scorecardresearch
 

बेगूसराय के होटल में ठहरा कारोबारी, कमरे से 3 लाख रुपये और मोबाइल चोरी, CCTV में कैद हुई पूरी वारदात

बेगूसराय के एक होटल में ठहरे झारखंड के कारोबारी के कमरे से लाखों रुपये और महंगा मोबाइल चोरी होने का मामला सामने आया है. पूरी वारदात होटल के सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. फुटेज में संदिग्ध युवक कई कमरों के दरवाजे जांचने के बाद एक कमरे से बैग लेकर निकलता दिखाई दे रहा है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.

Advertisement
X
VIP होटल में रुके कारोबारी के साथ चोरी (Photo: itg)
VIP होटल में रुके कारोबारी के साथ चोरी (Photo: itg)

बिहार के बेगूसराय में एक होटल के कमरे से लाखों रुपये की चोरी का मामला सामने आया है. इस घटना के बाद होटल की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं. चोरी की पूरी वारदात होटल में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है. फुटेज में एक युवक होटल की गैलरी में घूमते हुए दिखाई देता है. वह पहले कई कमरों के दरवाजे खोलने की कोशिश करता है और फिर एक खुले कमरे में घुसकर बैग लेकर बाहर निकल जाता है.

यह मामला एफसीआई थाना क्षेत्र के जीरो माइल स्थित वीआईपी होटल सम्राट का है. पीड़ित की पहचान झारखंड के धनबाद निवासी फल व्यवसायी अमन राज के रूप में हुई है. बताया गया कि अमन राज की शादी बेगूसराय के महना गांव में तय हुई है. इसी सिलसिले में वह अपने परिवार के साथ सगाई समारोह में शामिल होने के लिए बेगूसराय आए थे.

परिवार के लोग वीआईपी होटल सम्राट में ठहरे हुए थे, जबकि सगाई का कार्यक्रम पास के होटल युवराज में रखा गया था. पीड़ित के अनुसार, सुबह सभी लोग अपने-अपने कमरों में सो रहे थे. इसी दौरान एक अज्ञात युवक होटल के अंदर पहुंचा और अलग-अलग कमरों के दरवाजे जांचने लगा. जिस कमरे का दरवाजा खुला मिला, उसमें दाखिल होकर उसने बैग उठा लिया.

अमन राज का कहना है कि बैग में करीब तीन लाख रुपये नकद और एक सैमसंग मोबाइल फोन रखा हुआ था. चोरी के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया. बाद में होटल के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखने पर पूरी घटना सामने आई. पीड़ित ने आरोप लगाया है कि होटल प्रबंधन ने घटना की जिम्मेदारी लेने से इनकार कर दिया. इसके बाद उन्होंने एफसीआई थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की. सूचना मिलने पर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

एफसीआई थाना अध्यक्ष ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है. शुरुआती जांच के दौरान होटल के दो कर्मचारियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है. साथ ही सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है. फिलहाल पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही यह साफ हो सकेगा कि चोरी की वारदात किसने की और इसके पीछे पूरा घटनाक्रम क्या था.
 

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement