उत्तर प्रदेश में भारतीय जनता पार्टी (BJP) की ओर से 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' अभियान की शुरुआत हो गई है. इसी सिलसिले में बुधवार को लखनऊ में केंद्रीय मंत्री शिवराज सिंह चौहान और बरेली में केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने पदयात्रा निकाली और जनसभा को संबोधित किया.
केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान ने मंगलवार को लखनऊ में कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर जमकर निशाना साधते हुए विपक्ष पर देश में राजनीतिक अस्थिरता पैदा करने और देश को बांटने की कोशिश करने का आरोप लगाया.
उन्होंने मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का समर्थन करते हुए कहा कि विपक्षी दल अवैध घुसपैठियों और फर्जी मतदाताओं के हितों की रक्षा के लिए इस प्रक्रिया का विरोध कर रहे हैं. शिवराज सिंह चौहान ने सपा मुखिया अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए तंज कसा और कहा कि 'तुम तो फरवरी में ही निपट जाओगे अखिलेश बाबा'.
वहीं, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने आरोप लगाया कि विपक्षी दल चुनाव आयोग और सुप्रीम कोर्ट जैसी संस्थाओं पर सवाल उठाकर जनता के बीच उनकी विश्वसनीयता को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं. उन्होंने राहुल गांधी पर भी तंज कसते हुए कहा कि जब वह चुनाव जीतते हैं तो खुद को होशियार बताते हैं और जब हारते हैं तो चुनाव आयोग को बेईमान कहने लगते हैं.
लखनऊ में 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ' मार्च से पहले जनसभा में शिवराज सिंह चौहान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तारीफ की. इसके बाद उन्होंने मार्च को लीड भी किया. शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी ने उत्तर प्रदेश में ऐतिहासिक काम किए हैं. उनके नेतृत्व में देश लगातार आगे बढ़ रहा है, लेकिन यही बात INDIA गठबंधन के नेताओं को परेशान कर रही है. वे लगातार सोचते रहते हैं कि प्रधानमंत्री मोदी और एनडीए को कैसे हराया जाए.
'लोकतंत्र को गुंडातंत्र बनाना चाहता है विपक्ष'
कांग्रेस पर निशाना साधते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि कई राज्यों में कांग्रेस अपना राजनीतिक प्रभाव खो चुकी है और उसके साथ गठबंधन करने वाले दलों को भी इसका राजनीतिक नुकसान उठाना पड़ेगा. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और INDIA गठबंधन चुनावी राजनीति में बीजेपी और एनडीए को नहीं हरा पा रहे हैं. इसलिए वे दूसरे तरीकों से देश में अस्थिरता पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं.
केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'जब ये जनता के बीच हमें नहीं हरा पाए तो दूसरे तरीके अपनाने लगे. कांग्रेस और पूरा INDIA गठबंधन लोकतंत्र को गुंडातंत्र, राजनीति को रक्तनीति, लोकतंत्र को लूटतंत्र और लोकतांत्रिक व्यवस्था को पीड़ातंत्र बनाना चाहता है.'
राहुल गांधी पर देश को बांटने की साजिश का आरोप
शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस और INDIA गठबंधन पर देश को बांटने की साजिश रचने का आरोप लगाया. उन्होंने 1905 और 1947 के ऐतिहासिक घटनाक्रमों का जिक्र करते हुए कहा कि देश को विभाजित करने की कोशिशें पहले भी की गई हैं. उन्होंने कहा, 'देश को बांटने की पहली साजिश 1905 में लॉर्ड कर्जन ने की थी. दूसरी साजिश 1947 में मोहम्मद अली जिन्ना ने की. लेकिन आज राहुल गांधी और INDIA गठबंधन देश को बांटने और अराजकता की आग में झोंकने की तीसरी साजिश कर रहे हैं.'
शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर भारत विरोधी नैरेटिव को बढ़ावा देने का आरोप भी लगाया. उन्होंने दावा किया कि ऐसी मुहिमों को विदेशी ताकतों से प्रोत्साहन मिल रहा है.
यह भी पढ़िएः 'लोकतंत्र बचाओ, अराजकता हटाओ...' विपक्ष को घेरने के लिए आज बीजेपी की यूपी में पदयात्रा
SIR के विरोध को लेकर कांग्रेस पर सवाल
मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) का बचाव करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने विपक्ष के वोट चोरी के आरोपों पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि मतदाता सूची से मृत व्यक्तियों के नाम, डुप्लीकेट प्रविष्टियां और अपना पता बदल चुके मतदाताओं के पुराने नाम हटाना जरूरी है. केंद्रीय मंत्री ने दावा किया कि करीब तीन करोड़ मतदाता अपने पंजीकृत पते पर नहीं मिले, जबकि 6.3 करोड़ मतदाता अपने पुराने स्थान से दूसरी जगह जा चुके हैं.
'क्या हमारा देश कोई गेस्ट हाउस है?'
अवैध घुसपैठ के मुद्दे पर शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि जो लोग भारत के नागरिक नहीं हैं, चाहे वे बांग्लादेश से आए हों या कहीं और से, क्या उन्हें यहां रहने दिया जाना चाहिए? क्या घुसपैठियों को देश से बाहर नहीं भेजना चाहिए? समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव पर निशाना साधते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि अवैध घुसपैठियों के पहचान पत्र बनवाने के लिए सुविधाओं का दुरुपयोग किया जा रहा है.
शिवराज ने कहा, 'अखिलेश यादव, आप आधार कार्ड बनवाने की फैक्ट्रियां चला रहे हैं. क्या यह देश कोई गेस्ट हाउस है कि कोई भी आकर यहां रह जाए?
'वोट चोरी के झूठे आरोप लगा रहे राहुल गांधी'
शिवराज सिंह चौहान ने राहुल गांधी पर चुनावी हार से हताश होकर वोट चोरी के आरोप लगाने की बात कही. उन्होंने कहा कि राहुल गांधी झूठे आरोप लगाकर गलत नैरेटिव तैयार कर रहे हैं. चौहान ने कहा, 'आप झूठे आरोप लगा रहे हैं और झूठा नैरेटिव बना रहे हैं. आप अपनी ही वजह से लगातार हार रहे हैं. आपको देश की राजनीति की समझ नहीं है और न ही जनता की नब्ज पहचानते हैं.'
समाजवादी पार्टी के शासन पर भी साधा निशाना
केंद्रीय मंत्री ने उत्तर प्रदेश में समाजवादी पार्टी की पिछली सरकार पर भी हमला बोला. उन्होंने आरोप लगाया कि सपा शासन में कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब थी और अपराधियों का दबदबा था. शिवराज सिंह चौहान ने कहा, 'जब यहां समाजवादी पार्टी की सरकार थी, तब क्या लोग सुरक्षित थे? गुंडाराज इतना हावी था कि लोग शाम पांच बजे के बाद घरों से निकलना बंद कर देते थे. आपने कमीशन, क्राइम और करप्शन की सरकार चलाकर उत्तर प्रदेश को बर्बाद कर दिया.'
इमरजेंसी का जिक्र कर कांग्रेस को घेरा
शिवराज सिंह चौहान ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक संस्थाओं को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए आपातकाल का जिक्र किया. उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के चुनाव से जुड़े इलाहाबाद हाईकोर्ट के फैसले का भी उल्लेख किया.
उन्होंने आरोप लगाया कि इंदिरा गांधी की प्रधानमंत्री पद पर स्थिति सुरक्षित रखने के लिए बाद में संविधान संशोधन किए गए थे. केंद्रीय मंत्री ने कहा, 'अगर किसी ने देश को बांटने का पाप किया है तो वह कांग्रेस है. अगर किसी ने लोकतंत्र का गला घोंटने का पाप किया है तो वह कांग्रेस है.' उन्होंने राहुल गांधी और अखिलेश यादव की राजनीतिक विश्वसनीयता और क्षमता पर भी सवाल उठाए.
राहुल बाबा चुनाव हारते हैं तो टीचर को बेईमान बताते हैं- जेपी नड्डा
वहीं, बरेली में पदयात्रा के दौरान जेपी नड्डा ने कहा कि भारत को प्रजातंत्र की जननी यानी 'मदर ऑफ डेमोक्रेसी' कहा जाता है. दशकों की मेहनत के बाद भारतीय चुनाव आयोग ने दुनिया में अपना स्थान बनाया है. इसी तरह न्याय की सर्वोच्च संस्था सुप्रीम कोर्ट ने भी वर्षों की मेहनत के बाद समाज, देश और दुनिया में अपनी प्रतिष्ठा स्थापित की है.
नड्डा ने आरोप लगाया कि कुछ गैर-जिम्मेदार राजनीतिक दल, विशेष रूप से INDIA गठबंधन, कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के नेता चुनाव आयोग को लेकर लोगों के मन में जो विश्वास है, उसे तोड़ने का प्रयास कर रहे हैं.
जेपी नड्डा ने राहुल गांधी की तुलना स्कूल के ऐसे बच्चों से की, जो पढ़ाई में अच्छे नहीं होते और असफल होने पर शिक्षक को दोष देते हैं.उन्होंने कहा, 'आपने देखा होगा कि बचपन में कुछ बच्चे ऐसे होते हैं, जो पढ़ने में बहुत अच्छे नहीं होते. वे कभी-कभी पास हो जाते हैं तो कहते हैं कि मैं बड़ा होशियार हूं और जब फेल हो जाते हैं तो कहते हैं कि टीचर बड़ा बेईमान है, मेरा विरोधी है.'
नड्डा ने आगे कहा, 'ऐसे ही राहुल बाबा हैं. ये कभी-कभी चुनाव जीत जाएं तो कहते हैं कि मैं बड़ा होशियार हूं और अधिकतर चुनाव हारें तो चुनाव आयोग बेईमान है.'
'एक वोट के लिए 10 किलोमीटर पैदल गए चुनाव आयोग के कर्मचारी'
जेपी नड्डा ने चुनाव आयोग के कामकाज की सराहना करते हुए दो उदाहरण दिए. उन्होंने कहा कि 2024 में गुजरात के गिर के जंगल में केवल एक वोट डलवाने के लिए चुनाव आयोग के 10 कर्मचारी 10 किलोमीटर पैदल गए थे.
उन्होंने अरुणाचल प्रदेश के मालोगाम का भी जिक्र किया. नड्डा ने कहा कि वहां 44 वर्षीय एक व्यक्ति को मतदान की सुविधा उपलब्ध कराने के लिए चुनाव आयोग के कर्मचारियों ने पहाड़ों पर चढ़कर मतदान करवाया था.
उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग की सोच यह है कि मतदाता को चुनाव आयोग के दरवाजे पर नहीं आना पड़े, बल्कि चुनाव खुद मतदाता के दरवाजे तक पहुंचे.
'राहुल गांधी की दादी ने 1.30 लाख लोगों को जेल में डाला'
कांग्रेस और राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए जेपी नड्डा ने देश में लगाए गए आपातकाल का भी जिक्र किया. नड्डा ने कहा, 'आजकल ये लोकतंत्र की दुहाई दे रहे हैं. राहुल बाबा, जरा याद करो कि तुम्हारी दादी ने 1.30 लाख लोगों को बिना दलील, बिना अपील और बिना किसी कारण के 22 महीने के लिए इमरजेंसी के दौरान जेल के अंदर डाला था और तुम लोकतंत्र की बात करते हो.'
उन्होंने दावा किया कि अंग्रेजों ने आजादी के पूरे आंदोलन के दौरान भी इतनी बड़ी संख्या में लोगों को जेल में नहीं डाला था, जितने लोगों को पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने आपातकाल के दौरान जेल में डाला था.
'कांग्रेस ने 90 बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया'
जेपी नड्डा ने कांग्रेस पर लोकतांत्रिक व्यवस्था को कमजोर करने का आरोप लगाते हुए कहा कि कांग्रेस पार्टी ने 90 बार चुनी हुई सरकारों को बर्खास्त किया. उन्होंने दावा किया कि अकेले पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने 50 बार ऐसा किया था.