गैंगस्टर दीपक नांदल का नाम पिछले कुछ कुछ सालों में कई हाई-प्रोफाइल मामलों में सामने आया है. जिनमें हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया पर हमला, उनके अकाउंटेंट की हत्या, मैनेजर के घर फायरिंग, गुरुग्राम के MNR बिल्डर के दफ्तर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाना, कारोबारियों और बिल्डरों से रंगदारी मांगना, हाल ही में दिल्ली के सूफी गायक बिस्मिल से कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगना शामिल है.
पुलिस और जांच एजेंसियों का दावा है कि दीपक नांदल भारत छोड़कर विदेश में बैठा है और वहीं से अपने गैंग का संचालन कर रहा है. हालांकि कई घटनाओं के बाद सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने वाले पोस्ट सामने आए हैं.
म्यूजिक इंडस्ट्री से अपराध की दुनिया तक
दीपक नांदल कभी हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम था. वह म्यूजिक प्रोड्यूसर, रैपर और परफॉर्मर के रूप में सक्रिय रहा. 'हरियाणा रोडवेज', '2 Many Girls' और 'कर गई चुल' जैसे गानों से उसका नाम जुड़ा रहा.
विवादों से गहरा नाता
दीपक नांदल का नाम सिर्फ म्यूजिक इंडस्ट्री तक सीमित नहीं रहा. साल 2019 में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दीपक कलाल के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था. उस मामले में भी दीपक नांदल का नाम सामने आया था. आरोप था कि फाजिलपुरिया के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों से नाराज होकर यह हमला किया गया था.
विदेश से गैंग ऑपरेट करने का आरोप
हरियाणा पुलिस और STF के अनुसार, किसी आपराधिक मामले में नाम आने के बाद दीपक नांदल भारत छोड़कर विदेश भाग गया. जांच एजेंसियों का दावा है कि वह पहले दुबई और बाद में ब्रिटेन पहुंचा, जहां से सोशल मीडिया, इंटरनेट कॉलिंग और अपने सहयोगियों के जरिए गैंग संचालित कर रहा है. पुलिस का आरोप है कि उसके नेटवर्क का इस्तेमाल रंगदारी, फायरिंग, हत्या और आपराधिक साजिशों को अंजाम देने के लिए किया जा रहा है.
कारोबारियों और बिल्डरों को बनाया निशाना
पुलिस जांच के मुताबिक, दीपक नांदल गैंग पर कारोबारियों, बिल्डरों और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों से रंगदारी मांगने के आरोप हैं. कई मामलों में वारदात के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जिम्मेदारी लेने के दावे भी सामने आए.
राहुल फाजिलपुरिया पर हमला
साल 2025 में राहुल फाजिलपुरिया पर हुए हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई थी, जिसमें सुनील सरधानिया, दीपक नांदल और इंद्रजीत यादव के नाम से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था. पोस्ट में आरोप लगाया गया कि राहुल फाजिलपुरिया ने दीपक नांदल से 5 करोड़ रुपये लिए थे और वापस नहीं किए. पोस्ट में यह भी धमकी दी गई थी कि पैसे नहीं लौटाए गए तो हर महीने फाजिलपुरिया के एक करीबी को निशाना बनाया जाएगा.
अकाउंटेंट रोहित शौकीन की हत्या
अगस्त 2025 में राहुल फाजिलपुरिया के अकाउंटेंट रोहित शौकीन की गुरुग्राम में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इस हत्याकांड की जिम्मेदारी भी सोशल मीडिया पर दीपक नांदल के नाम से लिए जाने का दावा किया गया था.
फाजिलपुरिया के मैनेजर के घर फायरिंग
हाल ही में गुरुग्राम के कन्हाई गांव में राहुल फाजिलपुरिया के मैनेजर सौरभ यादव के घर फायरिंग हुई थी. घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें दीपक नांदल और सट्टा नौशेरा के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया था और आगे भी हमले जारी रखने की धमकी दी गई थी. पुलिस इस पोस्ट की भी जांच कर रही है.
MNR बिल्डर कार्यालय पर फायरिंग
गुरुग्राम के सेक्टर-45 स्थित MNR बिल्डर के कार्यालय पर 25 से 30 राउंड फायरिंग की गई. घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में दीपक नांदल के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया और कथित पैसों के विवाद का जिक्र किया गया. पुलिस इस पोस्ट की भी जांच कर रही है. इस घटना ने गुरुग्राम में गैंगस्टरों के बढ़ते नेटवर्क और कानून-व्यवस्था को लेकर नई चिंता पैदा कर दी.
सूफी गायक आसिफ बिस्मिल को धमकी
हाल ही में दिल्ली के सूफी गायक बिस्मिल ने आरोप लगाया कि उन्हें दीपक नांदल के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और जान से मारने की धमकी दी गई. शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
गैंग पर लगातार शिकंजा
हरियाणा STF ने हाल के महीनों में दीपक नांदल गैंग के कई सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की है. इसी वर्ष अप्रैल में STF ने गैंग के कथित शार्पशूटर निवेश उर्फ डिल्ला को गुरुग्राम में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया. पुलिस के अनुसार, वह एक कारोबारी के दफ्तर पर रंगदारी के लिए फायरिंग की साजिश रच रहा था. गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया था. उसके पास से अवैध पिस्टल भी बरामद की गई.