बजाज ने अपनी दमदार पल्सर को अपडेट कर दिया है. हम बात कर रहे हैं पल्सर 220 एफ (Bajaj Pulsar 220F) की. बजाज ने पहली बार 2007 में पल्सर 220 को लॉन्च किया था. उसके बाद बाइक के कई वेरिएंट आए, लेकिन पल्सर 220 के डिजाइन में कोई बदलाव नहीं हुआ. कंपनी इसे समय-समय पर अपडेट करती रही है, लेकिन डिजाइन में कोई बड़ा बदलाव नहीं किया है.
पिछले साल दिसंबर में Bajaj Pulsar 220F का अपडेट लॉन्च हुआ था. अब ब्रांड ने इसे एक नया अपडेट दिया है, जिसमें एलईडी हेडलाइट्स दी गई हैं. इसके अलावा बाइक में वही पुरानी फेयरिंग, फ्रंट फेस, क्लिप-ऑन हैंडलबार, चंकी एग्जॉस्ट और दूसरे डिजाइन एलिमेंट्स मिलते हैं.
अब ब्रांड ने क्लासिक पल्सर 220 एफ (Bajaj Pulsar 220F) को हेडलाइट्स के मामले में अपडेट किया है. नई बाइक की कीमतों की बात करें, तो फुल एलईडी हेडलाइट्स वाले वेरिएंट की कीमत 1.36 लाख रुपये एक्स शोरूम है. इसकी कीमत पिछले वर्जन के मुकाबले 8 हजार रुपये ज्यादा है. दिसंबर 2025 में लॉन्च हुआ अपडेट 1.28 लाख रुपये का था.
यह भी पढ़ें: Bajaj ने लॉन्च की नई Pulsar N160, इतने रुपये है कीमत
अगर लोगों की पसंदीदा बाइक्स की बात करें, तो बजाज पल्सर 220 एफ उस लिस्ट में जरूर शामिल होगी. इस बाइक की दीवानगी ऐसी है कि बजाज ने फरवरी 2023 में इसको रिलॉन्च किया था. रिलॉन्च करते हुए भी कंपनी ने इसके डिजाइन में बहुत बदलाव नहीं किया.
बाइक में सिर्फ एलईडी हेडलाइट्स सेटअप दिया गया है, जो ऑटो-ऑन फीचर के साथ आता है. एलईडी इंडिकेटर्स को कंपनी ने दिसंबर 2025 में इंट्रोड्यूस किया था. पहले इस बाइक में दो वर्टिकल माउंटेड यूनिट्स मिलती थी, जो लो और हाई बीम के लिए काम करते थे. अब इन दोनों को एक ही प्रोजेक्टर में सेटअप किया गया है. वहीं बाइक में डीआरएल्स आईब्रो जैसे डिजाइन में आते हैं.
यह भी पढ़ें: Bajaj Pulsar से लेकर Matter Aera तक, ऑनलाइन बाइक्स पर मिल रहा बंपर डिस्काउंट
कीमत और हेडलाइट्स के अलावा बाइक में कोई बदलाव नहीं किया गया है. इसमें वहीं पुराना इंजन मिलता है. बाइक में 220 सीसी का सिंगल सिलेंडर इंजन दिया गया है, जो 20.4 पीएस की पावर और 18.55 एनएम का टॉर्क प्रोड्यूस करता है. इसमें 5 स्पीड गियरबॉक्स मिलता है. बाइक में 15 लीटर का फ्यूल टैंक दिया गया है और इसका कर्ब वेट 160 किलोग्राम है.