scorecardresearch
 

Solar Electric Tractor: खेत में चलते-चलते चार्ज... 5 घंटे काम! डीजल नहीं आ गया धूप से चलने वाला सोलर ट्रैक्टर

GoSun Moonrider Solar Tractor: गोसन मूनराइडर इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर की ख़ास बात ये है कि, इसमें रिमूवेबल सोलर पैनल दिया गया है. कंपनी का दावा है कि, इस पैनल की मदद से इस ट्रैक्टर की बैटरी खेतों में काम करने के दौरान ही चार्ज होती रहती है. डीजल ट्रैक्टरों के मुकाबले इसकी रनिंग कॉस्ट और मेंटनेंस काफी किफायती है.

Advertisement
X
GoSun Moonrider सोलर ट्रैक्टर में कंपनी ने 24kWh की क्षमता का बैटरी पैक दिया है. Photo: ITG
GoSun Moonrider सोलर ट्रैक्टर में कंपनी ने 24kWh की क्षमता का बैटरी पैक दिया है. Photo: ITG

GoSun Solar Tractor: खेत के मैदान में अब ट्रैक्टर की तस्वीर बदलने वाली है. अभी तक खेत में ट्रैक्टर दिखते ही डीजल की गंध, इंजन की गड़गड़ाहट और फ्यूल का बड़ा का खर्च याद आता था. लेकिन अमेरिका की कंपनी GoSun ने इस पूरी कहानी बदलने की तैयारी कर ली है. कंपनी ने अपने नए इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर में बिजली और सूरज की रोशनी जोड़ दी है. गोसन ने अपना पहला ऑल-इलेक्ट्रिक सोलर ट्रैक्टर पेश किया है, जो बैटरी से चलेगा. खास बात यह है कि इसमें सोलर चार्जिंग की सुविधा भी दी गई है, जिससे खेत में काम करते समय सूरज की रोशनी से बैटरी को चार्ज किया जा सकता है.

GoSun ने अपने इस सोलर से चलने वाले इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर को मूनराइडर (Moonrider 27) नाम दिया है. इसकी कीमत 19,995 डॉलर (तकरीबन 19.13 लाख रुपये) रखी गई है. कंपनी का कहना है कि, इस ट्रैक्टर को मॉडर्न फार्मिंग, छोटे खेतों, होमस्टेडिंग जैसे कामों को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है. इसमें कंपनी का इंटीग्रेटेड सोलर चार्जिंग सिस्टम मिलता है, जो कि ऑप्शनल है. 

GoSun Electric Tractor
GoSun Moonrider में रिमूवेबल सोलर पैनल दिया गया है. Photo: gosun.co

इसके साथ हाई-एफिशिएंसी फोल्ड-आउट सोलर पैनल लगाए जा सकते हैं, जो ट्रैक्टर के खेत में काम करने या बाहर खड़े रहने के दौरान सूरज की रोशनी से बैटरी को चार्ज करते हैं. इससे ट्रैक्टर की रनिंग टाइम बढ़ता है और ग्रिड से चार्जिंग पर निर्भरता कम होती है. अच्छी बात ये है कि, ये सोलर पैनल रिमूवेबल है और जरूरत पड़ने पर ट्रैक्टर की छत पर रखा जा सकता है. 

Advertisement

तुरंत पावर देगा इलेक्ट्रिक मोटर

GoSun Moonrider में हाई-टॉर्क इलेक्ट्रिक ड्राइवट्रेन दिया गया है. इलेक्ट्रिक मोटर की खासियत यह है कि इससे पावर तुरंत मिलती है, जिससे ट्रैक्टर को भारी सामान खींचने, जुताई करने, घास काटने और मुश्किल रास्तों पर चलने में मदद मिलती है. ट्रेडिशनल डीजल इंजन की तरह इसमें पावर देने के लिए इंजन के रफ्तार पकड़ने का इंतजार नहीं करना पड़ता है.

यह भी पढें: आपको पता भी नहीं चला... इस कंपनी ने शुरू की CNG में गोबरगैस की ब्लेंडिंग

कंपनी के मुताबिक इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर किसानों के फ्यूल खर्च को काफी कम कर सकता है. इलेक्ट्रिक मोटर में ट्रेडिशनल इंजन की तुलना में कम मूवेबल पार्ट्स होते हैं, इसलिए रेगुलर सर्विस और मेंटनेंस का खर्च भी कम होता है. GoSun के सीईओ पैट्रिक शेरविन का कहना है कि, ये सोलर इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर महंगे डीजल ट्रैक्टरों का किफायती विकल्प बन सकता है. डीजल ट्रैक्टरों के मुकाबले इसकी रनिंग कॉस्ट और मेंटनेंस कॉस्ट काफी कम है. जिससे किसान मोटी बचत भी कर सकते हैं.

 

GoSun Moonrider
GoSun Moonrider ट्रैक्टर को इमरजेंसी में पावर बैकअप के तौर पर भी इस्तेमाल कर सकते हैं. Photo: gosun.co


बैटरी पैक और चार्जिंग

इस इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर में कंपनी ने 24kWh की क्षमता का दमदार लिथियम ऑयन फॉस्फेट बैटरी (LFP) बैटरी पैक दिया है. कंपनी का कहना है कि, 220V के एसी चार्जर की मदद से इसकी बैटरी 2.5 घंटे में 0 से 80 प्रतिशत तक चार्ज हो जाती है. इसके अलावा 1,100 वॉट का ऑप्शनल सोलर पैनल चार्जर भी दिया जा रहा है, जिससे एक्स्ट्रा रन टाइम मिलता है. फोर-व्हील ड्राइव सिस्टम से लैस इस ट्रैक्टर में 9 फॉरवर्ड (आगे) और 3-स्पीड रिवर्स (पीछे की तरफ) गियर दिए गए हैं.

Advertisement

इस इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर में जियो फेंसिंग, मोबाइल कनेक्टिविटी, जीपीएस नेविगेशन जैसे स्मार्ट फीचर्स भी दिए गए हैं. इसका टर्निंग रेडियस तकरीबन 1.4 मीटर (4.6 फिट) है, जो छोटे खेतों में इस ट्रैक्टर को आसानी से कॉर्नर्स पर मुड़ने में मदद करता है. 1,095 किग्रा वजनी इस ट्रैक्टर में कंपनी ने 270 मिमी का ग्राउंड क्लीयरेंस दिया है. जो खराब रास्तों पर भी आसानी से दौड़ने में मदद करता है.  

आंकड़ों में मूनराइडर

पावर:    27 हार्सपावर
ड्राइव सिस्टम: फोर व्हील
बैटरी पैक: 24kWh
ऑप्शनल सोलर: 1100 वॉट
रन टाइम:     5 घंटे
चार्जिंग टाइम: 2.5 घंटे
 

GoSun Moonrider solar tractor
GoSun Moonrider को केवल 50 डॉलर (तकरीबन 4,785 रुपये) में बुक कर सकते हैं. Photo: gosun.co


न धुआं... न शोर

यह ट्रैक्टर ट्रेडिशनल डीजल इंजन के मुकाबले बेहद कम शोर के साथ काम करता है और इससे धुआं नहीं निकलता. इसका मतलब है कि खेतों में काम करने वाले लोगों के साथ-साथ पशुओं के लिए भी काम करने का माहौल ज्यादा बेहतर हो सकता है. कंपनी का दावा है कि इससे कार्बन फुटप्रिंट को भी कम करने में मदद मिलेगी.

GoSun Moonrider को सिर्फ खेती के काम में ही इस्तेमाल नहीं किया जा सकता है. इसमें ऑप्शनल पावर जनरेटर के साथ ऑफ-ग्रिड ऑक्जिलरी पावर आउटलेट की सुविधा भी मिलती है. इसके जरिए ट्रैक्टर की बैटरी का इस्तेमाल इलेक्ट्रिक टूल्स, पानी के पंप और इमरजेंसी में दूसरे इलेक्ट्रिक-इलेक्ट्रॉनिक डिवाइसेज को चलाने के लिए भी किया जा सकता है. यानी जरूरत पड़ने पर यह ट्रैक्टर एक मोबाइल पावर हब की तरह भी काम कर सकता है.

यह भी पढें: आ गया महिंद्रा का शेर Scorpio Lifestyler, धांसू फीचर्स, कीमत है इतनी

Advertisement

कब शुरू होगी बिक्री

GoSun ने फिलहाल इस इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर को लॉन्च किया है, इसकी ऑफिशियब बुकिंग भी अमेरिकी बाजार के लिए शुरू कर दी गई है. जिसे इच्छुक ग्राहक कंपनी की आधिकारिक वेबसाइट के जरिए केवल 50 डॉलर (तकरीबन 4,785 रुपये) में बुक कर सकते हैं. कंपनी के मुताबिक ट्रैक्टर को 1 से 3 सितंबर तक अमेरिका के आयोवा स्टेट के बूने शहर में होने वाले फार्म प्रोग्रेस शो में भी पेश किया जाएगा. इसकी बिक्री अगले साल से शुरू होगी.

बता दें गोसन की शुरुआत 2016 में हुई थी और इसका हेडक्वॉटर्र USA के ओहियो स्टेट के सिनसिनाटी (Cincinnati) शहर से हुई थी. हालांकि ये कंपनी का पहला इलेक्ट्रिक ट्रैक्टर है, लेकिन कंपनी सोलर और क्लीन एनर्जी से जुड़े प्रोडक्ट बनाने के लिए जानी जाती है. इसके प्रोडक्ट पोर्टफोलियो में सोलर कुकर, पोर्टेबल रेफ्रिजरेटर, पानी प्यूरिफाई करने वाले सिस्टम और सोलर EV चार्जिंग सॉल्यूशन शामिल हैं. 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement