scorecardresearch
 

हाल में हुई शादी और एकाएक लापता हो गए डॉक्टर कुंदन...नहीं मिल रहा कोई सुराग

बिहार के खगड़िया में आयुर्वेदिक चिकित्सक और समाजसेवी डॉ. कुंदन स्वामी के रहस्यमय ढंग से लापता होने से सनसनी फैल गई है. परिवार ने जमीन विवाद के चलते अपहरण की आशंका जताई है. पुलिस ने मामला दर्ज कर एक संदिग्ध को हिरासत में लिया है और सीसीटीवी, मोबाइल लोकेशन व डॉग स्क्वॉड की मदद से तलाश जारी है.

Advertisement
X
हाल में हुई शादी और एकाएक लापता हो गए डॉक्टर (Photo: itg)
हाल में हुई शादी और एकाएक लापता हो गए डॉक्टर (Photo: itg)

बिहार के खगड़िया जिले में आयुर्वेदिक चिकित्सक और समाजसेवी डॉ. कुंदन स्वामी के रहस्यमय तरीके से लापता होने का मामला इलाके में चर्चा का विषय बना हुआ है. 16 जुलाई की दोपहर से उनका कोई पता नहीं चल सका है. कई दिनों के बाद भी जब उनका कोई सुराग नहीं मिला तो परिवार की चिंता और बढ़ गई. परिजन किसी अनहोनी की आशंका जता रहे हैं और जमीन के खरीद-बिक्री के विवाद को इस पूरे मामले की वजह मान रहे हैं.

जानकारी के अनुसार, महेशखूंट थाना क्षेत्र के कुशवाहा नगर निवासी डॉ. कुंदन स्वामी 16 जुलाई को दोपहर करीब 12 बजे के बाद अचानक लापता हो गए. इसके बाद से उनका मोबाइल फोन लगातार बंद आ रहा है. परिवार ने अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिलने पर पुलिस की शरण ली.

 कुछ महीने पहले ही विवाह बंधन में बंधे डॉ. कुंदन स्वामी की पत्नी श्रुति कुमारी ने महेशखूंट थाने में लिखित आवेदन देकर दो नामजद लोगों और कुछ अज्ञात व्यक्तियों पर पति के साथ अनहोनी की आशंका जताई है. आवेदन में कहा गया है कि जमीन के एक सौदे को लेकर करीब एक सप्ताह पहले उनके पति की कुछ लोगों से तीखी बहस हुई थी. इसके बाद से वह मानसिक रूप से परेशान भी रहने लगे थे. परिवार का मानना है कि उसी विवाद के कारण उनका अपहरण किया गया हो सकता है.

Advertisement

मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. पुलिस ने एक संदिग्ध व्यक्ति को हिरासत में लेकर पूछताछ भी शुरू की है. साथ ही डॉ. कुंदन स्वामी के मोबाइल फोन की अंतिम लोकेशन, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और अन्य तकनीकी साक्ष्यों को खंगाला जा रहा है. इसके अलावा उनकी तलाश में डॉग स्क्वॉड की भी मदद ली जा रही है.

महेशखूंट थानाध्यक्ष मिथिलेश कुमार ने बताया कि पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है. फिलहाल अपहरण समेत सभी संभावित एंगल पर पड़ताल जारी है और लापता चिकित्सक की सकुशल बरामदगी पुलिस की प्राथमिकता है.  डॉ. कुंदन स्वामी के अचानक लापता होने से परिवार गहरे सदमे में है. परिजनों का कहना है कि जब तक उनका कोई सुराग नहीं मिल जाता, तब तक उनकी चिंता कम नहीं होगी. वहीं स्थानीय लोग भी जल्द से जल्द इस मामले का खुलासा करने और चिकित्सक की सुरक्षित बरामदगी की मांग कर रहे हैं.
 


 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement