यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप से पैट्रियट एयर डिफेंस मिसाइलें देने की मांग की है. जेलेंस्की ने कहा कि अगर अमेरिका पैट्रियट मिसाइलों की सप्लाई करता है तो यूक्रेन रूसी तेल रिफाइनरियों पर हमले रोक देगा.
राष्ट्रपति जेलेंस्की ने आरोप लगाया कि पेंटागन PURL कार्यक्रम के तहत मिसाइलों की डिलीवरी में अमेरिका देरी कर रहा है. जेलेंस्की ने अमेरिका के कुछ फैसलों को समझना मुश्किल बताया. उनका यह बयान ऐसे समय आया है, जब यूक्रेन के खार्किव इलाके में एक पार्क पर ड्रोन हमले में 6 लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं.
एक साल की बच्ची और उसकी मां समेत 6 की मौत
दरअसल, यूक्रेन के खार्किव इलाके में ड्रोन हमले में छह लोगों की मौत हो गई. मरने वालों में बच्चे भी शामिल हैं. यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने रूस पर हमले का आरोप लगाया है. उन्होंने बताया कि एक ड्रोन ने कैफे के पास बने पार्क में लोगों को निशाना बनाया. उस समय पार्क में परिवार और बच्चे मौजूद थे. हमले में 14 लोग घायल भी हुए हैं. इनमें छह बच्चे शामिल हैं.
जेलेंस्की ने कहा कि, हमले में एंजेलिना नाम की एक छोटी बच्ची की मौत हो गई. वह एक साल से कुछ बड़ी थी और उसका जन्म अगस्त 2025 में हुआ था. बच्ची उस समय स्ट्रोलर में थी. उसकी मां इन्ना की भी अस्पताल में मौत हो गई. हमले में 11 साल की एक अन्य बच्ची की भी जान चली गई.
जेलेंस्की ने मृतकों के परिवारों के प्रति संवेदना जताई. उन्होंने कहा कि इन हमलों से कई परिवारों की जिंदगी तबाह हो गई है. उन्होंने दुनिया से यूक्रेन की मदद करने की अपील की. साथ ही कहा कि रूसी ड्रोन और मिसाइल हमलों को रोकने के लिए यूक्रेन को एयर डिफेंस सिस्टम की जरूरत है.
रूस पर प्रतिबंध जारी रखने की अपील
जेलेंस्की ने रूस के खिलाफ प्रतिबंध जारी रखने की मांग की. उन्होंने कहा कि जब तक रूस हमले जारी रखता है, तब तक उस पर प्रतिबंध नहीं हटाए जाने चाहिए. उन्होंने अमेरिका और यूरोपीय देशों से भी यूक्रेन का साथ देने की अपील की. जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन शांति चाहता है, लेकिन रूस लगातार हमले कर रहा है. उनके मुताबिक, दुनिया के पास इस युद्ध को रोकने की ताकत है. अब उस ताकत का इस्तेमाल करने की जरूरत है.
यह भी पढ़ें: 'पुतिन की जेब में जाएगा पैसा', ट्रंप के रूसी डीजल सौदे पर भड़के जेलेंस्की, यूरोप से मांगी 70 अरब यूरो की मदद
इस बीच, जेलेंस्की ने कहा कि अमेरिका पैट्रियट मिसाइलों की आपूर्ति में मदद करे तो यूक्रेन कुछ समय के लिए रूसी तेल रिफाइनरियों पर हमले रोक सकता है. पैट्रियट मिसाइलों का इस्तेमाल हवाई हमलों से बचाव के लिए किया जाता है. जेलेंस्की ने अमेरिका के कुछ फैसलों पर भी सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि अमेरिकी पक्ष के कुछ फैसलों को समझना मुश्किल है. उनके मुताबिक, पेंटागन PURL कार्यक्रम के तहत मिसाइलों की आपूर्ति में देरी कर रहा है. जेलेंस्की ने कहा कि यूक्रेन को रूस के हमलों से बचाने के लिए जल्द मदद की जरूरत है.
वहीं अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के प्रशासन ने यूक्रेन को इंटरसेप्टर मिसाइलें देने की मंजूरी नहीं दी है. वॉशिंगटन पोस्ट की रिपोर्ट के मुताबिक, यूक्रेन को मिसाइलों की आपूर्ति को लेकर अभी फैसला नहीं हुआ है. दरअसल, इन इंटरसेप्टर मिसाइलों का इस्तेमाल दुश्मन की मिसाइलों और हवाई हमलों को रोकने के लिए किया जाता है.
aajtak.in