टाटा ने अपनी नई टियागो ईवी (Tata Tiago EV 2026) को लॉन्च कर दिया है. ये कंपनी की सबसे सस्ती इलेक्ट्रिक कार है, जो दमदार फीचर्स के साथ आती है. कार में कई फीचर्स को अपडेट किया गया है, लेकिन बैटरी पैक पुराना ही आता है. इसका मतलब है कि कार की रेंज में भी कोई विशेष अंतर नहीं आएगा.
टियागो ईवी की कीमत 6.99 लाख रुपये से शुरू होती है और 11.14 लाख रुपये एक्स शोरूम तक जाती है. इस कीमत में आपको दो बैटरी पैक का ऑप्शन मिलता है. बेस वेरिएंट में 19kWh की बैटरी और टॉप वेरिएंट में 24kWh की बैटरी मिलती है.
चूंकि इस कार के टॉप वेरिएंट कीमत 10 लाख रुपये तक चली जाती है, तो इसका कंपटीशन दूसरे सेगमेंट की गाड़ियों से भी हो जाता है. ऐसी ही एक कार टाटा पंच ईवी (Tata Punch EV) है. इस कार की कीमत 9.69 लाख रुपये एक्स शोरूम से शुरू होती है. ऐसे में सवाल आता है कि अगर 10 लाख रुपये के बजट में एक इलेक्ट्रिक कार लेनी हो, तो इन दोनों में से किसे खरीदना चाहिए.
टियागो ईवी का प्योर प्लस वेरिएंट 9.49 लाख रुपये की एक्स शोरूम कीमत पर आता है. वहीं टाटा पंच का स्मार्ट 30 वेरिएंट 9.69 लाख रुपये की एक्स शोरूम कीमत पर आता है. अगर आप इन दोनों में से किसी को खरीदते हैं, तो लगभग बराबर पैसे खर्च करने होंगे.
यह भी पढ़ें: Tata Tiago 2026: 6 एयरबैग, पेट्रोल-CNG-EV एक साथ, टाटा की सबसे सस्ती कार लॉन्च, इतनी है कीमतें
जहां टियागो ईवी प्योर प्लस वेरिएंट में 55kW की पावर और 114 एनएम का टॉर्क मिलता है. वहीं पंच ईवी में 65kW की पावर और 154 एनएम का टॉर्क मिलेगा. टियागो में 24kWh की बैटरी मिलेगी, जबकि पंच ईवी के इस इवेंट में 30kWh की बैटरी मिलती है. इस बजट में आपको पंच में IP67 रेटिंग मिलती है, जबकि टाटा टियागो ईवी के इस वेरिएंट में कोई प्रोटेक्शन नहीं मिलेगी.
टियागो ईवी के मुकाबले पंच ईवी साइज में भी बड़ी है और इसमें बूट स्पेस भी ज्यादा मिलता है. पंच का ग्राउंड क्लियरेंस भी टियागो के मुकाबले ज्यादा है. कुल मिलाकर साइज के मामले में टाटा पंच को फायदा मिलेगा.
यह भी पढ़ें: 500Km की रेंज, फीचर्स की भरमार, Tata Sierra EV की लॉन्चिंग तय
वहीं बड़ी बैटरी होने की वजह से पंच में रेंज भी ज्यादा मिलेगा. जहां टियागो ईवी की क्लेम्ड रेंज 285 किलोमीटर की है. पंच ईवी में आपको 350 किलोमीटर की क्लेम्ड रेंज मिलेगी. ध्यान रखें रियल वर्ल्ड में ये रेंज कम होगी. अगर आप ज्यादा रेंज और बड़ी साइज वाली कार चाहते हैं, तो आपको पंच के लिए जाना चाहिए.
हालांकि, फीचर के मामले में टियागो ईवी इस वक्त एक बेहतर पैकेज है. क्योंकि इस बजट में आपको टाटा पंच ईवी का बेस वेरिएंट मिलता है, तो आपको कई फीचर्स के मामले में समझौता करना पड़ सकता है. पंच ईवी के बेस मॉडल में आपको इंफोटेनमेंट से जुड़े फीचर्स नहीं मिलते हैं. यानी अगर आपको फीचर्स चाहिए, तो पंच के ऊपर के मॉडल के लिए जाना होगा या फिर टियागो को चुनना होगा.