कोरोना वायरस वैक्सीनेशन के दूसरे चरण की शुरुआत आज यानी एक मार्च से हो गई है. देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी इस अभियान के दौरान कोरोना वैक्सीन की पहली डोज ली है. दिल्ली के एम्स अस्पताल में पीएम मोदी ने कोरोना की वैक्सीन ली. जिसके बाद उन्होंने वैक्सीन के लिए योग्य सभी लोगों से कोरोना का टीका लेने की अपील की है. पीएम मोदी को AIIMS में वैक्सीन केरल और पुडुचेरी की नर्स ने लगाई है. सिस्टर पी. निवेदा है पुडुचेरी की रहने वाली हैं जबकि केरल की नर्स का नाम रोसम्मा अनिल है.
पीएम मोदी ने वैक्सीन की डोज लेने की जानकारी ट्विटर के जरिए दी. उन्होंने लिखा, ''मैंने एम्स में वैक्सीन की अपनी पहली डोज ले ली है. इतने कम समय में देश के डाक्टरों और वैज्ञानिकों ने कोरोना के खिलाफ जंग लड़ने के लिए वैक्सीन बनाई है. यह सराहनीय है. मैं उन सभी लोगों से अपील करता हूं जो वैक्सीन लेने के लिए योग्य है वो वैक्सीन की डोज जरूर लें. हम साथ मिलकर भारत को कोरोना मुक्त बनाएंगे.''
Took my first dose of the COVID-19 vaccine at AIIMS.
— Narendra Modi (@narendramodi)
Remarkable how our doctors and scientists have worked in quick time to strengthen the global fight against COVID-19.
I appeal to all those who are eligible to take the vaccine. Together, let us make India COVID-19 free!
आज से वैक्सीनेशन का दूसरा चरण शुरू
देश में कोरोना वैक्सीनेशन का पहला चरण 16 जनवरी से शुरू हुआ था. इस दौरान देश के फ्रंटलाइन वर्कर्स को कोरोना की वैक्सीन दी गई थी. वहीं एक मार्च यानी आज से वैक्सीनेशन के दूसरे चरण की शुरुआत हो गई है. दूसरे चरण में 60 साल से ऊपर के लोगों को वैक्सीन दी जाएगी. इस दौरान 45 से 60 साल के लोगों को भी वैक्सीन दी जाएगी. हालांकि इस एज ग्रुप के उन लोगों को ही वैक्सीन मिलेगी जो किसी गंभीर बीमारी से पीड़ित हैं. ऐसे लोगों को किसी प्रमाणित डॉक्टर की तरफ गंभीर बीमारी के साक्ष्य दिखाने होंगे.
प्राइवेट अस्पतालों में देना होगा चार्ज
दूसरे चरण टीकाकरण अभियान के दौरान कोविड-19 वैक्सीन सरकारी सेंटर्स के साथ-साथ प्राइवेट अस्पतालों में भी उपलब्ध रहेगी. सरकारी सेंटर्स पर जहां कोरोना वैक्सीन मुफ्त में मिलेगी. वहीं, प्राइवेट अस्पतालों में वैक्सीन के दाम चुकाने होंगे. सरकार ने प्राइवेट अस्पतालों में वैक्सीन के दाम तय किए हैं. इसके लिए वैक्सीन लेने वालों को 250 रुपये चुकाने होंगे.