बोडोलैंड पीपुल्स फ्रंट की प्रत्याशी सेवली महिलारी ने असम के कोकराझार निर्वाचन क्षेत्र से अपना नामांकन दाखिल कर दिया है. उन्होंने अपने चुनावी हलफनामे में 54.04 करोड़ रुपये की कुल विशाल संपत्ति का ब्यौरा दिया है. चुनावी हलफनामे के अनुसार, उनके पास 37 बैंक खाते और 32 वाहनों का बड़ा काफिला है.
चुनावी हलफनामे के मुताबिक, सेवली के 37 बैंक खातों में 5.26 करोड़ रुपये जमा हैं और उनके पास 16 टिपर ट्रक व चार ट्रैक्टर समेत कुल 32 गाड़ियां शामिल हैं. उनकी कुल चल संपत्ति में 12.59 करोड़ रुपये की मशीनरी और 20.03 करोड़ रुपये की अचल संपत्ति भी है. दिलचस्प बात ये है कि उनके पति हाग्रामा महिलारी की कुल संपत्ति उनसे काफी कम, मात्र 9.17 करोड़ रुपये है.
अजमल सबसे अमीर प्रत्यशी
वहीं, सेवली महिलारी के पास 12 करोड़ रुपये से अधिक मूल्य के वाहन हैं. उनकी अचल संपत्ति में कई कृषि भूमि और कमर्शियल इमारतें शामिल हैं.
हालांकि, वह संपत्ति के मामले में एआईयूडीएफ प्रमुख बदरुद्दीन अजमल से काफी पीछे हैं. इत्र कारोबारी अजमल ने 222.34 करोड़ रुपये की संपत्ति घोषित की है. अजमल के पास मुंबई और असम के आठ बैंक खातों में 52.43 करोड़ रुपये नकद और 2.17 करोड़ की गाड़ियां हैं.
CM हिमंत के पास नहीं है कार
उधर, मुख्यमंत्री हिमंत बिस्वा सरमा की संपत्ति का ब्यौरा भी चर्चाओं में है. उनकी और उनकी पत्नी रिनिकी भुयान सरमा की संयुक्त आय 2021 के 17.27 करोड़ से बढ़कर 2026 में 35.16 करोड़ रुपये हो गई है.
मुख्यमंत्री ने हलफनामे में बताया है कि उनके पास अपनी कोई गाड़ी नहीं है, जबकि उनकी पत्नी के पास 2018 मॉडल की एक एसयूवी है. मुख्यमंत्री की आय का एकमात्र स्रोत उनका वेतन है.
मुख्यमंत्री पर भी है कर्ज
मुख्यमंत्री सरमा के हलफनामे में एक रोचक बात ये है कि उन्होंने अपने बचपन के दोस्त और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया से लिया गया 2 लाख रुपये का कर्ज अभी तक नहीं चुकाया है.
वहीं, उनकी पत्नी पर भी सैकिया का एक लाख रुपये का पुराना कर्ज बकाया है. ये कर्ज पिछले पांच सालों से उनके हलफनामे में दर्ज है. असम की राजनीति में इन अमीर उम्मीदवारों के बीच ये "उधार" चर्चा का विषय बना हुआ है.