scorecardresearch
 

एक थी ट्विशा... रसूखदार ससुराल, संदिग्ध मौत और दो सीसीटीवी फुटेज, आखिर क्या है मौत का सच?

भोपाल में ट्विशा की संदिग्ध मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं. जज रह चुकी सास, फरार वकील पति, CCTV फुटेज और शादी के सिर्फ 5 महीने बाद फंदे से मिली लाश ने पूरे मामले को रहस्यमयी बना दिया है. जानिए ट्विशा डेथ केस की पूरी कहानी.

Advertisement
X
इस मामले को लेकर कानून और पुलिस पर भी सवाल उठ रहे हैं (फोटो-ITG)
इस मामले को लेकर कानून और पुलिस पर भी सवाल उठ रहे हैं (फोटो-ITG)

सास जज थी. पति वकील और उसका भाई भारतीय सेना में मेजर. मगर बावजूद इसके उसने खुद अपने हाथों से अपने गले में फांसी का फंदा कस दिया. क्योंकि वो एक बहू थी. एक ऐसी बहू, जिसकी लाश पिछले 6 दिनों से एक सरकारी अस्पताल के मुर्दाघर में पड़ी है. उसका पति फरार है और जज रह चुकी सास को इसलिए जमानत मिल गई कि क्योंकि उन्होंने कानून की बहुत सेवा की थी. लेकिन इस मामले की गुत्थी अभी सुलझना बाकी है.

पुलिस को एक सीसीटीवी फुटेज मिली. जिसमें कैमरे की घड़ी और तारीख दोनों गलत हैं. लेकिन तस्वीर बिल्कुल सही है. वो तस्वीर असल में 12 मई की रात 10 बजे के आस-पास की है. और उसमें दिखने वाली महिला ट्विशा है. उस घर की बहू. उसके हाथ में शायद रस्सी जैसी कोई चीज है. वो सीढ़ी के रास्ते छत पर जा रही है.

फिर सामने आती है उसी CCTV फुटेज की दूसरी तस्वीर. ऊपर सीढ़ी पर ट्विशा का पति समर्थ उसे सीपीआर देने की कोशिश कर रहा है. तभी नीचे से जज रह चुकी ट्विशा की सास ऊपर आती है. हैरान करने वाली बात ये कि वो सीढ़ी की तरफ ऊपर एक बार भी नहीं देखती. बल्कि सीढ़ी के बराबर वाले कमरे में दाखिल हो जाती है. थोड़ी देर बाद एक और शख्स भागता हुआ सीढ़ी पर पहुंचता है. कुछ पल बाद ट्विशा की सास उसी कमरे से बाहर निकलती है. इस बार ऊपर सीढ़ी की तरफ देखती है. पर अब भी वो बिल्कुल नॉर्मल है. कुछ पल ऊपर देखने के बाद हाथ में शायद पर्स लिए ट्विशा की जज रह चुकी सास नीचे चली जाती है. इसके बाद ट्विशा के पति समर्थ सिंह दो लोगों की मदद से ट्विशा को उठा कर नीचे ले जाता हुआ कैमरे में कैद हो जाता है. तस्वीर यहीं खत्म हो जाती है. और यहीं से शुरू होती है असली कहानी.

Advertisement

- क्या ट्विशा ने फांसी लगा कर खुदकुशी कर ली? 
- क्या ससुराल वालों ने उसकी हत्या कर उसे फंदे से लटका दिया? 
- या फिर उसके साथ कोई और साजिश हुई? 
- आख़िर क्यों 6 दिन से मुर्दाघर में है एक बेटी की लाश? 

ट्विशा की शादी को बमुश्किल 5 महीने का ही वक़्त गुजरा था. लेकिन इन्हीं 5 महीनों में उसकी शादीशुदा जिंदगी ऐसा अज़ाब बन चुकी थी, जिसने आखिरकार ट्विशा को लील लिया. वो आए दिन अपने मायके फोन करके अपने पति और ससुराल वालों द्वारा खुद को सताए जाने की शिकायतें किया करती थीं. 12 मई की रात को भी ट्विशा ने अपने घर वालों से रोते हुए कुछ ऐसी ही दर्द भरी बातें की थीं. लेकिन इससे पहले कि मायके वाले ट्विशा की शादीशुदा जिंदगी को नॉर्मल करने के लिए कोई असरदार कदम उठा पाते, ट्विशा के साथ कुछ ऐसा हो गया, जिसने उसके पूरे परिवार को तोड़ कर रख दिया. ट्विशा की लाश उसके सुसराल में फंदे से लटकी हुई मिली.

अब नोएडा से लेकर भोपाल तक अगर कुछ बाकी है, तो वो है बेबसी, आंसू, चीखें और अफसोस. नोएडा की रहने वाली ट्विशा एक बेहद खुशमिज़ाज लड़की थी. उसने कई अच्छे मॉडलिंग असाइनमेंट्स किए, तो कई साउथ इंडियन फिल्मों में भी उसे काम करने का मौका मिला। एक मैट्रिमोनियल साइट के जरिए ही उसकी मुलाकात भोपाल के रहने वाले क्रिमिनल लॉयर और रिटायर्ड जज के बेटे समर्थ सिंह के साथ हुई थी. दोनों ही परिवारों की रजामंदी से ट्विशा की धूमधाम से शादी भी हुई. लेकिन शादी को लेकर ट्विशा और उसके घर वालों ने जो सपने देखे थे, ट्विशा की जिंदगी में ठीक उसके उल्टा हुआ. आखिरकार इस कहानी का अंत फंदे में लटक रही ट्विशा की लाश की सूरत में सामने आया.

Advertisement

ट्विशा की सास भोपाल में जज के तौर पर काम चुकी हैं. जबकि इन दिनों उपभोक्ता फोरम बेंच-2 की अध्यक्ष भी हैं. उनका अलग ही दबदबा है और अब ट्विशा के घर वालों का इल्जाम है कि उसकी सास का यही दबदबा उन्हें अपनी बेटी की मौत के मामले में इंसाफ हासिल करने के आड़े आ रहा है. ट्विशा की मौत अफसोसनाक तो है ही इसे लेकर कई सवाल भी हैं. उन सवालों की बात करेंगे, लेकिन सबसे पहले समझिए कि ट्विशा की जिंदगी की आखिरी घड़ी में क्या कुछ हो रहा था? और उसकी आखिरी बार अपने घर वालों से क्या और कैसी बातें हुई थी? 

31 साल की ट्विशा के भाई हर्षित शर्मा सेना में मेजर हैं. देश के दुश्मनों से लोहा लेते हैं. लेकिन यहां उन्हें खुद अपनी ही बहन की जिंदगी में खुशहाली लाने के लिए जद्दोजहद करना पड़ रहा था और आखिरकार इस जद्दोजहद में भी हार ही उनके हिस्से आई. घरवालों की मानें तो ट्विशा ने मंगलवार, 12 मई की रात को उन्हें फोन किया था. उसने रोते हुए कहा था कि उसका पति और उसकी सास उसे पिछले आठ दिनों से लगातार मेंटली टॉर्चर कर रहे हैं, उसे छोटी-छोटी बात पर लगातार जलील किया जा रहा है. मानसिक तौर पर सताया जा रहा है. और वो अब ससुराल छोड़ कर घर लौटना चाहती है. लेकिन इससे पहले कि वो ससुराल से वापस मायके लौट पाती, उससे पहले ही उसकी मौत की खबर आ गई.

Advertisement

ट्विशा के माता-पिता का कहना है कि वो भी अपनी बेटी के पास जाना चाहते थे, लेकिन तब उसकी सास ने उन्हें मौसम का बहाना बना कर वहां आने से रोक दिया था. ट्विशा ने अपनी मौत से पहले उसी रात आखिरी बार अपनी मां से भी बात की थी. ट्विशा के घर वालों के मुताबिक उस रोज रात को 10 बजकर 5 मिनट पर ट्विशा ने उन्हें कॉल किया था और कहा था कि अब वो बहुत परेशान हो चुकी है और उससे और बर्दाश्त नहीं हो रहा है. लेकिन इससे की ज्यादा बात होती, उसका फोन कट गया और बमुश्किल 15 मिनट कर गुजरते-गुजरते ट्विशा की सास गिरिबाला सिंह का फोन आ गया कि ट्विशा फंदे से लटक गई थी. वो सांस नहीं ले रही है और उसे वो इलाज के लिए एम्स लेकर जा रहे हैं.

ट्विशा की मौत पर ससुरालवालों का अपना अलग ही पक्ष है. उनका कहना है कि रात साढ़े 9 बजे तक पूरा परिवार नीचे बैठ कर टीवी देख रहा था. लेकिन कुछ देर बाद ट्विशा फोन लेकर छत पर गई थी. वो अक्सर छत पर जाकर ही बात किया करती थी. लेकिन कुछ देर बाद उन्होंने देखा कि ट्विशा छत पर एक्सरसाइज करने वाले रबर के सहारे लटकी हुई है. ट्विशा की सास और पति ने उसे किसी तरह से फंदे से नीचे उतार कर अस्पताल पहुंचाया लेकिन तब तक देर हो चुकी थी.

Advertisement

ट्विशा के घर वाले तो खैर अपनी बेटी की मौत को संदिग्ध मान कर चल ही रहे थे. उनका कहना था कि उनकी बेटी का उसके पति और सास ने कत्ल किया है. लेकिन पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी जब ट्विशा के शरीर में मल्टीपल इंजरी यानी कई चोटों की बात सामने आई, तो ट्विशा के घरवालों की शिकायत को और बल मिल गया है. घरवालों की मानें तो ट्विशा के साथ लगातार टॉर्चर किया जा रहा था और ये निशान उसी सबूत हैं. फिलहाल हालत ये है कि ट्विशा की मौत को छह दिनों का वक्त गुजर चुका है और घर वालों अब उसकी लाश को दोबारा दिल्ली के एम्स में पोस्टमार्टम करवाना चाहते हैं. कुछ इसी मांग को लेकर उन्होंने अब तक ट्विशा के शव का अंतिम संस्कार नहीं किया है. शव भोपाल की मोर्चरी में पड़ा है.

हालांकि, अब ट्विशा की सास ने मायके वालों के इस विरोध के बाद उल्टा ट्विशा के घर वालों पर ही संगीन इल्जाम लगाए हैं.

ट्विशा की मौत के मामले को फंदे वाली बेल्ट की मिस्ट्री ने भी थोड़ा और पेचीदा बना दिया है. असल में ससुराल वालों ने बताया था कि ट्विशा ने एक्सरसाइज वाली इलैस्टिक बेल्ट से फंदा लगाया था. ऐसे में भोपाल पुलिस को वो बेल्ट जब्त कर फॉरेसिंक जांच के लिए भिजवाना चाहिए था, लेकिन इल्जाम है कि पुलिस ने ऐसा नहीं किया, जिससे बेल्ट के साथ ट्विशा के गले में बने लिगेचर मार्क का मिलान नहीं कराया जा सका. हालांकि पुलिस ने बाद में ये क्लियर किया कि बेल्ट पुलिस ने जब्त कर ली थी, लेकिन उसे पहले जांच के लिए नहीं भिजवाया गया था. पुलिस ने बताया है कि जल्द ही बेल्ट के और लिगेचर मार्क के मिलान की रिपोर्ट आने की उम्मीद है.

Advertisement

वैसे ट्विशा की मौत को बेशक ससुराल वालों ने सुसाइड बताया हो, लेकिन ट्विशा के शव के पास पुलिस को अब तक कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है. ये और बात है कि ट्विशा की अपने मायके वालों और दोस्त से हुई चैट और बातचीत की सूरत में ऐसे कई सबूत मौजूद हैं, जिसके सहारे उसके घर वालों ससुरालवालों पर ये गंभीर इल्जाम लगा रहे हैं. अपनी दोस्त मीनाक्षी के साथ हुई ट्विशा की लास्ट चैट का ये स्क्रीन ग्रैब भी सामने आया है. ट्विशा उस चैट में अपने भाई को ससुराल में किए जा रहे जुल्मो सितम के बारे में कहती हुई दिखाई दे रही हैं, जबकि उसकी दोस्त मीनाक्षी उसे ढांढस बंधा रही है. ट्विशा बताती है कि मैं बुरी तरह से फंस चुकी हूं. अब बस तुम फंसना. जबकि दोस्त उससे कहती है कि वो उससे बहुत प्यार करती है.

फिलहाल, ट्विशा का परिवार भोपाल में डटा है. वो कटारा हिल्स थाने से लेकर सीएम हाउस तक के चक्कर लगा रहे हैं और उनका कहना कि ट्विशा की रसूखदार सास के आगे पूरा सिस्टम सरेंडर कर चुका है. हालांकि पुलिस ने अब इस मामले की जांच के लिए एसीपी की अगुवाई में अलग से एसआईटी बना दी है और ट्विशा की रिटायर्ड जज सास गिरिबाला सिंह और पति समर्थ सिंह के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया जा चुका है. लेकिन ये भी सच है कि गिरिबाल सिंह के खिलाफ केस दर्ज होने के बाद ही उन्हें कोर्ट ने उम्र का हवाला देते हुए अग्रिम जमानत भी दे दी है.

Advertisement

खास बात ये है कि अपनी अग्रिम जमानत के लिए दी गई अर्जी में ट्विशा की सास और पूर्व जज ने ट्विशा के बारे में हैरान करने वाली बातें कही हैं. उन्होंने ट्विशा को ड्रग एडिक्ट बताया है और कहा है कि ट्विशा रेग्यूलर ड्रग लेती थी और जब उसे ड्रग नहीं मिलती थी, तो उसके हाथ-पांव कांपने लगते थे. उसका व्यवहार चिढ़चिढ़ा हो जाता था. उन्होंने एक घटना का जिक्र करते हुए कहा है कि उनकी बहू एक बार घर से 12 घंटे गायब रही और इसके बारे में उन्हें कोई जवाब नहीं दिया. हालांकि, ट्विशा के घर वाले कह रहे हैं कि अब ससुरालवाले मौत के बाद उनकी बेटी के चरित्रहनन की कोशिश कर रहे हैं. सच क्या है? ये जांच पूरी होने के बाद ही सामने आएगा.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement