अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की इजरायल के पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को 'क्रेजी' कहने की कहानी का सच सामने आ गया है. ट्रंप ने इस बात को स्वीकार किया है कि एक फोन कॉल के दौरान उन्होंने इजरायली पीएम बेंजामिन नेतन्याहू को 'क्रेजी' यानी कि पागल कहा था. ट्रंप ने कहा कि वह थोड़े परेशान थे क्योंकि लेबनान में हिज़बुल्ला के साथ इज़रायल की लड़ाई ईरान के साथ शांति वार्ता में रुकावट डाल रही थी.
ट्रंप ने कहा, "हां, मैंने कहा था, मुझे हमेशा गुस्सा आ जाता है. मैं उनसे थोड़ा परेशान था, क्योंकि वे लगातार लेबनान से लड़ाई कर रहे थे. मैंने कहा- इसे रोकना पड़ेगा."
हालांकि अमेरिकी राष्ट्रपति ने यह भी माना कि तनाव के बावजूद नेतन्याहू के साथ उनके संबंध सॉलिड हैं और वे एक-दूसरे से इसलिए जुड़े हुए हैं, क्योंकि वे दोनों ही "युद्धकालीन" नेता हैं.
ट्रंप ने 'द न्यूयॉर्क पोस्ट' के "पॉड फ़ोर्स वन" से कहा, "हमने साथ मिलकर बहुत अच्छा काम किया है. मैं बीबी को बहुत पसंद करता हूं और मैं उनके साथ बहुत अच्छे से काम करता हूं." ट्रंप इजरायल के पीएम को बीबी कहते हैं.
नेतन्याहू पर एकदम से उखड़ गए थे ट्रंप
बता दें कि 1-2 जून को ट्रंप जब इजरायली पीएम से फोन पर बात कर रहे थे, तो वे एकदम से नाराज हो गए थे.
इस दौरान उन्होंने बेंजामिन नेतन्याहू को फोन पर कहा था, "तुम्हारा दिमाग खराब हो चुका है, अगर मैं न होता, तो तुम अब तक जेल में होते. ये मैं हूं जो तुम्हारी जान बचा रहा हूं. अब हर कोई तुमसे नफरत करता है. इसी वजह से हर कोई इजरायल से भी नफ़रत करता है."
माना जा रहा था ट्रंप इजरायल की ओर से लेबनान पर हमला करने के फैसले से नाराज थे.
राष्ट्रपति ट्रंप द्वारा इस बात को स्वीकार करना कि नेतन्याहू के साथ उनकी तनावपूर्ण बात हुई थी इस बात का संकेत है कि ईरान युद्ध को सुलझाने के लिए उन पर दबाव बढ़ता जा रहा है, क्योंकि ऊर्जा की बढ़ती कीमतें और आर्थिक अनिश्चितता रिपब्लिकन पार्टी को मध्यावधि चुनावों में नुकसान पहुंचा रही हैं और वैश्विक व्यापार में भी बाधा डाल रही हैं.
लेकिन ट्रंप ने इस संघर्ष को सुलझाने के लिए किसी समय-सीमा के बारे में कोई पक्का वादा नहीं किया. उन्होंने कहा कि हो सकता है कि होर्मुज स्ट्रेट 7 सितंबर को 'लेबर डे' की छुट्टी तक बंद ही रहे.
उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया है कि ईरान ऐसे किसी भी प्रयास को रोक दे जिससे परमाणु हथियार हासिल करने की राह खुलती हो, ट्रंप ने यह भी कहा कि तेल और प्राकृतिक गैस की ढुलाई के लिए होर्मुज स्ट्रेट को फिर से खोल दिया जाना चाहिए.
ट्रंप ने कहा, "मुझे नहीं पता. मेरा मतलब है, मुझे लगता है कि यह (लेबर डे तक) बंद रह सकता है, लेकिन मुझे नहीं लगता कि ऐसा होगा. मुझे लगता है कि हम इसे सुलझा लेंगे. मुझे लगता है कि यह मामला काफी जल्दी सुलझ जाएगा."
अमेरिकी राष्ट्रपति ने आगे कहा कि ईरान के सर्वोच्च नेता मोजतबा खामेनेई जिन्होंने अपने दिवंगत पिता की जगह ली है, युद्ध खत्म करने के लिए चल रही शांति वार्ता में शामिल हैं.
ट्रंप ने कहा कि एक हवाई हमले में लगी चोटों की वजह से खामेनेई की हालत ठीक नहीं है, लेकिन "लोग कहते हैं कि वह मंजूरी दे रहे हैं, क्योंकि बहुत लंबे समय से ऐसा ही होता आया है." मार्च के आखिर में जब अमेरिका और इजरायल ने ईरान पर हमला किया था, तब हवाई हमलों के दौरान खामेनेई के पिता मारे गए थे.