पुणे के केतन अग्रवाल की हत्या मामले में जांच के दौरान बड़ा खुलासा सामने आया है. पुलिस को शक है कि आरोपी सिया गोयल और उसके प्रेमी चेतन चौधरी ने हत्या से कुछ महीने पहले ही गुपचुप शादी कर ली थी. फिलहाल पुलिस इस दावे की पुष्टि करने और यह पता लगाने में जुटी है कि क्या उनकी शादी कानूनी रूप से रजिस्टर्ड भी थी.
पुणे ग्रामीण पुलिस के मुताबिक, 20 वर्षीय सिया गोयल और 22 वर्षीय चेतन चौधरी पर 25 वर्षीय केतन अग्रवाल की हत्या का आरोप है. पुलिस का कहना है कि दोनों ने 18 जून को पुणे जिले के लोहागढ़ किले की चट्टान से धक्का देकर केतन की हत्या कर दी थी. केतन और सिया की शादी इसी साल नवंबर में होने वाली थी.
चैट से गहराई आशंका
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल फोन और डिजिटल रिकॉर्ड की जांच की. अधिकारियों के अनुसार, सिया और चेतन के बीच हुई चैट से संकेत मिले हैं कि दोनों ने पहले ही गुप्त रूप से शादी कर ली थी. इसके अलावा पुलिस को कुछ अन्य जानकारियां भी मिली हैं, जिनमें उनके शादीशुदा होने का दावा किया गया है. हालांकि, इसकी आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है.
पुलिस अब यह भी जांच रही है कि अगर दोनों ने शादी की थी तो क्या उसका कानूनी रजिस्ट्रेशन कराया गया था. इसके लिए संबंधित दस्तावेजों और रिकॉर्ड की पड़ताल की जा रही है.
सिया और चेतन के बीच केतन बन रहा था बाधा
जांच एजेंसियों का मानना है कि सिया और चेतन के रिश्ते में केतन अग्रवाल सबसे बड़ी बाधा बन रहा था. इसी वजह से दोनों ने कथित तौर पर उसकी हत्या की साजिश रची. पुलिस का दावा है कि आरोपियों ने वारदात को अंजाम देने से पहले इसकी पूरी योजना बनाई थी और घटना से पहले इसका रिहर्सल भी किया था. फिलहाल सिया गोयल और चेतन चौधरी न्यायिक हिरासत में हैं. पुलिस डिजिटल सबूतों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की गहन जांच कर रही है.