है. यहां कला, संस्कृति और कलाकारों का सदैव स्वागत एवं सम्मान किया जाता रहा है, हमारा प्रयास है कि इस घटनाक्रम को पीछे छोड़कर आपसी संवाद, सौहार्द और सकारात्मकता की भावना के साथ आगे बढ़ा जाए.
इससे पहले सीएम पुष्कर सिंह धामी ने दलेर मेहंदी के भाई मीका सिंह से बात की थी. सोशल मीडिया पर उन्होंने इसकी जानकारी दी थी. सीएम ने X पर लिखा था- प्रसिद्ध गायक मीका सिंह जी से दूरभाष पर बातचीत की. श्री दलेर मेहंदी जी से जुड़े विषय पर चर्चा करते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की गलतफहमी को आपसी संवाद और सौहार्द से दूर किया जाना चाहिए. देवभूमि उत्तराखंड ‘अतिथि देवो भवः’ की हमारी महान परंपरा का संवाहक है. यहां सभी कलाकारों का सदैव हृदय से स्वागत और सम्मान है.
मंत्री की माफी पर अड़े मीका
वहीं मीका ने भी सोशल मीडिया पर सीएम संग हुई बातचीत का जिक्र किया था. सिंगर ने पोस्ट में लिखा था- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर धामी जी का बहुत सम्मान करता हूं. उन्होंने दलेर भाई से जुड़े मामले को लेकर मुझे खुद फोन किया था. मैं उनके इस कोशिश की दिल से सराहना करता हूं. मैं धामी साहब को अच्छी तरह जानता हूं. वो बहुत ही सरल और जमीन से जुड़े हुए इंसान हैं और मेरे मन में उनके लिए बहुत सम्मान है.
''बस मेरी उनसे एक छोटी सी गुजारिश है कि वो सुबोध उनियाल जी से कहें कि वो एक छोटा सा वीडियो बनाकर अपने बयान को स्पष्ट करें और दलेर भाई से इस बात के लिए माफी मांगें कि उन्होंने कहा था कि डलेर भाई परफॉर्मेंस के दौरान नशे में थे. मेरा मानना है कि गलतफहमियां हो सकती हैं, लेकिन उन्हें अच्छे तरीके से दूर भी किया जा सकता है. मुझे उम्मीद है कि ये छोटा सा कदम इस मामले को खत्म करने में मदद करेगा और दलेर भाई की इज्जत और प्रतिष्ठा भी बनी रहेगी. मुझे धामी साहब की समझदारी और नेतृत्व पर पूरा भरोसा है.''
दूसरी तरफ, मंत्री सुबोध उनियाल माफी मांगने के मूड में नहीं हैं. वो अपने स्टैंड पर कायम हैं. उन्होंने ये तक कहा है कि अगर दलेर मेहंदी की तबीयत खराब थी तो उन्हें शो में नहीं आना चाहिए था. मंत्री अभी भी दलेर मेहंदी के नशे में होने की बात को दोहरा रहे हैं.