scorecardresearch
 

आलिया की 'राजी' से बेहतर रहा 'अल्फा' का वीकेंड कलेक्शन, हिट हो सकती है फिल्म?

आलिया भट्ट और शरवरी स्टारर स्पाई-यूनिवर्स की पहली फीमेल लीड फिल्म 'अल्फा' ने बॉक्स ऑफिस पर अपना पहला वीकेंड पूरा कर लिया है. इसका वीकेंड कलेक्शन 'राजी' से भी ज्यादा रहा है, जो आलिया की बड़ी सोलो हिट थी. क्या ये 'अल्फा' के भी हिट होने का इशारा है? या अभी भी 'अल्फा' के सामने रिस्क है? चलिए बताते हैं.

Advertisement
X
 'अल्फा' की पहले वीकेंड में दमदार शुरुआत (Photo: ITGD)
'अल्फा' की पहले वीकेंड में दमदार शुरुआत (Photo: ITGD)

स्पाई यूनिवर्स की पहली फीमेल लीड फिल्म अल्फा काफी चर्चाओं के बीच शुक्रवार को थिएटर्स में पहुंची थी. संडे के कलेक्शन के साथ अल्फा ने बॉक्स ऑफिस पर पहला वीकेंड पूरा कर लिया है. वीकेंड का हासिल ये है कि आलिया भट्ट और शरवरी की ये फिल्म वीकेंड में जनता को थिएटर्स लाने में तो कामयाब साबित हुई. मगर अब सवाल दूसरा है— क्या इस रफ्तार से अल्फा हिट बन सकती है?

अल्फा का वीकेंड कलेक्शन

आलिया की फिल्म ने शुक्रवार को 9.25 करोड़ नेट कलेक्शन के साथ बॉक्स ऑफिस पर खाता खोला था. अल्फा के रिव्यू मिले-जुले थे और जनता का वर्ड ऑफ माउथ भी मिक्स ही था, लेकिन एक्शन फ्रेंचाइजी होने का फायदा फिल्म को मिलता नजर आया और शनिवार को करीब 24% का एक अच्छा जंप भी देखने को मिला. दूसरे दिन का कलेक्शन 11.50 करोड़ पहुंचा.

अब सैकनिल्क का डेटा बताता है कि संडे को अल्फा ने बॉक्स ऑफिस पर 15% के ठीक-ठाक जंप के साथ 13.25 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन किया है. यानी पहले वीकेंड में आलिया की फिल्म ने कुल 34 करोड़ रुपये का नेट कलेक्शन कर डाला है.

आलिया की सोलो फिल्मों के वीकेंड कलेक्शन

बॉलीवुड में आलिया आज के दौर में बिना हीरो सबसे बड़ी हिट्स देने वाली एक्ट्रेस हैं. करियर की दूसरी ही फिल्म हाईवे (2014) से उन्होंने सोलो हिट्स देनी शुरू कर दी थीं. बिना हीरो वाली उनकी फिल्मों के टॉप वीकेंड कलेक्शन में अल्फा ने भी जगह बना ली है. आलिया की सोलो फिल्मों के टॉप वीकेंड कलेक्शन की लिस्ट देखें:

Advertisement
  1. गंगूबाई काठियावाड़ी- 39.12 करोड़

  2. अल्फा- 34 करोड़

  3. राजी- 33 करोड़

  4. डियर जिंदगी- 32.50 करोड़

  5. हाईवे- 14 करोड़

अल्फा का वीकेंड कलेक्शन राजी से ज्यादा हुआ है और गंगूबाई काठियावाड़ी से कम. इन दोनों ही फिल्मों का लाइफटाइम कलेक्शन 120-130 करोड़ के बीच रहा था, लेकिन अल्फा के मुकाबले इन दोनों फिल्मों का वर्ड ऑफ माउथ बहुत तगड़ा था. अल्फा के लिए वर्ड ऑफ माउथ बहुत दमदार नहीं नजर आ रहा.

ऐसे में आलिया की नई फिल्म का असली टेस्ट सोमवार को होना है. मंडे को अल्फा के कलेक्शन और ऑक्यूपेंसी से तय होगा कि आने वाले दिनों में ये फिल्म क्या कमाल करेगी. तगड़ी ओटीटी डील्स के दौर में आजकल बॉक्स ऑफिस का स्टैंडर्ड गणित ये है कि अगर बॉक्स ऑफिस से बजट 65% रिकवर हो जाता है तो फिल्म कामयाब मान ली जाती है.

इस हिसाब से 125 करोड़ के रिपोर्टेड बजट में बनी अल्फा अगर 85 करोड़ तक कलेक्शन कर लेती है तो बॉक्स ऑफिस पर सक्सेसफुल कहलाएगी. पहले वीकेंड में 34 करोड़ कमा चुकी अल्फा को अभी कम से कम 50 करोड़ और कमाने हैं. फिल्म में इतना दम है या नहीं, ये मंडे को पता चल जाएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement