टाइगर श्रॉफ पर फायरिंग का मामला सामने आने के बाद बॉलीवुड इंडस्ट्री में वापस से खौफ का मंजर है. लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने एक्टर पर हमला करके फिर से सलमान खान संग अपने पुराने विवाद को जिंदा किया है. इस हमले के जरिए उन्होंने फिर मांग की है कि सलमान उनके समुदाय से माफी मांग लें, ताकि ये हमले खत्म हो सकें.
सलमान पर क्या बोले अनूप जलोटा?
1998 में काले हिरण केस के चलते सलमान खान के लिए बिश्नोई समाज में नाराजगी है. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई और उनकी गैंग ने कई बार उन्हें कहा कि वो उनके समुदाय से आकर माफी मांग लें. मगर सलमान ने उनके सामने नहीं झुकने का फैसला किया. ऐसे में अब टाइगर पर हुए हमलों के बाद बॉलीवुड के भजन सम्राट अनूप जलोटा का मानना है कि सुपरस्टार को माफी मांग लेनी चाहिए, ताकि ये हमले रुक जाएं.
समाचार एजेंसी से सिंगर ने टाइगर पर हमले को लेकर कहा- मैं इससे बहुत दुखी हूं. इस सबको रोकने का बस एक ही तरीका है. सलमान खान को हमलावर समुदाय से माफी मांगनी चाहिए. मैंने ये बात पहले भी कही है. ये बहुत जरूरी है कि बिश्नोई समुदाय से माफी मांगी जाए, जिसे ठेस पहुंची है. वरना, बिश्नोई समुदाय को आगे भी ठेस पहुंचती रहेगी. जो लोग सलमान खान के साथ काम करते हैं, उन्हें भी ठेस पहुंचेगी और उनके परिवारों को भी दुख होगा. तो, क्यों ना बिश्नोई समुदाय से माफी मांगकर इस पूरे मामले को खत्म करने का पक्का फैसला लिया जाए? मैं बस यही चाहता हूं.
क्यों बिश्नोई समाज से माफी नहीं मांगेंगे सलमान?
ये पहला मौका नहीं जब बिश्नोई समाज से सलमान की माफी की मांग सामने आई हो. मुद्दा पहले भी उठा है, मगर सुपरस्टार उनसे माफी इसलिए नहीं मांगेंगे क्योंकि उनके पिता सलीम खान के मुताबिक सलमान ने कोई जुर्म नहीं किया है. एक इंटरव्यू में वेटरन राइटर ने साफ किया था कि सलमान ने आजतक किसी को नुकसान नहीं पहुंचाया. इसलिए बिश्नोई समाज से माफी मांगने का कोई पॉइंट नहीं बैठता. उनका दावा था कि ये मांग दरअसल उगाही है.