अगर आप आईपीओ में निवेश (IPO Investment) का प्लान कर रहे हैं, तो हेक्सागॉन न्यूट्रीशन का आईपीओ बेहतरीन ऑप्शन हो सकता है. इस आईपीओ में पैसे लगाने का आज आखिरी मौका है. आप महज 15000 रुपये से भी कम रकम लगाकर इस कंपनी के मुनाफे में अपनी हिस्सेदारी पक्की कर सकते हैं.
Hexagon Nutrition IPO रिटेल निवेशकों के सब्सक्रिप्शन के लिए लिए बीते 5 जून को ओपन हुआ था. ओपनिंग के साथ ही इसे निवेशकों का जबर्दस्त रिस्पांस मिला और ग्रे-मार्केट में भी ये धमाल मचाए हुए है. शुरुआती दो दिनों में ही 4 गुना से ज्यादा सब्सक्राइब किया जा चुका है और रिटेल कैटेगरी में 6 गुना सब्सक्रिप्शन मिला है. आइए जानते हैं इस आईपीओ का प्राइस बैंड, लॉट साइज समेत अन्य डिटेल.
आज निवेश का आखिरी मौका
Hexagon IPO मंगलवार 9 जून को क्लोज होने जा रहा है यानी इसमें निवेश करने का आज आखिरी मौका निवेशकों के पास है. ये पूरी तरह ऑफर फॉर सेल यानी OFS IPO है और इसका साइज 138.87 करोड़ रुपये है. इश्यू के जरिए कंपनी 1 रुपये की फेस वैल्यू वाले 3,08,59,704 शेयरों को बिक्री के लिए पेश कर रही है.
प्राइस बैंड और लिस्टिंग डेट
कंपनी की ओर से इस आईपीओ के लिए प्राइस बैंड (Hexagon Nutrition IPO Price Band) 42-45 रुपये प्रति शेयर तय किया गया है. मंगलवार को क्लोज होने के बाद इस शेयर का अलॉटमेंट प्रोसेस 10 जून को होगा, जबकि रिफंड और डीमैट खातों में शेयर क्रेडिट की प्रक्रिया 11 जून को होगी. कंपनी की ओर से इस आईपीओ की शेयर बाजार के दोनों इंडेक्स BSE-NSE पर लिस्टिंग के लिए 12 जून की संभावित तारीख तय की गई है.
15000 रुपये से कम में प्रॉफिट पार्टनर
अब बताते हैं कि कैसे निवेशक महज 15,000 रुपये से कम के निवेश के जरिए इस कंपनी के मुनाफे में हिस्सेदार बन सकते हैं. तो इसके लिए आईपीओ में कम से कम एक लॉट के लिए बोली लगानी होगी. Hexagon IPO Lot Size 333 शेयरों का तय किया गया है यानी किसी भी निवेशक को कम से कम इतने शेयरों के लिए बोली लगानी होगी.
अपर प्राइस बैंड के हिसाब से कैलकुलेशन करें, तो इतने शेयरों के लिए उसे 14,985 रुपये का निवेश करना होगा. इसके बाद अगर आईपीओ निकलता है, तो लिस्टिंग और इसके बाद कंपनी को होने वाले फायदे में आपका भी मुनाफा होगा.
लिस्टिंग से पहले GMP का हाल
कोई भी रिटेल निवेशक अधिकतम 13 लॉट के लिए बोली लगा सकता है और 1,94,805 रुपये का निवेश करना होगा. ग्रे-मार्केट में इस आईपीओ के हाल की बात करें, तो ये कमाई का संकेत दे रहा है. मंगलवार सुबह 7.30 बजे के आसपास Hexagon IPO GMP 14.44 फीसदी की उछाल पर था और इस हिसाब से शेयर बाजार में इसकी लिस्टिंग 51.5 रुपये पर होने का अनुमान है. अगर ऐसा होता है, तो फिर लिस्टिंग के साथ ही आपको हर एक लॉट पर सीधे 2100 रुपये का फायदा होगा.
(नोट- शेयर बाजार या आईपीओ मार्केट में किसी भी निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)