नीतीश कुमार अक्सर अपने बयानों और अंदाज के कारण सुर्खियों में बने रहते हैं. बेगूसराय में भी उनके एक बयान ने लोगों का ध्यान खींच लिया और कार्यक्रम के दौरान हुई यह घटना चर्चा का विषय बन गई. दरअसल, मुख्यमंत्री नीतीश कुमार भाषण दे रहे थे, तभी कुछ महिलाएं बीच में ही कार्यक्रम स्थल से उठकर जाने लगीं. यह देखकर उनकी नजर उन पर पड़ी और उन्होंने तुरंत प्रतिक्रिया दी.
मुख्यमंत्री ने जाते हुए लोगों को संबोधित करते हुए कहा, 'अरे, कहां जा रही हैं? क्या हम कार्यक्रम बंद कर दें? हम देख रहे थे कि पहले भी उधर से लोग जा रहे थे. अगर सब इसी तरह चले जाएंगे तो हम भी छोड़ देंगे. बैठकर सुनिए. यहां सब कुछ बताया जा रहा है, फिर जल्दी किस बात की है? पहले पूरी बात जान लीजिए.' उनके इस अंदाज ने वहां मौजूद लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया.
376 करोड़ की योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास
दरअसल, नीतीश कुमार शनिवार को अपनी समृद्धि यात्रा के क्रम में बेगूसराय पहुंचे थे. इस दौरान उन्होंने करीब 376 करोड़ रुपये की कई विकास योजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया. बरौनी प्रखंड के बियाडा परिसर में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अपने बयान के साथ-साथ उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति अपने स्नेह को लेकर भी चर्चा में रहे.
भाषण समाप्त होने के बाद उन्होंने लोगों से कहा, 'जरा एक मिनट रुकिए.' इसके बाद वे आगे बढ़ते हुए सम्राट चौधरी के पास पहुंचे, उनका हाथ थामा और फिर दोनों ने मिलकर जनता की ओर हाथ हिलाकर अभिवादन किया.
मुख्यमंत्री के इस व्यवहार को लेकर बाद में कार्यक्रम स्थल पर मौजूद लोगों के बीच अलग-अलग तरह की चर्चाएं शुरू हो गईं. कुछ लोग इसे सम्राट चौधरी के प्रति उनके विशेष लगाव के रूप में देख रहे थे, तो कुछ लोग इसे भविष्य की राजनीति से जोड़कर तरह-तरह के कयास लगाने लगे.