पश्चिम बंगाल में रत्ना देबनाथ को भारतीय जनता पार्टी ने पनिहाटी विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया है. शुरुआती रुझानों में वह बढ़त बनाती नजर आ रही हैं. अब तक हुई मतगणना के अनुसार रत्ना देबनाथ करीब 3000 वोटों से आगे चल रही हैं. हालांकि मुकाबला बेहद कांटे का बना हुआ है, क्योंकि तृणमूल कांग्रेस के उम्मीदवार तीर्थाकंर उन्हें कड़ी टक्कर दे रहे हैं.
पनिहाटी सीट इस बार खासा चर्चा में है, क्योंकि यहां चुनावी मुकाबला केवल राजनीतिक नहीं बल्कि भावनात्मक मुद्दों से भी जुड़ा हुआ है. रत्ना देबनाथ को आरजीकर मामले की पीड़िता की मां होने के कारण जनता के बीच एक अलग पहचान मिली है. बीजेपी ने उन्हें उम्मीदवार बनाकर इस सीट पर बड़ा दांव खेला है. पार्टी को उम्मीद है कि सहानुभूति और न्याय की मांग जैसे मुद्दे वोटों में तब्दील हो सकते हैं.
टीएमसी उम्मीदवार तीर्थाकंर दे रहे हैं कड़ी टक्कर
दूसरी ओर, तृणमूल कांग्रेस अपने मजबूत संगठन और स्थानीय नेटवर्क के दम पर इस सीट को बचाने की पूरी कोशिश में है. टीएमसी उम्मीदवार तीर्थाकंर लगातार जमीनी स्तर पर सक्रिय रहे हैं और उन्हें पार्टी के परंपरागत वोट बैंक का समर्थन मिल रहा है. यही वजह है कि शुरुआती बढ़त के बावजूद मुकाबला पूरी तरह एकतरफा नहीं दिख रहा है.
पनिहाटी सीट पर यह मुकाबला केवल एक विधानसभा क्षेत्र तक सीमित नहीं है, बल्कि राज्य की व्यापक राजनीतिक दिशा का संकेत भी माना जा रहा है. अगर रत्ना देबनाथ अपनी बढ़त बनाए रखने में सफल रहती हैं, तो यह बीजेपी के लिए एक महत्वपूर्ण जीत साबित हो सकती है. वहीं, अगर टीएमसी वापसी करती है, तो यह उसके संगठनात्मक मजबूती का प्रमाण होगा. फिलहाल सभी की नजरें मतगणना के अंतिम नतीजों पर टिकी हुई हैं, जो तय करेंगे कि पनिहाटी की जनता ने किसे अपना प्रतिनिधि चुना है.
पश्चिम बंगाल में टीएमसी ने बीजेपी की सीटों की लीड कम की है. बीजेपी 141 सीटों पर आगे चल रही है. वहीं, टीएमसी के उम्मीदवार अब 135 सीटों पर आगे आ गए हैं. पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी ने रुझानों में बड़ी लीड के बाद सभी सनातनी, सभी हिंदू मतदाताओं को धन्यवाद दिया है. उन्होंने कहा है कि पहले राउंड में मुस्लिम बाहुल्य बूथ थे, ममता बनर्जी आगे निकल गई थीं. भवानीपुर के हिंदू बाहुल्य बूथ की ईवीएम खुली, तो हमने अंतर कवर करते हुए बढ़त बना ली. तीन, चार, पांच, छह बूथ मुस्लिम बाहुल्य हैं. इन बूथों पर ममता बनर्जी लीड करेंगी. सात, आठ, नौ और 10 हिंदू बाहुल्य बूथ हैं. यहां फिर से अंतर कम कर लीड ले लूंगा.
(इनपुट- दीपक देबनाथ)