अगर दिल में सच्चा प्यार हो तो सात समंदर की दूरी भी मायने नहीं रखती. कुछ ऐसा ही मामला बिहार के मुजफ्फरपुर में देखने को मिला है, जहां अपने प्यार को पाने के लिए एक युवती करीब 2000 किलोमीटर की दूरी तय कर मुंबई से मुजफ्फरपुर पहुंच गई. यहां पहुंचते ही उसने अपने प्रेमी के साथ हिंदू रीति-रिवाज से मंदिर में शादी रचा ली.
अब इस शादी का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. वीडियो में युवती ने साफ कहा है कि वह अपनी मर्जी से अपने प्रेमी के पास आई है और अब अपने पति के साथ ही रहना चाहती है. साथ ही उसने यह भी कहा कि अगर उसके पति या उनके परिवार के साथ किसी तरह की कोई घटना होती है तो उसके लिए उसके अपने घर वाले जिम्मेदार होंगे.
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की रहने वाली प्रेमिका
दरअसल, युवती उत्तर प्रदेश के गाजीपुर की रहने वाली आकांक्षा है, जो कई सालों से मुंबई में अपनी बहन और चाचा-चाची के साथ रहकर एक प्राइवेट कंपनी में काम करती थी. इसी कंपनी में मुजफ्फरपुर के रहने वाले राजीव कुमार भी काम करते थे.
करीब आठ महीने पहले दोनों की दोस्ती प्यार में बदल गई और दोनों एक-दूसरे को चाहने लगे. इसी बीच होली के दौरान राजीव अपने घर मुजफ्फरपुर आ गए. आकांक्षा ने बताया कि जब वह मुंबई में अपने प्रेमी से फोन पर बात कर रही थी, तभी उसकी बहन ने उसे देख लिया और गुस्से में आकर उसका मोबाइल तोड़ दिया. इस घटना से आहत होकर आकांक्षा ने ठान लिया कि वह किसी भी हाल में अपने प्यार को हासिल करेगी.
इसके बाद शनिवार की देर रात वह मुंबई से पवन एक्सप्रेस ट्रेन पकड़कर मुजफ्फरपुर पहुंची, जहां स्टेशन पर उसका प्रेमी राजीव पहले से इंतजार कर रहा था. स्टेशन से दोनों सीधे राजीव के घर पहुंचे और रविवार को परिजनों और स्थानीय लोगों की मौजूदगी में मंदिर में हिंदू रीति-रिवाज से शादी कर ली. अब शादी के बाद दोनों ने एक वीडियो जारी कर अपने प्यार का खुला ऐलान किया है और कहा है कि वे दोनों साथ रहना चाहते हैं.