बजाज ऑटो (Bajaj Auto) ने भारतीय बाजार में अपनी नई बाइक को लॉन्च कर दिया है. कंपनी ने एवेंजर स्ट्रीट 220 (Bajaj Avenger Street 220) को अपडेट के साथ लॉन्च कर दिया है. अगर भारतीय बाजार में आप कम बजट में एक क्रूजर-बॉडी स्टाइल वाली बाइक खरीदना चाहते हैं, तो बजाज एवेंजर सबस किफायती विकल्प है.
कुछ वक्त पहले ही कंपनी ने स्ट्रीट 160 को डिस्कंटीन्यू किया है. इस बाइक को ब्रांड ने अपनी वेबसाइट से हटा दिया था. अब बजाज की वेबसाइट पर एवेंजर स्ट्रीट 220 जुड़ गई है. कंपनी ने इस बाइक की लॉन्चिंग को लेकर कोई जानकारी नहीं दी थी. बाइक को चुपके से लॉन्च किया गया है.
बजाज ऑटो की वेबसाइट पर आपको Avenger Street 220 लिस्टेड मिल जाएगी. इस बाइक को कंपनी ने 1,30,173 रुपये की शुरुआती एक्स शोरूम कीमत पर लॉन्च किया है. बाइक दो कलर ऑप्शन- एबोनी ब्लैक और कॉकटेल रेड वाइन में मिल रही है.
बाइक के डिजाइन में आपको कोई बड़ा बदलाव देखने को नहीं मिलेगा. इसमें लेड-बैक डिजाइन दिया गया है, जिससे राइडिंग ज्यादा आरामदायक होगी. हैंडलबार थोड़े ऊंचे हैं और फुटपेज आगे की ओर मिलते हैं. इससे लंबी दूरी तक बाइक चलाने पर कम थकान होगी. कंपनी की मानें, तो इस बाइक को शहरों में चलाना भी आसान और आरामदायक होगा.
यह भी पढ़ें: Bajaj-TVS का मार्केट पर कब्जा, ये हैं सबसे ज्यादा बिकने वाले 3 इलेक्ट्रिक स्कूटर
बजाज एवेंजर स्ट्रीट 220 में कंपनी ने 220 सीसी का एयर कूल्ड सिंगल सिलेंडर इंजन दिया गया है. ये इंजन ही पल्सर 220एफ में भी मिलता है. बजाज का ये इंजन 8500 आरपीएम पर 19 एचपी की पावर और 7000 आरपीएम पर 17 एनएम का टॉर्क ऑफर करता है. बाइक 5 स्पीड गियरबॉक्स के साथ आती है.
यह भी पढ़ें: Bajaj ने लॉन्च की नई Pulsar N160, इतने रुपये है कीमत
इसमें टेलीस्कोपिक फ्रंट सस्पेंशन और ट्विन रियर शॉक एब्जॉर्बर मिलते हैं, जो 5 स्टेप प्रीलोड एडजस्टमेंट के साथ आते हैं. फ्रंट में 280 एमएम का डिस्क ब्रेक और रियर में 130 एमएम का ड्रम ब्रेक दिया गया है. सेफ्टी के लिए बाइक में सिंगल चैनल एबीएस दिया गया है. बाइक एलॉय व्हील्स के साथ आती है.
एवेंजर स्ट्रीट 220 में ट्यूबलेस टायर मिलते हैं. मोटरसाइकिल 13 लीटर के फ्यूल टैंक के साथ आती है. बाइक का कुल वजन 160 किलोग्राम है. इसकी सीट हाइट 737 एमएम की है.