पंचकूला में गोलीबारी एक बड़ी आपराधिक वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी. बुधवार देर रात नगर निगम वार्ड-1 की पार्षद के देवर रतन लुबाना पर जानलेवा हमला किया गया. बताया जा रहा है कि इस हमले को गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े शूटरों ने अंजाम दिया. घटना के बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हुई, जिसमें दोनों आरोपी घायल होने के बाद गिरफ्तार कर लिए गए.
जानकारी के अनुसार, रतन लुबाना बुधवार रात करीब 12 बजे सेक्टर-5 स्थित स्विस लाउंज से बाहर निकल रहे थे. इसी दौरान पल्सर बाइक पर सवार दो बदमाश वहां पहुंचे और उन पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हमलावर पूरी तैयारी के साथ मौके पर पहुंचे थे.
हमले के दौरान बदमाशों ने करीब 8 राउंड गोलियां चलाईं. इस फायरिंग में एक गोली रतन लुबाना को लग गई, जिससे वह घायल हो गए. बताया गया है कि फायरिंग करते समय बदमाश पिस्टल दोबारा लोड कर रहे थे, तभी उनके दो कारतूस मौके पर गिर गए. वारदात को अंजाम देने के बाद दोनों आरोपी यमुनानगर हाईवे की दिशा में फरार हो गए.
घटना के समय संयोग से डिटेक्टिव स्टाफ का एक जवान भी मौके पर मौजूद था. उसने तुरंत बदमाशों का पीछा किया और पुलिस कंट्रोल रूम को सूचना दी. इसके बाद डिटेक्टिव टीम, क्राइम ब्रांच-26 और एंटी नारकोटिक्स सेल सक्रिय हो गए. पुलिस ने संभावित भागने के रास्तों पर नाकाबंदी शुरू कर दी और बदमाशों की तलाश तेज कर दी.
पुलिस ने पंचकूला के मट्टावाला फ्लाईओवर के पास नाकाबंदी की. इसी दौरान भाग रहे बदमाशों ने पुलिस टीम पर भी फायरिंग कर दी. आरोपियों ने बेला बिस्टा चौक और नाडा साहिब क्षेत्र में पुलिस वाहन को निशाना बनाया. हालांकि इस हमले में पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गया और किसी पुलिसकर्मी को गंभीर चोट नहीं आई.
इसके बाद पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ शुरू हो गई. पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों शूटरों के घुटनों में गोलियां लगीं, जिसके बाद उन्हें काबू कर लिया गया. गिरफ्तारी के बाद दोनों घायलों को पंचकूला के सरकारी अस्पताल ले जाया गया. उनकी हालत गंभीर होने के कारण बाद में उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया गया.
पुलिस जांच में गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पंजाब के लुधियाना निवासी जसविंदर और होशियारपुर निवासी हरप्रीत के रूप में हुई है. दोनों पर गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा गैंग से जुड़े होने का आरोप है. पुलिस के मुताबिक जसविंदर के खिलाफ पहले से हत्या के प्रयास के दो मामले दर्ज हैं. आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड और गैंग से संबंधों की भी जांच की जा रही है.
पुलिस का कहना है कि पूरी वारदात और पीछा करने के दौरान आरोपियों ने कुल मिलाकर करीब 18 राउंड फायरिंग की. उनके कब्जे से दो सेमी-ऑटोमैटिक पिस्टल भी बरामद की गई हैं. इस घटना में रतन लुबाना के अलावा एक स्थानीय व्यक्ति भी घायल हुआ है. फिलहाल, पुलिस हमले के पीछे की साजिश, गैंग के नेटवर्क और हमले के मकसद का पता लगाने के लिए गहन जांच कर रही है.