scorecardresearch
 

Bihar: मोतिहारी में सम्राट चौधरी का बुलडोजर एक्शन, जाम की समस्या पर वार

मोतिहारी में जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई के तहत छतौनी चौक से ढाका रोड तक अवैध अतिक्रमण हटाया गया. इस दौरान बुलडोजर एक्शन चलाकर सड़क किनारे बनी दुकानें और शेड हटाए गए. कार्रवाई का नेतृत्व एसडीओ निशांत सिहरा ने किया. प्रशासन का कहना है कि इससे यातायात व्यवस्था में सुधार और जाम की समस्या में राहत मिलेगी.

Advertisement
X
जेसीबी और पुलिस बल की मौजूदगी में हटाए गए अवैध निर्माण.  (Photo: Screengrab)
जेसीबी और पुलिस बल की मौजूदगी में हटाए गए अवैध निर्माण. (Photo: Screengrab)

मोतिहारी में सम्राट चौधरी के बुलडोजर एक्शन को लेकर एक बार फिर शहर में बड़ा अभियान चलाया गया. जिला प्रशासन और नगर निगम की संयुक्त कार्रवाई के दौरान शहर के सबसे व्यस्त मार्गों में शामिल छतौनी चौक से लेकर ढाका रोड तक सड़क किनारे किए गए अवैध अतिक्रमण को हटाया गया. इस कार्रवाई से अतिक्रमणकारियों में हड़कंप मच गया और मौके पर अफरा तफरी की स्थिति बन गई.

कार्रवाई के दौरान बड़ी संख्या में प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौजूद रहे. अभियान का नेतृत्व सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहरा कर रहे थे. उनके साथ प्रभारी अंचलाधिकारी सुनील कुमार, छतौनी थानाध्यक्ष मृत्युंजय पासवान सहित प्रशासनिक टीम और पुलिस बल की तैनाती की गई थी. कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र में सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे.

प्रशासन ने जेसीबी और बुलडोजर की मदद से सड़क किनारे बने अस्थायी दुकानों, अवैध शेड, टीन-टप्पर और अन्य अतिक्रमणों को हटाया. कई स्थानों पर लोगों ने स्वयं भी अपना सामान हटा लिया, जबकि कुछ जगहों पर बुलडोजर चलाकर अतिक्रमण को पूरी तरह ध्वस्त किया गया. इस दौरान सड़क किनारे अवैध रूप से किए गए निर्माणों को हटाने की कार्रवाई लगातार जारी रही.

नोटिस और माइकिंग के बाद भी नहीं माने लोग

सदर अनुमंडल पदाधिकारी निशांत सिहरा ने बताया कि अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई अचानक नहीं की गई है. पिछले कई दिनों से संबंधित लोगों को माइकिंग कर और नोटिस देकर अतिक्रमण हटाने की चेतावनी दी जा रही थी. इसके बावजूद कई लोगों ने प्रशासन के निर्देशों का पालन नहीं किया, जिसके बाद मजबूरी में बुलडोजर कार्रवाई करनी पड़ी.

Advertisement

उन्होंने कहा कि छतौनी चौक शहर का एक प्रमुख और अत्यंत व्यस्त चौराहा है. यहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहन और आम लोग गुजरते हैं। सड़क किनारे बढ़ते अतिक्रमण के कारण लगातार जाम की समस्या उत्पन्न हो रही थी, जिससे लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा था. इसी समस्या को देखते हुए यह कार्रवाई की गई.

जाम समस्या खत्म करने की दिशा में प्रशासन का कदम

प्रशासनिक अधिकारियों का मानना है कि इस अभियान के बाद छतौनी चौक से ढाका रोड तक यातायात व्यवस्था में सुधार होगा. साथ ही लोगों को जाम की समस्या से राहत मिलने की उम्मीद है. प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि शहर में यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे. कार्रवाई के दौरान कई जगहों पर स्थिति तनावपूर्ण रही, लेकिन पुलिस बल की मौजूदगी में हालात को नियंत्रित रखा गया. प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सड़क किनारे अवैध अतिक्रमण न करें और नियमों का पालन करें.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement