रोहतास जिले के करगहर थाना क्षेत्र में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब रसूलपुर रजवाहा में पिपरा और जगदलपुर गांव के बीच नहर में एक महिला का शव पड़ा मिला. स्थानीय लोगों ने शव देखा तो जानकारी पुलिस को दी. इसके बाद करगहर थाना पुलिस और फॉरेंसिक साइंस लैब (FSL) की टीम मौके पर पहुंची.
पुलिस ने शव को नहर से बाहर निकालकर कब्जे में ले लिया और पोस्टमार्टम के लिए सासाराम सदर अस्पताल भेज दिया. हालांकि, खबर लिखे जाने तक मृतका की पहचान नहीं हो सकी थी. करगहर थाना प्रभारी मुकेश कुमार ने बताया कि घटनास्थल और आसपास के गांवों में लोगों से पूछताछ की जा रही है. साथ ही यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं आसपास के किसी थाने में किसी महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट तो दर्ज नहीं है.
यह भी पढ़ें: लखनऊ में एक लाख के इनामी का एनकाउंटर... यूपी STF की गोली से हुआ ढेर, प्रॉपर्टी डीलर की हत्या में था आरोपी
शुरुआती जांच में पुलिस को महिला के शरीर पर किसी तरह की बाहरी चोट के निशान नहीं मिले हैं. हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत की असली वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट होगी. पुलिस ने शव को पहचान के लिए करीब 72 घंटे तक सुरक्षित रखने का फैसला किया है, ताकि परिजन या परिचित सामने आ सकें. इसके साथ ही आसपास के सभी थानों को भी सूचना भेजी गई है.
पुलिस इस बात की भी पड़ताल कर रही है कि महिला की मौत कहीं और हुई और शव को नहर में फेंका गया, या फिर उसकी मौत इसी स्थान के आसपास हुई. फिलहाल पुलिस हत्या, दुर्घटना और अन्य सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. फॉरेंसिक टीम ने घटनास्थल से जरूरी साक्ष्य भी जुटाए हैं. फिलहाल यह पता लगाया जा रहा है कि नहर में मिली यह महिला कौन थी और उसकी मौत किन परिस्थितियों में हुई. इन दोनों सवालों के जवाब अब पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही सामने आ सकेंगे.