होंडा एक्टिवा (Honda Activa) के बाद भारतीय बाजार में कंपनी एक और स्कूटर लेकर आ रही है. होंडा भारत में एडीवी (ADV) 160 को लॉन्च करने की तैयारी कर रहा है. रिपोर्ट्स की मानें, तो कंपनी इस प्रीमियम मैक्सी स्कूटर के लोकलाइजेशन पर काम कर रही है. हालांकि, आधिकारिक रूप से कंपनी ने अभी तक इसकी कोई जानकारी नहीं दी है.
कयास हैं कि Honda ADV 160 भारतीय बाजार में इस साल के अंत या अगले साल की शुरुआत में लॉन्च हो सकता है. जहां ट्रेडिशनल स्कूटर्स को शहरों के हिसाब से तैयार किया जाता है. वहीं एडीवी 160 को कंपनी एडवरेंचर स्कूटर के तौर पर लेकर आएगी.
इस स्कूटर में लंबी विंडस्क्रीन, अपराइट राइडिंग पोजिशन, लंबी सिंगल सीट, मस्कुलर बॉडीवर्क और एक अलग स्टाइल के फ्रंट सेक्शन के साथ आएगा. होंडा का ये स्कूटर ग्लोबल मार्केट में आता है. इस स्कूटर की ग्राउंड क्लियरेंस 165 एमएम है. इसमें 14-इंच के फ्रंट व्हील और 13-इंच के रियर व्हील्स मिलेंगे. स्कूटर ट्यूबलेस टायर के साथ आता है.
यह भी पढ़ें: 22Km माइलेज, 172Km टॉप स्पीड, भारत आई Honda की दमदार SUV
होंडा के इस स्कूटर में लेटेस्ट 156.9सीसी का लिक्विड कूल्ड, सिंगल सिलेंडर इंजन मिलता है. ये मोटर 15.8 एचपी की पावर और 14.7 एनएम का टॉर्क प्रोड्यूस करता है. इसमें सीवीटी ऑटोमेटिक ट्रांसमिशन मिलेगा. एडीवी 160 में होंडा का एसीजी स्टार्टर सिस्टम मिलेगा और इसमें आइडल स्टॉप टेक्नोलॉजी मिलती है.
डायमेंशल की बात करें, तो इस स्कूटर की लंबाई 1,950 एमएम, चौड़ाई 763 एमएम और ऊंचाई 1196 एमएम की है. स्कूटर 1324 एमएम के व्हीलबेस के साथ आता है. स्कूटर की सीट हाइट 780 एमएम की है और इसका कर्ब वेट 133 किलोग्राम है. इस स्कूटर में 8.1 लीटर का फ्यूल टैंक मिलता है. ये स्कूटर 45 किलोमीटर प्रति लीटर का माइलेज ऑफर कर सकता है.
यह भी पढ़ें: 6 एयरबैग और ADAS की सेफ्टी, 27Km का माइलेज, लॉन्च हुई Honda City Facelift
होंडा के इस स्कूटर का सीधा मुकाबला हीरो जूम 160 (Hero Xoom 160), टीवीएस एनटॉर्क 150 (TVS Ntorq 150) और यामाहा एयरोक्स 155 (Yamaha Aerox 155) से होगा. स्कूटर में फुली डिजिटल एलसीडी इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, कीलेस स्मार्ट की सिस्टम, यूएसबी चार्जिंग सॉकेट, एडजस्टेबल विंडस्क्रीन और बड़ा अंडर सीट स्टोरेज मिलेगा.