scorecardresearch
 

XP100, स्पीड या पॉवर... क्या इथेनॉल 'फ्री' हैं ये प्रीमियम पेट्रोल? जानें तेल के पीछे का असल खेल

Zero Ethanol Petrol: पेट्रोल में 20 फीसदी इथेनॉल की ब्लेंडिंग के बीच ज्यादातर लोगों के जेहन में ये सवाल है कि, क्या अलग-अलग कंपनियों द्वारा बेचे जा रहे प्रीमियम पेट्रोल में इथेनॉल नहीं होता है? आज इस लेख में हम आपके लिए इसी सवाल का जवाब लेकर आए हैं.

Advertisement
X
भारत में प्रीमियम पेट्रोल की कीमत तकरीबन 160 रुपये प्रतिलीटर है. Photo: ITG
भारत में प्रीमियम पेट्रोल की कीमत तकरीबन 160 रुपये प्रतिलीटर है. Photo: ITG

Ethanol Blending in Premium Petrol: देश में इस समय E20 पेट्रोल को लेकर बवाल मचा हुआ है. कई लोग इस फ्यूल के इस्तेमाल से वाहनों को होने वाली समस्याओं को लेकर शिकायत कर रहे हैं. कई लोगों को कहना है कि, E20 पेट्रोल के इस्तेमाल के चलते उनके गाड़ियों का माइलेज कम हुआ है और मेंटनेंस कॉस्ट बढ़ गई है. दूसरी ओर सरकार इथेनॉल ब्लेंडेड E20 फ्यूल के फायदे गिना रही है. सरकार का कहना है कि, इससे माइलेज में गिरावट संभव है लेकिन वाहन को कोई नुकसान नहीं है.

खैर, ये बहस और जांच का मुद्दा है. ज्यादातर पुराने वाहन मालिकों का मानना है कि, यदि उन्हें E5, E10 जैसे पेट्रोल का ऑप्शन मिलता है तो बेहतर है. क्योंकि इन फ्यूल में इथेनॉल की ब्लेंडिंग कम मात्रा में होगी. जिससे अप्रैल 2023 से पहले की पुरानी गाड़ियां भी आसानी से बिना परेशानी के चल सकेंगी. इस बीच कम इथेनॉल ब्लेंडेड और प्रीमियम फ्यूल की भी खूब चर्चा हो रही है. 

ज्यादातर लोगों का मानना है कि, अलग-अलग ब्रांड्स द्वारा बेचे जा रहे प्रीमियम पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा कम होती है. हालांकि, ये प्रीमियम फ्यूल कीमत में रेगुलर पेट्रोल के मुकाबले काफी महंगे हैं. लेकिन लोग इन्हें पुरानी गाड़ियों के लिए एक बेहतर विकल्प के तौर पर देख रहे हैं. तो आइये जानें तेल के पीछे छिपे इस खेल का असल सच- 

Advertisement

देश में इंडियन ऑयल, हिंदुस्तान पेट्रोलियम, भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड, शेल इंडिया और जियो बीपी जैसे कई ब्रांड्स पेट्रोल-डीजल और सीएनजी की बिक्री करते हैं. ये कंपनियां अपने पेट्रोल पंपों फ्यूल की गुणवत्ता के आधार पर अलग-अलग नामों से पेट्रोल भी बेचती हैं. जिनको लेकर इनके दावे भी अलग हैं. 

Indian Oil XP100 Ethanol Percentage
इंडियन ऑयल के XP100 में सबसे कम इथेनॉल को लेकर चर्चा रहती है. Photo: ITG

Indian Oil: XP100

सबसे पहले बात शुरू करते हैं इंडियन ऑयल से. इंडियन ऑयल देश भर में रेगुलर पेट्रोल के साथ-साथ XP95 और XP100 के नाम से भी पेट्रोल बेचता है. कंपनी ने पिछले साल जनवरी में सोशल मीडिया पर एक यूजर को दिए गए अपने जवाब में बताया था कि, सभी पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा एक जैसी नहीं है. XP100 में 10% इथेनॉल है, XP95 में 10% या 12% और रेगुलर पेट्रोल में राज्य के अनुसार 10% से 20% तक इथेनॉल की ब्लेंडिंग की जाती है.

हालांकि, एक RTI एंक्वॉयरी में सामने आया था कि, इंडियन ऑयल XP95 में 20% इथेनॉल और XP100 में 0% इथेनॉल होता है. ऐसे ऑटोकार की एक रिपोर्ट में भी लैब टेस्ट को शामिल करते हुए दावा किया गया था कि, XP100 में तकरीबन 0% इथेनॉल होता है. अब चूंकि एक ही फ्यूल को लेकर कंपनी के दो जवाब और अलग-अलग रिपोर्टस से ये स्पष्ट नहीं है कि, XP100 वाकई इथेनॉल फ्री है या नहीं.

Advertisement

हिंदुस्तान पेट्रोलियम: (HPCL): Power 100

हिंदुस्तान पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड ने भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X) पर एक यूजर को दिए अपने जवाब में कहा था कि, अलग-अलग ग्रेड के पेट्रोल में एथेनॉल की मात्रा अलग है. जहां रेगुलर पेट्रोल में सबसे ज्यादा करीब 20% इथेनॉल है, वहीं प्रीमियम ग्रेड वाले पावर 95, पावर 99 और पावर 100 में इथेनॉल की मात्रा क्रमश: करीब 15%, 11% और अधिकतम 4.5% है. यानी कंपनी के सबसे प्रीमियम फ्यूल Power 100 में भी कम से कम 4.5% इथेनॉल की ब्लेंडिंग की जाती है.

भारत पेट्रोलियम: BPCL- Speed 100

भारत पेट्रोलियम ने भी सोशल मीडिया पर ही एक यूजर के जवाब में बताया था कि, कंपनी के पेट्रोल पंपों पर मिलने वाला रेगुलर RON 91 पेट्रोल E12 वैरिएंट के रूप में उपलब्ध है. जिसमें अधिकतम 12 फीसदी तक इथेनॉल मिलाया जाता है. वहीं RON 97 पेट्रोल E20 वैरिएंट के रूप में उपलब्ध है, जिसमें अधिकतम 20 फीसदी तक इथेनॉल होता है. हालांकि, कंपनी ने यह भी स्पष्ट किया है कि, इथेनॉल की वास्तविक मात्रा सप्लाई और उपलब्धता के आधार पर थोड़ी कम या ज्यादा हो सकती है. बता दें कि, भारत पेट्रोलियम स्पीड और स्पीड100 के नाम से प्रीमियम फ्यूल की बिक्री करता है.

Bharat Petroleum Speed 100 Ethanol Percentage
जियो बीपी का कहना है कि, वो केवल एक तरह का 20% इथेनॉल वाला पेट्रोल बेचता है. Photo: ITG

शेल इंडिया: Shell - V-Power

Advertisement

शेल इंडिया के मुताबिक, भारत सरकार के निर्देशों के अनुसार कंपनी अपने पेट्रोल पंपों पर अधिकतम 20 फीसदी तक इथेनॉल ब्लेंडेड पेट्रोल बेचती है. कंपनी का कहना है कि, इथेनॉल की वास्तविक मात्रा शहर और सप्लाई की उपलब्धता के आधार पर अलग-अलग हो सकती है. कंपनी की आधिकारिक वेटसाइट में दर्ज जानकारी के अनुसार रेगुलर पेट्रोल और Shell V-Power प्रीमियम पेट्रोल, दोनों में इथेनॉल ब्लेंडिंग का लेवल समान होता है. साथ ही, शेल का कहना है कि उसके सभी फ्यूल में विशेष एडिटिव्स मिलाए जाते हैं, जो इंजन को क्लीन रखने में मदद करते हैं.

जियो बीपी: Jio BP
 
शेल की तरह जियो बीपी भी ऑयल इंडस्ट्री में एक प्राइवेट प्लेयर है. कंपनी के मुताबिक, भारत सरकार के इथेनॉल ब्लेंडिंग प्रोग्राम के तहत जारी निर्देशों के अनुसार देशभर में बिकने वाले पेट्रोल में अधिकतम 20 फीसदी तक इथेनॉल (E20) मिलाया जाना अनिवार्य है. कंपनी ने कहा कि वह सरकार द्वारा तय किए गए इन सभी नियमों और नेशनल फ्यूल स्टैंडर्ड का पूरी तरह पालन करती है. सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म (X) पर एक यूजर के जवाब में कंपनी ने कहा कि, जियो बीपी देश भर में केवल एक तरह का पेट्रोल वेरिएंट बेचती है, जिसमें 20% इथेनॉल की ब्लेंडिंग होती है. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement