RJD नेता और विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने SIR में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ बिहार में प्रदर्शन का ऐलान किया है. तेजस्वी ने बताया कि 7 अक्टूबर को बिहार के सभी ब्लॉकों में 'आक्रोश मार्च' निकाला जाएगा.
सोमवार को एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि वोटर लिस्ट के SIR अभियान में बड़े पैमाने पर हुई धांधलियों के खिलाफ INDIA गठबंधन आर-पार की लड़ाई के मूड में है. इसके विरोध में 7 और 8 अक्टूबर को राज्यभर में जोरदार प्रदर्शन किए जाएंगे.
तेजस्वी यादव ने बताया कि 7 अक्टूबर को बिहार के सभी ब्लॉकों में 'आक्रोश मार्च' और 8 अक्टूबर को जिला स्तर पर बड़े पैमाने पर प्रदर्शन किए जाएंगे. 8 अक्टूबर को ही पटना में लोक भवन तक एक मार्च भी निकाला जाएगा, जिसमें गठबंधन के सभी प्रमुख नेता शामिल होंगे.
मार्च के दौरान राज्यपाल को एक ज्ञापन सौंपा जाएगा, जिसमें मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की कार्यप्रणाली और SIR प्रक्रिया में हुई गड़बड़ियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की जाएगी.
ज्ञानेश कुमार को पद से हटाने की मांग
तेजस्वी यादव ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार पर गंभीर आरोप लगाए. उन्होंने कहा कि CEC सीधे तौर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारों पर काम कर रहे हैं. आरजेडी नेता ने मांग की कि ऐसे पक्षपाती रवैया अपनाने वाले मुख्य चुनाव आयुक्त को उनके पद से तुरंत हटाया जाना चाहिए.
तेजस्वी ने दावा किया कि बिहार और पश्चिम बंगाल जैसे राज्यों में SIR के नाम पर लाखों वैध मतदाताओं के नाम चुपचाप काट दिए गए हैं. उन्होंने कहा कि इन गड़बड़ियों के कारण चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह से 'धोखाधड़ी' बन चुकी है.
यह भी पढ़ें: 'सरनेम देखकर काटते हैं वोट', तेजस्वी यादव ने चुनाव आयोग पर लगाए गंभीर आरोप
'लोकतंत्र को खत्म नहीं होने देंगे'
नेता प्रतिपक्ष ने चेतावनी दी कि INDIA गठबंधन देश के संविधान और लोकतंत्र को इस तरह खत्म नहीं होने देगा. उन्होंने कहा कि विपक्ष इस मनमानी के खिलाफ चुप नहीं बैठेगा और जनता के अधिकारों की रक्षा के लिए सड़कों पर उतरकर कड़ा विरोध दर्ज कराएगा.