देश की सबसे बड़ी दोपहिया वाहन निर्माता कंपनी हीरो मोटोकॉर्प (Hero MotoCorp) ने घरेलू बाजार में अपनी पहली फ्लेक्स-फ्यूल (Flex-Fuel) बाइक को पेश कर दिया है. आज 3 जून 2026 को दिल्ली में आयोजित एक भव्य कार्यक्रम के दौरान कंपनी ने अपनी दो मशहूर बाइक्स स्प्लेंडर प्लस और एचएफ डिलक्स के फ्लेक्स फ्यूल वर्जन को पेश किया है. ख़ास बात ये है कि, इस अनोखी बाइक को केंद्रीय सड़क परिवहन राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने लॉन्च किया. ये नई बाइक E20 के अलावा कई अलग-अलग ब्लेंडेड फ्यूल यानी हाई इथेनॉल ब्लेंडिंग वाले पेट्रोल पर आसानी से चल सकेगी.
इस मौके पर केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी के अलावा पेट्रोलियम मंत्री हरदीप सिंह पुरी और हीरो मोटोकॉर्प के सीईओ हर्षवर्धन चितले मौजूद थे. हीरो मोटोकॉर्प ने अपनी दो सबसे लोकप्रिय बाइकों Splendor+ और HF Deluxe के Flex Fuel वर्जन पेश कर दिए हैं. खास बात यह है कि ये देश की पहली 100cc Flex Fuel मोटरसाइकिलें हैं. कंपनी का कहना है कि, दोनों बाइक्स E20 से लेकर E85 तक इथेनॉल ब्लेंडेड फ्यूल पर चल सकती हैं, जिससे पेट्रोल पर निर्भरता कम होगी और प्रदूषण में भी कमी आएगी.
हीरो मोटोकॉर्प अपनी Flex Fuel बाइक रेंज को जुलाई 2026 से दिल्ली और महाराष्ट्र के कुछ चुनिंदा इलाकों में लॉन्च करेगी. इसके बाद इन्हें देशभर में उपलब्ध कराया जाएगा. इस मौके पर कंपनी ने अपने दोनों बाइक्स की कीमतों का भी ऐलान किया है. HF Deluxe Flex Fuel की कीमत 72,792 रुपये रखी गई है, जबकि Splendor+ Flex Fuel की कीमत 82,710 रुपये ( एक्स-शोरूम) तय की गई है.
HF Deluxe Flex Fuel: 72,792 रुपये
Splendor+ Flex Fuel: 82,710 रुपये
नई Splendor+ Flex Fuel में 97.2cc का इंजन दिया गया है, जो E85 फ्यूल के साथ 6.3 kW की पावर और 8.3 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. कंपनी का दावा है कि यह स्टैंडर्ड मॉडल की तुलना में बेहतर परफॉर्मेंस देती है. बाइक में E20 से E85 तक के फ्यूल की कम्पैटिबिलिटी, Hero की पेटेंटेड i3S स्टार्ट-स्टॉप तकनीक, नया डिजी-एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, साइड स्टैंड इंजन कट-ऑफ फीचर और ट्यूबलेस टायर दिए गए हैं. Flex Fuel तकनीक को सपोर्ट करने के लिए ECU और फ्यूल सिस्टम में भी बदलाव किए गए हैं. बाइक को नए ब्लैक और लाइम येलो ग्राफिक्स के साथ पेश किया गया है.
HF Deluxe Flex Fuel में भी 97.2cc का इंजन मिलता है, जो E85 फ्यूल के साथ 6.3 kW की पावर और 8.3 Nm का टॉर्क जेनरेट करता है. इसमें E20 से E85 Flex Fuel सपोर्ट, नया डिजी-एनालॉग इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर, साइड स्टैंड इंजन कट-ऑफ, ट्यूबलेस टायर और अपडेटेड ECU व फ्यूल सिस्टम जैसे फीचर्स दिए गए हैं. इस बाइक को भी नए ब्लैक और लाइम येलो ग्राफिक्स के साथ बाजार में उतारा गया है.
सरकार लंबे समय से देश में फ्यूल की बचत की अपील कर रही है. पश्चिमी एशिया में फैले तनाव के चलते पेट्रोल, डीजल और सीएनजी की सप्लाई बुरी तरह प्रभावित हुई है. साथ पिछले महीने महज 10 दिनों के भीतर चार बार पेट्रोल-सीएनजी के दाम बढ़े हैं. ऐसे में सरकार देश में बेचे जाने वाले पेट्रोल में इथेनॉल की मात्रा बढ़ाने की योजना बना रही है. जिसके बारे में पहले ही नोटिफिकेशन जारी किया जा चुका है. अब E20 से आगे बढ़ते हुए E25 और E30 की तैयारी हो रही है. यानी आने वाले समय में पेट्रोल में 25 से 30 फीसदी इथेनॉल हो सकता है.
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी भी कई बार अलग-अलग मंचों से वाहन निर्माताओं से फ्लेक्स फ्यूल वाले वाहनों को पेश करने बात कर चुके हैं. आज हीरो मोटोकॉर्प ने बाजार में अपनी पहली फ्लेक्स फ्यूल बाइक को पेश किया है. आगामी 5 जून को देश की सबसे बड़ी कार निर्माता कंपनी मारुति सुजुकी भी अपनी पहली फ्लेक्स फ्यूल कार को पेश करने वाली है. इसे भी नितिन गडकरी ही लॉन्च करेंगे. इसके अलावा टाटा मोटर्स के एमडी और सीईओ शैलेष चंद्रा ने आजतक को बताया था कि, अगले साल यानी 2027 की शुरुआत में टाटा मोटर्स भी अपनी पहली फ्लेक्स फ्यूल कार को पेश करेगा.
ऐसा नहीं है. इससे पहले होंडा अपनी CB300F के फ्लेक्स फ्यूल वेरिएंट को पेश किया था, लेकिन बाद में इसे बंद कर दिया गया. इसके अलावा सुजकी Gixxer SF 250 भी फ्लेक्स फ्यूल पर चलती है. जिसकी शुरुआती कीमत तकरीबन 2.16 लाख रुपये है. टीवीएस मोटर्स और बजाज ऑटो भी अपने रेडर और पल्सर मॉडलों के फ्लेक्स फ्यूल वेरिएंट पेश करने की तैयारी में हैं. हालांकि, हीरो मोटोकॉर्प पहला ऐसा ब्रांड है जिसने मॉस मार्केट फ्लेक्स फ्यूल बाइक पेश किया है.