scorecardresearch
 

दिल्ली में एनकाउंटर के बाद पकड़ा गया हाशिम बाबा गैंग का शूटर, दिवाली की रात हुए डबल मर्डर में था वांटेड

दिल्ली के शास्त्री पार्क में मुठभेड़ के बाद हाशिम बाबा गैंग का शूटर आमिर उर्फ सलीम पुलिस के हत्थे चढ़ गया. आरोपी 2024 के शाहदरा डबल मर्डर केस में वांटेड था और उसके खिलाफ 14 से ज्यादा आपराधिक मामले दर्ज हैं. पढ़ें पूरी कहानी.

Advertisement
X
गोली लगने के बाद पुलिस ने आमिर को पकड़ लिया (फोटो-ITG)
गोली लगने के बाद पुलिस ने आमिर को पकड़ लिया (फोटो-ITG)

दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच को एक बड़ी सफलता मिली है. करीब दो साल से फरार चल रहा हाशिम बाबा गैंग का शूटर आमिर उर्फ सलीम पुलिस के हत्थे चढ़ गया. शास्त्री पार्क इलाके में हुई मुठभेड़ के दौरान उसके पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया. आरोपी पर 2024 में दिवाली की रात हुए चर्चित डबल मर्डर का आरोप है, जिसकी तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर भी खूब वायरल हुए थे.

दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच की टीम को सोमवार देर रात सूचना मिली थी कि हाशिम बाबा गैंग का सक्रिय सदस्य आमिर शास्त्री पार्क इलाके में आने वाला है. सूचना के आधार पर पुलिस ने शास्त्री पार्क मेट्रो डिपो के पास जाल बिछाया. रात करीब 10:48 बजे संदिग्ध को देखा गया और उसे रुकने का इशारा किया गया.

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, खुद को घिरा देखकर आमिर ने कथित तौर पर पिस्टल निकाल ली और पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी. जवाबी कार्रवाई में हेड कांस्टेबल मनोज ने आत्मरक्षा में गोली चलाई. इस दौरान आमिर के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया. मुठभेड़ के बाद घायल आरोपी को तुरंत अस्पताल ले जाया गया. 

पुलिस ने उसके कब्जे से एक पिस्टल, चार जिंदा कारतूस और चार खाली खोखे बरामद किए हैं. फिलहाल, उसका इलाज कराया गया और बाद में उसे कानूनी प्रक्रिया के तहत गिरफ्तार कर लिया गया.

Advertisement

पुलिस के अनुसार, आमिर उर्फ सलीम वर्ष 2024 के चर्चित डबल मर्डर केस में वांटेड था. 31 अक्टूबर 2024 को दिवाली की रात शाहदरा के फर्श बाजार इलाके में आकाश शर्मा उर्फ छोटू और उनके भतीजे ऋषभ शर्मा की उनके घर के बाहर गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस वारदात ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी.

इस हमले में आकाश शर्मा का बेटा कृष भी गोली लगने से घायल हो गया था. घटना उस समय हुई जब परिवार दिवाली का जश्न मना रहा था. अचानक हुई ताबड़तोड़ फायरिंग से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए थे.

डबल मर्डर की पूरी घटना आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गई थी. बाद में यह फुटेज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुई थी. पुलिस ने उसी मामले की जांच के दौरान आमिर की भूमिका की पहचान की और उसकी तलाश शुरू की थी.

पुलिस के मुताबिक, आमिर पिछले करीब दो साल से फरार चल रहा था और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा था. कई बार पुलिस उसकी तलाश में छापेमारी भी कर चुकी थी, लेकिन वह गिरफ्तारी से बच निकलता था. आखिरकार खुफिया सूचना के आधार पर उसे शास्त्री पार्क में पकड़ लिया गया.

Advertisement

जांच एजेंसियों के अनुसार, आमिर 14 से अधिक आपराधिक मामलों में शामिल रहा है. उसके खिलाफ गंभीर अपराधों के कई मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस अब उसके अन्य अपराधों में संभावित रोल, हाशिम बाबा गैंग के नेटवर्क और उसके सहयोगियों की पहचान करने में जुटी है. इस मामले में आगे की जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement