यूट्यूब की वर्चुअल दुनिया में अपनी लाइफस्टाइल वीडियो से पहचान बनाने वाली 21 वर्षीय बोनू कोमाली ने खुदकुशी कर ली. हैदराबाद के मणिकोंडा इलाके में स्थित उसके फ्लैट में उसका शव बरामद हुआ है. पुलिस को उसके घर से एक इमोशनल नोट मिला है, जो उसकी डायरी में दर्ज है. इससे अंदेशा लगाया जा रहा है कि प्रेम प्रसंग में ब्रेकअप के सदमे के कारण उसने आत्मघाती कदम उठाया.
मूल रूप से विशाखापत्तनम की रहने वाली बोनू कोमाली हैदराबाद में ग्रेजुएशन कर रही थी. इसके साथ यूट्यूब पर काफी सक्रिय थी. पुलिस को मिली डायरी से पता चल है कि वो पिछले 37 दिनों से गहरे मानसिक तनाव में थी. 21 फरवरी को अपनी डायरी में वो लिखती है, ''मुश्किल है, लेकिन उन्हें अपने दिल में सुरक्षित रखना, सबसे बहादुरी भरा काम है, जो आप कभी करेंगे. आई एम मिसिंग यू मैन.''
इन लाइनों से साफ है कि बोनू कोमली अपने एक्स-बॉयफ्रेंड से बहुत प्यार करती थी. उनके बीच अब दूरी बन चुकी है. लेकिन वो अपने प्रेमी को भुला नहीं पा रही थी. वो नोट में आगे लिखती है...
''मैं अपनी जिंदगी में आगे बढ़ने से डरती हूं, क्योंकि क्या पता वो वापस आ जाए? मुझे पता है कि मुझे उसे छोड़ देना चाहिए. मुझे पता है कि वह मेरा नहीं है, मुझे पता है कि वह रुकने की कोशिश भी नहीं कर रहा. लेकिन मेरा एक छोटा सा हिस्सा, अब भी उसका इंतजार करता है, अब भी उम्मीद करता है, अब भी कल्पना करता है कि एक दिन वह मुझे चुनेगा. और यही वजह है कि आगे बढ़ना नामुमकिन सा लगता है, क्योंकि क्या पता जिस पल मैं सच में दूर चली जाऊं, वो मुड़कर मुझे ढूंढने लगे?''

कमरे से बरामद नोट में बोनू कोमली ने अपनी आखिरी इच्छाएं और जज्बात जाहिर किए हैं. उसकी मां कुवैत में काम करती हैं. इस घटना वाले दिन सुबह उसने अपनी मां को एक बेहद भावुक संदेश भेजा था. इस आखिरी मैसेज में उसने लिखा था, ''मैं आपसे बहुत प्यार करती हूं मां, आप अपना और छोटे भाई का बहुत ख्याल रखना. इसे पढ़ते ही मां परेशान हो गई. उनको अनहोनी की आशंका होने लगी.
मां ने कुवैत से बोनू को फोन करना शुरू कर दिया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला. इसके बाद उन्होंने हैदराबाद में रहने वाले एक दोस्त को घर भेजा, जहां दरवाजा अंदर से बंद था. इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई. रायदुर्गम थाने की पुलिस ने मौके पर पहुंची. कमरे का दरवाजा तोड़ा गया, तो अंदर बोनू का शव मिला. पुलिस ने उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए उस्मानिया हॉस्पिटल भेज दिया.

एक पुलिस अधिकारी के मुताबिक, बोनू कोमाली पिछले कुछ महीनों से तनाव में थी. उसके मोबाइल फोन का डेटा, कॉल रिकॉर्ड और सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच की जा रही है. इसके साथ ही उसके दोस्तों और रिश्तेदारों से भी पूछताछ की जा रही है. उसकी मां को उसके खुदकुशी की सूचना दे दी गई है. पुलिस इस मामले के पीछे की हर स्थिति को समझने की कोशिश कर रही है.
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, बोनू कोमाली ने अपने एक्स-बॉयफ्रेंड से हाल ही में संपर्क किया था. उसे मिलने के लिए अपने फ्लैट पर बुलाया था. उसके अपार्टमेंट के एक सीसीटीवी में उनकी मुलाकात कैद है. इसमें देखा जा सकता है कि वो दरवाजे पर खड़ी है और उसका एक्स-बॉयफ्रेंड चुपचाप मुड़कर चला जाता है. इस मुलाकात के दौरान बोनू ने सुलह की कोशिश की थी, लेकिन इसमें वो नाकाम रही.