पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव चल रहे हैं. चुनावी मौसम में पड़े रामनवमी के त्योहार पर राजधानी कोलकाता में रैलियों की बहार है. कोलकाता पुलिस के मुताबिक राजधानी में ही रामनवमी के मौके पर 60 से 70 शोभायात्रा निकाले जाने की सूचना आई है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के निर्वाचन क्षेत्र भवानीपुर में पहली बार रामनवमी पर शोभायात्रा निकल रही है. भवानीपुर से भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी की अगुवाई में शोभायात्रा निकली है.
जानकारी के मुताबिक भवानीपुर में पहली बार रामनवमी के मौके पर शोभायात्रा निकली है. मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और विपक्ष के नेता सुवेंदु अधिकारी की चुनावी फाइट के कारण सूबे की सबसे हॉट विधानसभा सीट बनी भवानीपुर में शोभायात्रा को लेकर पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त सतर्कता बरती. सुवेंदु अधिकारी की अगुवाई में निकली शोभायात्रा के दौरान बड़ी संख्या में पुलिसकर्मी तैनात किए गए थे. शोभायात्रा के लिए तय मार्ग पर पुलिस प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई थी.
भवानीपुर में रामनवमी पर शोभायात्रा में सुवेंदु अधिकारी ने कहा कि बंगाल में इस बार राम राज्य होगा. उन्होंने दावा किया कि सभी लोग राम राज्य चाहते हैं. पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता ने घुसपैठियों को भगाने का नारा देते हुए कहा कि बेरोजगारी खतम होनी चाहिए. महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित होने के साथ ही प्रदेश में सुशासन होना चाहिए. शुभेंदु अधिकारी की अगुवाई में निकली शोभायात्रा में बड़ी संख्या में बीजेपी के समर्थक शामिल हुए.
यह भी पढ़ें: Ram Navami 2026 Rashifal: रामनवमी इन राशियों के लिए रहेगा लाभकारी, मिलेगी व्यापार में खुशखबरी
खड़गपुर में दिलीप घोष ने निकाली शोभायात्रा
बीजेपी के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष दिलीप घोष ने भी खड़गपुर में रामनवमी के मौके पर शोभायात्रा निकाली. दिलीप घोष खड़गपुर सदर विधानसभा सीट से बीजेपी के उम्मीदवार हैं. दिलीप घोष ने इस मौके पर आरोप लगाया कि पुलिस के लोग ही चुनाव को प्रभावित करते हैं. उन्होंने पुलिस पर मतदाताओं को डराने, पर्जी मतदाताओं को मतदान का मौका देने के आरोप भी लगाए. दिलीप घोष ने इस मौके पर कहा कि पुलिस को बूथ में नहीं आने देना चाहिए. बूथ पर केंद्रीय बल होने चाहिए, तभी स्वतंत्र और निष्पक्ष चुनाव संभव हैं.
यह भी पढ़ें: रात दो बजे खुल जाएंगे कपाट, 18 हजार किलो नैवेद्यम लड्डू... रामनवमी के लिए पटना के महावीर मंदिर में खास तैयारी
हावड़ा में वीएचपी की शोभायात्रा
कोलकाता से सटे हावड़ा में विश्व हिंदू परिषद की ओर से शोभायात्रा निकाली जा रही है. इस शोभायात्रा के लिए कोर्ट ने मंजूरी दे दी थी. वीएचपी को उसी रूट पर शोभायात्रा निकालने की मंजूरी दे दी थी, जिस रूट पर पिछले साल शोभायात्रा निकाली गई थी. कोलकाता के हेस्टिंग्स, खिदिरपुर, रामलीला मैदान के साथ ही बीटी रोड इलाके के चिरियामोड़ से भी शोभायात्रा निकली. बागबाजार और बोंडेल ब्रिज से भी शोभायात्रा निकाले जाने की सूचना है.