UP Police Constable Recruitment 2023: यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती 2023 के ऑनलाइन आवेदन 14 दिसंबर 2023 से शुरू हो चुके हैं. उत्तर प्रदेश पुलिस (कुशल खिलाड़ियों) की भर्ती और बिना पारी पद्दोन्नति नियमावली 2021 के अधीन यूपी पुलिस में कॉन्स्टेबल (स्पोर्ट्स कोटा) के कुल 546 पद भरे जाएंगे. इच्छुक और योग्य उम्मीदवार उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड (UPPBPB) की आधिकारिक वेबसाइट uppbpb.gov.in पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं.
यूपी पुलिस कॉन्स्टेबल भर्ती 2023 नोटिफिकेशन के अनुसार, ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 14 दिसंबर से 01 जनवरी 2024 तक चलेगी. कुल 546 पदों के लिए स्पोर्ट्स कोटा के माध्यम से भर्ती की जाएगी. इनमें 350 रिक्तियां पुरुष उम्मीदवारों के लिए हैं और 196 रिक्तियां महिला उम्मीदवारों के लिए हैं. खेल विधा के हिसाब से खाली पदों की डिटेल्स नोटिफिकेशन में चेक कर सकते हैं.
कौन कर सकता है आवेदन?
किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से 12वीं पास होना जरूरी है. इसके अलावा, राष्ट्रीय खेल, राष्ट्रीय चैंपियनशिप (जूनियर/सीनियर), फेडरेशन कप (राष्ट्रीय जूनियर/सीनियर), अखिल भारतीय अंतर-राज्य चैंपियनशिप (सीनियर), अखिल भारतीय अंतर-विश्वविद्यालय टूर्नामेंट, विश्व स्कूल खेल अंडर-19, राष्ट्रीय स्कूल खेल अंडर-19, और अखिल भारतीय पुलिस खेल प्रतियोगिता सहित विभिन्न खेल आयोजनों में सक्रिय रूप से भाग लिया हो. अभ्यर्थियों की आयु 18 वर्ष से 22 वर्ष के बीच होनी चाहिए. हालांकि विशेष परिस्थितियों में पुलिस महानिदेश, यूपी द्वारा आरक्षी पद के लिए न्यूनतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी.
आवेदन शुल्क
उम्मीदवारों को 400 रुपये का आवेदन शुल्क देना होगा, जिसका भुगतान डेबिट कार्ड, क्रेडिट कार्ड या नेट बैंकिंग के माध्यम से किया जा सकता है.
चयन प्रक्रिया
कॉन्स्टेबल पद के लिए चयन प्रक्रिया में फिजिकल टेस्ट और खेल में उनके प्रदर्शन के आधार पर उम्मीदवारों का मूल्यांकन करना शामिल है. इसके बाद दस्तावेज सत्यापन और चिकित्सा परीक्षा होगी. केवल वे उम्मीदवार जो प्रारंभिक चरण में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे, उन्हें कॉन्स्टेबल के रूप में नियुक्ति के लिए शॉर्टलिस्ट किया जाएगा.