scorecardresearch
 

नर्सरी स्कूल में 5 साल के बच्चे को क्लास मॉन‍िटर ने 10 मिनट तक पीटा, स्कूल ने नि‍काला

लखनऊ के एक प्राइवेट स्कूल में नर्सरी के पांच वर्षीय छात्र के साथ क्लास मॉनिटर द्वारा बेरहमी से मारपीट का मामला सामने आया है. शिक्षक की अनुपस्थिति में करीब 10 मिनट तक बच्चे को पीटा गया, जिसकी पूरी घटना सीसीटीवी में कैद है. स्कूल प्रबंधन ने आरोपी छात्रा को निष्कासित कर दिया है और पुलिस जांच जारी है. परिजन स्कूल की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठा रहे हैं.

Advertisement
X
प्रतीकात्मक फोटो (AI Generated Photo)
प्रतीकात्मक फोटो (AI Generated Photo)

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से एक बेहद हैरान करने वाला और विचलित करने वाला मामला सामने आया है, जिसने स्कूलों में बच्चों की सुरक्षा और प्रबंधन की लापरवाही पर एक बार फिर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. लखनऊ के पीजीआई थाना क्षेत्र के वृंदावन सेक्टर-6 स्थित एक नामी प्राइवेट स्कूल में नर्सरी के पांच वर्षीय छात्र के साथ उसके क्लास मॉनिटर द्वारा बेरहमी से मारपीट का कथित मामला सामने आया है. इस घटना के बाद से मासूम के परिजन गहरे सदमे में हैं.

शिक्षक की गैरमौजूदगी में 10 मिनट तक चला 'टॉर्चर'
पीड़ित परिवार का आरोप है कि क्लास में जब शिक्षक (टीचर) मौजूद नहीं थे, तब क्लास मॉनिटर (छात्रा) ने उनके पांच साल के मासूम बेटे पर हमला कर दिया. आरोप है कि  मॉनिटर ने करीब 10 मिनट तक मासूम बच्चे को बेरहमी से थप्पड़ मारे, घूंसे बरसाए और उसके बाल तक नोचे.

इस अचानक हुए हमले में मासूम बच्चा खुद को बचा नहीं सका और उसके चेहरे व कान पर गंभीर सूजन आ गई. घर पहुंचने पर जब बच्चे की हालत देखी, तो परिजनों के होश उड़ गए.

CCTV में कैद हुई पूरी वारदात
घटना की जानकारी मिलते ही सहमे हुए परिजन तुरंत स्कूल पहुंचे और प्रबंधन से क्लास की CCTV फुटेज दिखाने की मांग की. परिजनों का दावा है कि सीसीटीवी फुटेज में साफ दिख रहा है कि किस तरह शिक्षक की अनुपस्थिति में मॉनिटर बच्चे को बेरहमी से पीट रही थी.

Advertisement

स्कूल प्रबंधन की इस घोर लापरवाही से नाराज और आहत होकर पीड़ित के पिता ने तुरंत अपने बच्चे का नाम उस स्कूल से कटवा लिया है. उनका कहना है कि जहां बच्चा सुरक्षित ही नहीं है, वहां उसे कैसे पढ़ाया जाए.

आरोपी छात्रा निष्कासित, पुलिस जांच में जुटी
मामला बढ़ने और सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद स्कूल प्रशासन ने भी कार्रवाई की बात कही है. स्कूल प्रबंधन का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद उन्होंने आरोपी छात्रा को स्कूल से निष्कासित करने का फैसला लिया है. पीड़ित के पिता ने स्कूल प्रबंधन पर लापरवाही के गंभीर आरोप लगाते हुए पीजीआई थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है.

इस पूरे मामले पर स्थानीय पुलिस का कहना है कि उन्हें पीड़ित परिवार की तरफ से शिकायत मिल गई है. पुलिस की एक टीम स्कूल की सीसीटीवी फुटेज को कब्जे में लेकर उसकी गहनता से जांच कर रही है. जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement