
Tiger Shroff Firing: टाइगर श्रॉफ का नाम बॉलीवुड के उन सितारों में आता है जो पर्दे पर बड़े-बड़े खतरों से भिड़ते नजर आते हैं. लेकिन 18 अक्टूबर की शाम मुंबई की सड़क पर जो हुआ, वह किसी फिल्म का सीन नहीं, बल्कि हकीकत थी. फुटबॉल खेलकर घर लौट रहे टाइगर श्रॉफ की BMW पर हमलावरों ने गोलियां चला दी. गाड़ी में बैठे टाइगर इस हमले में बाल-बाल बच गए, जबकि उनके ड्राइवर फिरदौस घायल हो गए. जिस लग्जरी कार में यह सब हुआ, वह कोई आम सेडान नहीं, बल्कि BMW 3 Series की लग्ज़री सेडान कार है. टाइगर ने करीब ढाई साल पहले यह कार खरीदी थी.
कैसे और कब हुआ हादसा
जानकारी के अनुसार, 18 अक्टूबर 2026 को मुंबई के जुहू इलाके में हमालवरों ने टाइगर श्रॉफ की BMW कार पर ताबड़तोड़ कई राउंड फायरिंग की. हादसे के वक्त टाइगर फुटबॉल खेलकर अपने घर लौट रहे थे. मौके पर कई पेपराजी भी मौजूद थें जो लगातार टाइगर श्रॉफ की तस्वीरें और वीडियो ले रहे थें. इस दौरान टाइगर को-ड्राइविंग सीट पर बैठे थे और कार की स्पीड काफी कम थी. कार लोगों के बीच से कार बाहर सड़क की ओर निकल रही थी.
यह भी पढें: किलर लुक... स्मार्ट फीचर्स! भारत आ रही ALTO जैसी छोटी EV
इसी दौरान अचानक तीन हमलावरों कार को सामने और साइड से घेर कर खड़े हो गए और कार पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी. इस वारदात का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि, इस हादसे में टाइगर श्रॉफ बाल-बाल बचे हैं, लेकिन उनके ड्राइवर फिरदौस के हाथ पर गोली लग गई. बताया जा रहा है कि, हमले के बाद टाइगर ने तत्काल कार के भीतर से ही अपनी सीट चेंज की और ड्राइवर को दूसरी सीट पर बैठाकर उसे अस्पताल लेकर भागे.

कैसी है टाइगर की कार
सरकारी आंकड़ों के अनुसार टाइगर श्रॉफ जिस कार में सफर कर रहे थे वो उन्हीं के नाम पर रजिस्टर्ड है और इसका रजिस्ट्रेशन 26 मार्च 2024 को हुआ था. यानी ये कार तकरीबन 2.5 साल पहले खरीदी गई थी. टाइगर की ये कार BMW 3 Series की GRAN 320LD LCI M SPORT वेरिएंट है. यहां LCI का मतलब लाइफ साइकिल इंपल्स है, जिसे आम भाषा में कार का अपडेटेड या फेसलिफ्ट मॉडल कहा जाता है. वहीं ग्रां लिमोजिन से पता चलता है कि यह कार सामान्य 3 Series के मुकाबले लंबे व्हीलबेस के साथ आती है. इसका फायदा खासकर पीछे बैठने वाले यात्रियों को मिलता है, जिन्हें पैरों के लिए ज्यादा जगह मिलती है.
इस कार में स्पोर्टी लुक के साथ लग्जरी और आराम का भी ध्यान रखा गया है. BMW की M Sport सीरीज में कार को ज्यादा स्पोर्टी डिजाइन, खास बंपर और आकर्षक अलॉय व्हील जैसे एलिमेंट मिलते हैं. यह उन लोगों के लिए बनाई गई है जो एक ऐसी सेडान चाहते हैं, जिसमें खुद ड्राइव करने का मजा भी मिले और पीछे बैठकर सफर करने में भी आराम रहे.
यह भी पढें: 3.5 लाख कीमत... 34KM माइलेज! इस दिवाली घर लाएं छोटी कारें
भारत में इस कार की कीमत 64.20 लाख रुपये है. जानकारी के अनुसार ये कार टाइगर श्रॉफ के नाम से ही रजिस्टर्ड है और ये मार्च 2024 में खरीदा गया था. इस लग्जरी सेडान में 2.0-लीटर का चार-सिलेंडर टर्बो डीजल इंजन मिलता है. इसकी क्षमता 1,995 सीसी है. यह इंजन करीब 190hp की पावर और 400Nm का टॉर्क जेनरेट करता है.
इसमें 8-स्पीड ऑटोमैटिक गियरबॉक्स मिलता है. यानी ड्राइवर को बार-बार गियर बदलने की जरूरत नहीं होती. शहर में ट्रैफिक के दौरान भी इसे चलाना आसान रहता है और हाईवे पर भी कार आराम से तेज रफ्तार पकड़ सकती है. करीब 7.6 सेकंड में ये कार 0 से 100 किमी प्रतिघंटा की रफ्तार पकड़ सकती है.

कैसा है केबिन
BMW 320Ld M Sport का केबिन काफी प्रीमियम है. इसमें डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर और बड़ा टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम दिया गया है. इस मॉडल में 12.3-इंच का डिजिटल इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले और 14.9-इंच का कंट्रोल डिस्प्ले मिलता है. इनकी मदद से ड्राइवर को स्पीड, नेविगेशन और मनोरंजन से जुड़ी जानकारी एक ही जगह मिल जाती है.
कार में BMW का iDrive सिस्टम, वॉइस कंट्रोल, नेविगेशन और कनेक्टेड कार फीचर्स भी मिलते हैं. इसका मतलब है कि ड्राइवर कई जरूरी काम स्क्रीन या वॉइस कमांड के जरिए कर सकता है. कम्फर्ट की बात करें तो इसमें प्रीमियम सीटें, ऑटोमैटिक क्लाइमेट कंट्रोल और लंबे व्हीलबेस के चलते पीछे बैठने वाले यात्रियों को भी अच्छा लेगरूम मिलता है.
यह भी पढें: फुल टैंक में 1400KM... 80% बिना पेट्रोल के चलेगी SUV, कीमत इतनी
सेफ्टी फीचर्स
इस कार में कई जरूरी सेफ्टी फीचर्स दिए गए हैं. इनमें एयरबैग, एंटी-लॉक ब्रेकिंग सिस्टम यानी ABS, ब्रेक असिस्ट, डायनामिक स्टेबिलिटी कंट्रोल और ट्रैक्शन कंट्रोल जैसे फीचर्स शामिल हैं. इसके अलावा पार्किंग के दौरान मदद के लिए रिवर्सिंग कैमरा और पार्किंग सेंसर भी मिलते हैं. कुछ अपडेटेड वेरिएंट में पार्किंग असिस्टेंट, रिवर्सिंग असिस्टेंट और ड्राइविंग असिस्टेंस से जुड़े एक्स्ट्रा फीचर्स भी दिए गए हैं. हालांकि, सभी फीचर्स हर मॉडल ईयर और वेरिएंट में एक जैसे नहीं होते.