सलमान खान के पीछे क्यों पड़ा है लॉरेंस गैंग? 8 साल में धमकी और करीबियों पर हमलों की पूरी टाइमलाइन, यहां पढ़ें

सलमान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के बीच आठ सालों विवाद चल रहा है. धमकी भरे खतों से शुरू हुआ ये सिलसिला फायरिंग, हमलों और हत्याओं तक पहुंच गया है. आइए जानते हैं कि आखिर लॉरेंस गैंग सलमान खान के पीछे क्यों पड़ा है और उनके करीबियों को निशाना क्यों बना रहा है.

Advertisement
सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच सालों से विवाद जारी है. (Photo- PTI) सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच सालों से विवाद जारी है. (Photo- PTI)

aajtak.in

  • नई दिल्ली,
  • 19 अक्टूबर 2026,
  • अपडेटेड 9:32 AM IST

बॉलीवुड एक्टर टाइगर श्रॉफ पर हुई फायरिंग के बाद एक बार फिर सुपरस्टार सलमान खान और गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गैंग का विवाद चर्चा में आ गया है. सलमान और लॉरेंस के बीच तनातनी का ये दौर पिछले आठ वर्षों से लगातार जारी है.

धमकी भरे खतों से शुरू हुआ ये विवाद अब मुंबई की सड़कों पर फायरिंग, सनसनीखेज हत्याओं और सलमान के करीबी सहयोगियों पर हमलों के रूप में सामने आ चुका है. 

Advertisement

पिछले आठ सालों की टाइमलाइन पर नजर डालें तो देख पाएंगे कि ये गैंग सिर्फ सलमान को ही नहीं, बल्कि उनके पूरे सर्कल को निशाना बना रहा है. लॉरेंस गैंग ने पिछले कुछ सालों में सलमान के साथ-साथ उनके करीबियों और उनके साथ काम करने वालों को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है.

दुश्मनी की असल वजह: 1998 का काला हिरण मामला

सलमान खान और लॉरेंस बिश्नोई के बीच ये दुश्मनी 1998 में हुए 'काले हिरण शिकार मामले' की वजह से शुरू हुई. बॉलीवुड सुपरस्टार पर राजस्थान में फिल्म 'हम साथ-साथ हैं' की शूटिंग के दौरान काले हिरण के शिकार का आरोप लगा था.

बिश्नोई समाज काले हिरण को भगवान की तरह पूजता है. गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई का ताल्लुक इसी समाज से है. लॉरेंस का कहना है कि सलमान खान ने बिश्नोई समाज की आस्था को ठेस पहुंचाई है. लॉरेंस कई बार कह चुका है कि जब तक सलमान बीकानेर स्थित उनके मंदिर जाकर माफी नहीं मांगते, तब तक गैंग उनकी जान नहीं छोड़ेगा.

Advertisement

8 साल में धमकी, फायरिंग और हमलों की पूरी टाइमलाइन

2018 में पहली खुली धमकी- जोधपुर कोर्ट में पेशी के दौरान लॉरेंस बिश्नोई ने मीडिया के कैमरों के सामने पहली बार सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी. उसने कहा था कि सलमान को जोधपुर में ही मार गिराया जाएगा.

2020-2021 में रेकी और साजिश- लॉरेंस गैंग के शार्पशूटर्स ने मुंबई में सलमान खान के घर 'गैलेक्सी अपार्टमेंट' और उनके पनवेल वाले फार्महाउस की कई बार रेकी की. पुलिस ने इस साजिश का पर्दाफाश भी किया था.

जून 2022 में फिर धमकी भरा खत- पंजाबी गायक सिद्धू मूसेवाला की हत्या के कुछ ही दिनों बाद, बांद्रा बैंडस्टैंड पर टहलने के दौरान सलमान खान के पिता सलीम खान को एक धमकी भरा खत मिला. इसमें सलमान का हाल भी मूसेवाला जैसा करने की बात कही गई थी.

मार्च 2023 में ईमेल से धमकी- लॉरेंस के करीबी गोल्डी बराड़ और रोहित गोदारा के नाम से सलमान खान के दफ्तर को एक धमकी भरा ईमेल भेजा गया. इसके बाद मुंबई पुलिस ने उनकी सुरक्षा बढ़ाते हुए इसे 'Y+' कैटेगिरी कर दी थी.

अप्रैल 2024 में गैलेक्सी अपार्टमेंट पर फायरिंग- तड़के सुबह बाइक पर सवार होकर आए लॉरेंस गैंग के शूटरों ने सलमान खान के बांद्रा स्थित घर 'गैलेक्सी अपार्टमेंट' के बाहर ताबड़तोड़ कई राउंड गोलियां चलाईं. 

Advertisement

अक्टूबर 2024 में बाबा सिद्दीकी की हत्या- एनसीपी नेता और सलमान खान के बेहद करीबी माने जाने वाले पूर्व मंत्री बाबा सिद्दीकी की मुंबई के निर्मल नगर में गोली मारकर हत्या कर दी गई. लॉरेंस गैंग ने इस हाई-प्रोफाइल हत्याकांड की जिम्मेदारी ली और कहा कि जो भी सलमान खान की मदद करेगा, उसका यही हश्र होगा.

जनवरी 2026 में रोहित शेट्टी पर हमला- फिल्म निर्देशक रोहित शेट्टी भी इस विवाद की चपेट में आ चुके हैं. गैंग ने उनके मुंबई के जुहू स्थित घर (शेट्टी टावर) के बाहर 31 जनवरी 2026 की रात करीब 5 राउंड फायरिंग की थी.

2025 में कपिल शर्मा के कैफे पर फायरिंग- लॉरेंस बिश्नोई गैंग और गोल्डी ढिल्लों की गैंग ने कपिल शर्मा के कनाडा वाले कैफे पर कई बार फायरिंग की. गैंग ने कपिल को अपने नेटफ्लिक्स शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' के पहले एपिसोड में सलमान खान को बुलाने को लेकर धमकी दी.

अक्टूबर 2026 में टाइगर श्रॉफ पर हमला- एक्शन स्टार टाइगर श्रॉफ की कार पर 18 अक्टूबर की रात 5 राउंड फायरिंग की. इस हादसे में टाइगर की जान बाल-बाल बची. फायरिंग में एक्टर और उनका ड्राइवर घायल हो गए. 

लॉरेंस बिश्नोई की ओर से लगातार हो रहे इस तरह के हमलों ने पुलिस प्रशासन और सुरक्षा पर सवाल खड़े कर रहे हैं. हालांकि, सरकार का दावा है कि वो ऐसे मामलों पर सख्त एक्शन ले रही है और दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »