Sourav Joshi E20 petrol: देश के सबसे बड़े यूट्यूब व्लॉगर्स में शामिल सौरव जोशी इन दिनों अपनी किसी नई कार या ट्रैवल व्लॉग की वजह से नहीं, बल्कि E20 पेट्रोल के बारे में कही गईं अपनी बातों को लेकर चर्चा में हैं. पहले उन्होंने दावा किया कि E20 ब्लेंडेड पेट्रोल की वजह से उनकी 80 लाख रुपये से ज्यादा कीमत वाली Mercedes-Benz GLC 300 4MATIC की माइलेज तेजी से गिर गई है और उन्हें कार खराब होने का डर सता रहा है. लेकिन कुछ ही घंटों बाद कहानी बदल गई. सर्विस सेंटर की जांच में इंजन में खराबी सामने आई, जिसके बाद सौरव ने सोशल मीडिया पर माफी मांगते हुए अपना बयान वापस ले लिया.
सौरव जोशी ने रविवार को अपने यूट्यूब चैनल पर "रेस विद ब्रदर्स. कौन जितेगा?" नाम से एक व्लॉग अपलोड किया था. इस वीडियो में उन्होंने अपनी मर्सिडीज एसयूवी के इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर को दिखाते हुए दावा किया कि उनकी कार की माइलेज सिर्फ दो दिनों में 17 किमी/लीटर से घटकर पहले 9 किमी/लीटर और फिर 5 किमी/लीटर तक पहुंच गया. उन्होंने इसका कारण E20 ब्लेंडेड पेट्रोल को बताया.
वीडियो में सौरव ने कहा कि उन्हें अब पेट्रोल भरवाने से भी डर लग रहा है. वहीं उनकी पत्नी और को-व्लॉगर अवंतिका भट्ट ने भी कहा कि इतनी महंगी कार खरीदने के बाद ऐसी परेशानी होना चिंता की बात है. सौरव जोशी ने दावा किया कि हल्द्वानी के पेट्रोल पंपों पर मिलने वाले इथेनॉल मिले पेट्रोल की वजह से उनकी कार की माइलेज में भारी गिरावट आई है. उन्होंने कहा कि अगर मर्सिडीज जैसी लग्जरी कार में कोई बड़ी खराबी आ गई तो उसे दिल्ली के सर्विस सेंटर भेजना पड़ेगा और उसकी मरम्मत का खर्च भी काफी ज्यादा होगा.
सौरव जोशी इंडिया में सबसे फेमस व्लॉगर्स में से एक हैं. यूट्यूब पर उनके चैनल के तकरीबन 4.1 करोड़ फॉलोवर्स हैं. ऐसे में उनका यह वीडियो थोड़ी ही देर में सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया. जिसमें उन्होंने इथेनॉल ब्लेंडेड E20 फ्यूल को अपनी कार का माइलेज गिरने की वजह बताया था. इस वीडियो के वायरल होने के बाद मर्सिडीज बेंज ने भी अपने ग्राहकों के लिए एक एडवाइजरी जारी की.
हालांकि कंपनी ने अपने बयान में सौरव जोशी का नाम नहीं लिया, लेकिन कंपनी ने कहा, "Mercedes-Benz में ग्राहकों की सुरक्षा, वाहनों की विश्वसनीयता और बेहतर परफॉर्मेंस हमारी सबसे बड़ी प्रायोरिटी है. हमारे सभी BS6 पेट्रोल वाहन E20 फ्यूल के साथ पूरी तरह कम्पैटिबल हैं और संबंधित सरकारी एजेंसियों से इसके लिए प्रमाणित भी हैं." इससे साफ है कि, मर्सिडीज बेंज के सभी BS6 वाहन मौजूदा इथेनॉल ब्लेंडेड E20 पेट्रोल पर चलने के लिए डिजाइन और टेस्ट किए गए हैं. ऐसे में ग्राहकों को चिंता करने की जरूरत नहीं है.
हालांकि अगले ही दिन सौरव जोशी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर पोस्ट करते हुए बताया कि उनकी कार को Mercedes-Benz सर्विस सेंटर ले जाया गया, जहां जांच में इंजन में तकनीकी खराबी मिली. उन्होंने कहा कि इसी वजह से कार की माइलेज कम हो रही थी. सौरव ने अपने पोस्ट में लिखा कि "E20 पेट्रोल को लेकर हुई गलतफहमी के लिए वह माफी मांगते हैं. उनका मकसद किसी तरह की गलत जानकारी फैलाना या किसी की भावनाओं को ठेस पहुंचाना नहीं था. उन्होंने यह भी बताया कि व्लॉग का वह हिस्सा हटा दिया गया है, जिसमें E20 पेट्रोल पर सवाल उठाए गए थे."
वीडियो में दिखाई गई माइलेज को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं. यह साफ नहीं हो पाया कि सौरव कार की लॉन्ग टर्म एवरेज माइलेज की बात कर रहे थे या फिर रियल टाइम फ्यूल एफिशिएंसी डिस्प्ले की. रियल टाइम माइलेज रोड कंडिशन, ट्रैफिक, चढ़ाई, ड्राइविंग स्टाइल और कार के लंबे समय तक आइडल रहने जैसी वजहों से तेजी से बदल सकती है. वहीं मर्सिडीज बेंज के मुताबिक GLC 300 4MATIC पेट्रोल वेरिएंट की ARAI प्रमाणित माइलेज करीब 15 किमी प्रतिलीटर है.