scorecardresearch
 

पटना में बेखौफ चेन स्नैचर, सड़क पर टहल रही महिला के गले से सोने की चेन झपटकर फरार, VIDEO

पटना के कदमकुआं इलाके में मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला से बाइक सवार बदमाश ने पीछे से झपट्टा मारकर सोने की चेन लूट ली. पूरी वारदात CCTV कैमरे में कैद हो गई. घटना के बाद महिला ने शोर मचाया, लेकिन आरोपी फरार हो गया. पुलिस ने शिकायत दर्ज कर फुटेज के आधार पर जांच शुरू कर दी है.

Advertisement
X
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश जारी.(Photo: Screengrab)
CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश जारी.(Photo: Screengrab)

बिहार की राजधानी पटना में सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकली एक महिला चेन स्नैचरों का शिकार बन गई. कदमकुआं इलाके में एक बाइक सवार बदमाश ने पीछे से आकर महिला के गले में पहनी सोने की चेन झपट ली और कुछ ही सेकेंड में मौके से फरार हो गया. पूरी घटना इलाके में लगे CCTV कैमरे में कैद हो गई है.

घटना रविवार सुबह करीब 6 बजकर 19 मिनट 26 सेकेंड की बताई जा रही है. उस समय महिला रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के लिए घर से निकली थीं और सड़क किनारे आराम से पैदल चल रही थीं. इसी दौरान एक बाइक सवार बदमाश काफी देर से उनका पीछा करता रहा.

यह भी पढ़ें: पटना: बंटी यादव हत्याकांड के मुख्य आरोपी का 'हाफ एनकाउंटर', पुलिस पर फायरिंग के बाद पैर में लगी गोली

मौका मिलते ही आरोपी ने पीछे से झपट्टा मारा और महिला के गले में पहनी करीब 3 भर (लगभग तीन तोला बताई जा रही) सोने की चेन छीनकर तेज रफ्तार में फरार हो गया. वारदात इतनी तेजी से हुई कि महिला को संभलने का मौका तक नहीं मिला.

महिला की चीख सुन पहुंचे लोग, तब तक फरार हो चुका था बदमाश

Advertisement

चेन छिनते ही महिला ने जोर-जोर से शोर मचाना शुरू कर दिया. उनकी आवाज सुनकर आसपास से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक बाइक सवार आरोपी आंखों से ओझल हो चुका था.

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, आरोपी पूरी तैयारी के साथ आया था और उसने वारदात को बेहद तेजी से अंजाम दिया. कुछ ही सेकेंड में उसने चेन छीनी और मौके से फरार हो गया.

दिन निकलने से पहले हुई इस वारदात ने इलाके के लोगों में दहशत पैदा कर दी है. स्थानीय लोगों का कहना है कि सुबह के समय भी अब सड़क पर निकलना सुरक्षित महसूस नहीं होता.

CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की तलाश

घटनास्थल के पास लगे CCTV कैमरों में पूरी वारदात रिकॉर्ड हो गई है. फुटेज में बाइक सवार बदमाश महिला का पीछा करते हुए और फिर झपट्टा मारकर चेन छीनते हुए दिखाई दे रहा है.

घटना के बाद पीड़िता ने कदमकुआं थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर CCTV फुटेज अपने कब्जे में ले लिया है और आरोपी की पहचान करने की कोशिश की जा रही है.

पुलिस का कहना है कि फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की तलाश जारी है. जल्द ही उसकी पहचान कर गिरफ्तारी की जाएगी. लगातार बढ़ रही चेन स्नैचिंग की घटनाओं ने एक बार फिर राजधानी पटना में कानून-व्यवस्था और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement