बिहार के वैशाली में शराब तस्करी का ऐसा ठिकाना सामने आया है, जहां मुर्गी फार्म के नीचे जमीन में तहखाना बनाकर बीयर की बड़ी खेप छिपाई गई थी. पुलिस ने छापेमारी कर यहां से 5580 केन बीयर बरामद की है. जब्त बीयर की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये बताई जा रही है. इस कार्रवाई में एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है. अब पुलिस इस कथित तस्करी नेटवर्क से जुड़े दूसरे लोगों और सप्लाई के रास्तों का पता लगाने में जुटी है.
मुर्गी फार्म के नीचे मिला तहखाना
यह मामला वैशाली थाना क्षेत्र के केशवपुर गांव का है. पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि गांव के मुकेश राय अपने कुछ सहयोगियों के साथ बड़े पैमाने पर अंग्रेजी शराब का कारोबार कर रहे हैं. सूचना में बताया गया था कि आवासीय घर के पास बने मुर्गी फार्म के अंदर जमीन के नीचे तहखाना बनाया गया है. इसी जगह पर भारी मात्रा में बीयर छिपाकर रखी गई है.
सूचना मिलने के बाद वैशाली के वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई. टीम ने बताए गए घर और मुर्गी फार्म में तलाशी अभियान चलाया. इस दौरान जमीन के नीचे बना तहखाना मिला, जहां बीयर की बड़ी खेप रखी हुई थी.
2790 लीटर बीयर बरामद, कीमत 10 लाख रुपये
पुलिस के मुताबिक तहखाने से दो अलग-अलग ब्रांड की कुल 5580 केन बीयर बरामद की गई. इसकी कुल मात्रा 2790 लीटर बताई गई है. जब्त बीयर की अनुमानित कीमत करीब 10 लाख रुपये है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने एक महिला समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया.
कहां से आती थी बीयर, किसे होती थी सप्लाई?
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बीयर की खेप कहां से लाई जाती थी और इसे किन इलाकों में सप्लाई किया जाना था. साथ ही, कथित तस्करी में शामिल अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है. हाजीपुर सदर-2 के एसडीपीओ गोपाल मंडल ने मामले की जानकारी दी है.