scorecardresearch
 

बिहार में 'सन ऑफ सरकार'... 10 नए मंत्री जिनका सियासी घरानों से है कनेक्शन

बिहार में सम्राट चौधरी के अगुवाई वाली सरकार के मंत्रिमंडल का विस्तार हो गया है, जिसमें 32 नए मंत्री बनाए गए हैं. नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने भी मंत्री पद की शपथ ली है. निशांत पहले नेता नहीं है, जिन्हें अपने पिता से विरासत में सियासत मिली है. सम्राट कैबिनेट में तीन पूर्व सीएम के बेटे मंत्री बने हैं.

Advertisement
X
बिहार में तीन पूर्व सीएम के बेटे बने मंत्री (Photo-ITG)
बिहार में तीन पूर्व सीएम के बेटे बने मंत्री (Photo-ITG)

बिहार में सम्राट चौधरी की अगुवाई वाले मंत्रिमंडल का गुरुवार को विस्तार हो गया है. पटना के गांधी मैदान में राज्यपाल सैयद अता हसनैन ने 32 नेताओं को मंत्री पद की शपथ दिलाई, जिसमें बीजेपी से 15 और जेडीयू से 13 मंत्री बनाए गए हैं तो एनडीए बाकी घटक दल से तीन मंत्री बने हैं. इस तरह से सीएम और दोनों डिप्टीसीएम को मिलाकर अब मंत्रिमंडल में कुल 35 सदस्य हो गए हैं. 

एनडीए ने मंत्रिमंडल विस्तार के जरिए बिहार के जातीय और सामाजिक समीकरण को साधने की कवायद की है. सम्राट चौधरी के मंत्रिमंडल में पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार की भी एंट्री हो गई है. निशांत कुमार ने कैबिनेट मंत्री के रूप में शपथ ली है. 

सम्राट सरकार में एक दर्जन के करीब मंत्री ऐसे बने हैं, जिनका सियासी ताल्लुक किसी न किसी राजनीतिक परिवार से है. निशांत कुमार सहित सम्राट कैबिनेट में तीन मंत्री ऐसे हैं, जिनके पिता बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. यही वजह है कि बिहार में बनी सम्राट सरकार को 'सन ऑफ सरकार' कहा जा रहा है.

कैबिनेट विस्तार में 32 नए मंत्री बने
बिहार में नीतीश कुमार के इस्तीफा देने के बाद सम्राट चौधरी 15 अप्रैल को मुख्यमंत्री बने. सम्राट के साथ जेडीयू से डिप्टी सीएम विजय कुमार चौधरी और बिजेंद्र प्रसाद यादव बने थे. अब सरकार गठन के 22 दिन के बाद मंत्रिमंडल का विस्तार किया गया, जिसमें नए 32 मंत्रियों ने शपथ ली. 

Advertisement

शपथ लेने वाले मंत्रियों में श्रवण कुमार, विजय कुमार सिन्हा, दिलीप कुमार जायसवाल, निशांत कुमार, लेशी सिंह, रामकृपाल यादव, नीतीश मिश्रा, दामोदर रावत, संजय सिंह टाइगर, अशोक चौधरी, भगवान सिंह कुशवाहा, अरुण शंकर प्रसाद, मदन सहनी,संतोष कुमार सुमन, रमा निषाद, रत्नेश सदा, कुमार शैलेंद्र, शीला कुमारी, केदार प्रसाद गुप्ता लखेंद्र कुमार रौशन, सुनील कुमार, श्रेयसी सिंह, जमा खान, नंद किशोर राम, शैलेश कुमार उर्फ बुलो मंडल, प्रमोद कुमार, श्वेता गुप्ता, मिथिलेश तिवारी, रामचंद्र प्रसाद, संजय कुमार सिंह, संजय कुमार और दीपक प्रकाश शामिल हैं. 

बिहार के तीन पूर्व सीएम के बेटे बने मंत्री
बिहार में सम्राट चौधरी के अगुवाई वाली कैबिनेट का विस्तार हुआ, तो एक बात साफ़ हो गई. बिहार में सत्ता की चाबी उन्हीं हाथों में सुरक्षित है जिनकी विरासत के पन्ने पुराने और रसूखदार हैं. सम्राट कैबिनेट का चेहरा इस हकीकत को बयां करता है कि सत्ता के गलियारों में 'सरनेम' का सिक्का आज भी सबसे ज्यादा चमकता है. 

15 साल तक सीएम सीएम रहे नीतीश कुमार के बेटे निशांत कुमार ने भी मंत्री पद की शपथ ली है. निशांत एकलौते नेता नहीं है, जिनते पिता सूबे के सीएम रहे हैं. इस फेहरिश्त में नीतीश मिश्रा का भी नाम है, जिनके पिता जगननाथ मिश्रा है, जो बिहार के सीएम रहे हैं. बिहार के तीन बार मुख्यमंत्री रहे स्वर्गीय जगन्नाथ मिश्रा के पुत्र नीतीश मिश्रा हैं. 

Advertisement

कैबिनेट में सबसे ज्यादा चर्चा संतोष कुमार सुमन की रही. संतोष सुमन, पूर्व मुख्यमंत्री जीतन राम मांझी के बेटे हैं. मांझी ने अपनी राजनीति की विरासत बेटे को सौंपी और संतोष सुमन अब सरकार में अनुसूचित जाति/जनजाति कल्याण और लघु जल संसाधन जैसे अहम विभागों के जरिए अपने पिता के जनाधार को सहेज रहे हैं. नीतीश कुमार के बाद सम्राट चौधरी के अगुवाई वाली सरकार में भी संतोष सुमन मंत्री बन गए हैं. 

सम्राट चौधरी को विरासत में मिली सियासत
बिहार के सत्ता के सिंहासन पर विराजमान सम्राट चौधरी को सियासत उनके पिता से विरासत में मिली है. सम्राट चौधरी, बिहार के दिग्गज नेता और पूर्व मंत्री शकुनी चौधरी के बेटे हैं, शकुनी चौधरी का रसूख कभी खगड़िया और मुंगेर के इलाके में ऐसा था कि बिना उनकी मर्जी के पत्ता नहीं हिलता था. आज सम्राट उसी विरासत को नई ऊंचाइयों पर ले जाकर प्रदेश के 'खेवनहार' बने हुए हैं, लेकिन उनके पिता कांग्रेस से लेकर समता पार्टी और आरजेडी तक का सफर तय किया. 

बिहार सरकार में  मंत्रियों के 'मंत्री' पुत्र
कैबिनेट विस्तार में उन चेहरों की भी चमक दिखी जिनके पिता दशकों तक बिहार सरकार में 'किंगमेकर' रहे. अशोक चौधरी इसका सबसे सटीक उदाहरण हैं. उनके पिता महावीर चौधरी बिहार कांग्रेस के बड़े नेता और कई बार मंत्री रहे थे. अशोक चौधरी ने न केवल अपने पिता की विरासत संभाली, बल्कि वे नीतीश कुमार के सबसे भरोसेमंद रणनीतिकार बनकर उभरे.  एक बार फिर से मंत्री बने हैं. 

Advertisement

वहीं, जेडीयू कोटे से डिप्टीसीएम विजय कुमार चौधरी का जिक्र किए बिना यह सूची अधूरी है. उनके पिता जगदीश प्रसाद चौधरी पुराने सोशलिस्ट नेता और विधायक थे. विजय चौधरी बिहार सरकार में 'संकटमोचक' की भूमिका में रहते हैं, जो बताता है कि राजनीति में अनुभव और विरासत का संगम कितना प्रभावशाली होता है. विजय चौधरी अपने पिता की राजनीतिक विरासत को संभालने के लिए सियासत में आए थे और उसके बाद तेजी से आगे बढ़े और सम्राट सरकार में डिप्टीसीएम

2026 की इस कैबिनेट में एक और नाम गूंजा श्रेयसी सिंह. पूर्व केंद्रीय मंत्री दिग्विजय सिंह और पुतुल कुमारी की बेटी श्रेयसी खेल की दुनिया से सियासत में आई हैं. जमुई सीट से दूसरी बार विधायक हैं, श्रेयसी नीतीश की सरकार में खेल और आईटी मंत्री रही हैं. अब सम्राट सरकार में भी मंत्री बनी हैं. ऐसे ही दीपक प्रकाश का नाम है, जो एक बार फिर से मंत्री पद की शपथ ली है. दीपक प्रकास राज्यसभा सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री उपेंद्र कुशवाहा के बेटे हैं.  

सुनील कुमार एक बार फिर से मंत्री बने हैं ये पूर्व मंत्री चंद्रिका राम के पुत्र और पूर्व विधायक अनिल कुमार के भाई हैं.रमा निषाद ने एक बार फिर से मंत्री पद की शपथ ली है. ये पूर्व केंद्रीय मंत्री कैप्टन जय नारायण निषाद की बहू और पूर्व सांसद अजय निषाद की पत्नी हैं. जेडीयू कोटे से मंत्री पद की शपथ लेने वाली लेसी सिंह पूर्व समता पार्टी नेता भूटान सिंह की पत्नी हैं. 

Advertisement

बिहार में बन गई 'सन आफ सरकार'
बिहार में परिवारवाद से निकले नेता सत्ता के सिंहासन पर ही नहीं बल्कि कैबिनेट में भी विराजमान है. इसे 'परिवारवाद' का नाम देते हैं, लेकिन इन नेताओं के समर्थकों का तर्क है कि ये नेता केवल अपने पिता के नाम पर नहीं, बल्कि अपनी योग्यता और चुनावी जीत के दम पर यहां पहुंचे हैं. 

हालांकि,  बिहार की राजनीति में 'सरनेम' एक लॉन्चपैड की तरह काम करता है, जहां एक आम कार्यकर्ता को पार्टी के शीर्ष तक पहुंचने में दशकों लग जाते हैं, वहीं इन 'बेटों और बेटियों' के लिए सत्ता का रास्ता थोड़ा कम पथरीला होता है. सम्राट चौधरी कैबिनेट ने यह साबित कर दिया कि बिहार में 'चेहरा' भले ही बदल जाए, लेकिन 'घराना' वही रहता है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement