scorecardresearch
 

'ट्रंप पर तीसरी बार हमला, इतिहास में ऐसा नहीं हुआ...', गोलीबारी के बाद कैरोलिन लीविट ने कही ये बात

व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा कि इतिहास में किसी भी अन्य राष्ट्रपति को बार‑बार इतने गंभीर हमलों का सामना नहीं करना पड़ा है, जितना डोनाल्ड ट्रंप को करना पड़ा है. हमारे लिए यह सौभाग्य की बात है कि हमारे पास एक निडर राष्ट्रपति है.

Advertisement
X
आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कोल टोमस एलन के रूप में हुई है. (Photo: AP)
आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कोल टोमस एलन के रूप में हुई है. (Photo: AP)

व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप पर हुए हमले की कोशिश को लेकर कई अहम बातें बताई. उन्होंने कहा कि व्हाइट हाउस प्रेस डिनर में हुई गोलीबारी राष्ट्रपति ट्रंप पर तीसरा बड़ा हमला था. इतिहास में किसी भी अन्य राष्ट्रपति को बार-बार इस तरह गंभीर हमलों का सामना नहीं करना पड़ा है.

ट्रंप ने प्रेस डिनर में गोली लगने वाले सीक्रेट सर्विस एजेंट से बातचीत भी की. कैरोलिन ने कहा यह घटना याद दिलाती है कि डिपार्टमेंट ऑफ होमलैंड सिक्योरिटी के लिए फंडिंग कितनी जरूरी है.

बता दें, वॉशिंगटन में शनिवार रात आयोजित व्हाइट हाउस कॉरेस्पोंडेंट्स डिनर उस समय दहशत में बदल गया था, जब राष्ट्रपति ट्रंप के संबोधन से ठीक पहले गोलीबारी की घटना सामने आई. कार्यक्रम में कुछ ही पलों में अफरा-तफरी मच गई. यह घटना वॉशिंगटन हिल्टन होटल में हुई, जहां करीब 2300 से अधिक मेहमान मौजूद थे. इस मामले में एक आरोपी की पहचान 31 वर्षीय कोल टोमस एलन के रूप में हुई है.

इस के बाद व्हाइट हाउस प्रेस सचिव कैरोलिन लीविट ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप का सीक्रेट सर्विस पर भरोसा बरकरार है. राष्ट्रपति की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए डीएचएस के शीर्ष अधिकारियों और व्हाइट हाउस अधिकारियों के साथ बैठक होगी. सुरक्षा के लिए अगर बदलाव जरूरी होंगे, तो किए जाएंगे.

झूठ फैलाने से बढ़ रहे खतरे

Advertisement

लीविट ने कहा कि राष्ट्रपति, उनके परिवार और समर्थकों के खिलाफ फैलाए जा रहे बेबुनियाद झूठ और आरोपों ने कुछ अस्थिर लोगों को भटका दिया है, जिससे वे हिंसा के लिए प्रेरित हो रहे हैं. यह अब बंद होना चाहिए. शनिवार की रात एक सनकी और एंटी‑ट्रंप व्यक्ति ने हालात बिगाड़ दिए. 

हम उन बहादुर कानून प्रवर्तन अधिकारियों के प्रति बेहद आभारी है, जिन्होंने तुरंत कार्रवाई कर हमलावर को पकड़ने और हम सभी को सुरक्षित रखने का काम किया.

राष्ट्रपति विशेष रूप से यूनाइटेड स्टेट्स सीक्रेट सर्विस के उन पुरुषों और महिलाओं का आभार व्यक्त करना चाहते हैं, जिन्होंने उच्चतम स्तर की पेशेवर क्षमता और साहस का परिचय दिया.  लीविट ने आगे कहा, इसमें वह वीर एजेंट भी शामिल हैं, जिनके सीने में गोली लगी थी. सौभाग्य से, बुलेटप्रूफ जैकेट ने उनकी जान बचा ली.

अराजक हालात के बीच, जब हमले की कोशिश की जा रही थी, उस समय राष्ट्रपति ट्रंप का शांत रहना वाकई अद्भुत था. कैरोलिन लीविट ने कहा यह एक ऐसा क्षण है जिसे मैं कभी नहीं भूलूंगी. हमारे पास एक निडर राष्ट्रपति होना सौभाग्य की बात है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement