चीयरलीडर्स का काम तो आप सब जानते ही हैं, अगर नहीं भी जानते होंगे तो आईपीएल देखकर इसे अच्छे से समझ गए होंगे. लेकिन क्या आपने सोचा है कि ये चीयरलीडर्स जब मैदान में नहीं होतीं तो क्या करती हैं? ये एक ऐसी चीयरलीडर हैं जो खाली वक्त में अफ्रीका में जंगली जानवरों का शिकार करती हैं. टेक्सास की रहने वाली केंडल जोन्स जानवरों का शिकार करने के बाद उनके शव के साथ तस्वीरें खिंचवाती हैं. उनके पास गैंडा, शेर, हाथी, जेब्रा, दरियाई घोड़ा, तेंदुआ और हिरण के शवों के साथ ली गई ऐसी ही तस्वीरों का खजाना है.

19 वर्षीय केंडल ने अपनी ये तस्वीरें अपने फेसबुक पेज पर पोस्ट कर दी हैं और अब इन तस्वीरों की वजह से अंतरराष्ट्रीय स्तर पर नाराजगी का सामना कर रही हैं. उनके फेसबुक पेज को 2.5 लाख लोगों ने लाइक किया हुआ है. उनके फेसबुक पेज पर उन्हें कोसने वाले नकारात्मक कमेंट्स की बाढ़ आ गई है और उनसे इस तरह के अमानवीय काम को तुरंत रोकने की विनती भी की गई है.

एक पोस्ट में केंडल ने लिखा है कि उन्हें ‘ओब्सेसिव कम्पल्सिव हंटिंग डिस्ऑर्डर’ है. इस पर उनके एक दोस्त विल्सन ने कमेंट किया है कि आपको सिर्फ ‘डाउनेस सिंड्रोम’ है. उन्होंने आगे लिखा है कि जुनून में जानवरों की हत्या करना कोई रोग नहीं है और आप सिर्फ मनोरोगी हैं.
हालांकि केंडल का तो यहां तक कहना है कि इस तरह से जानवरों का शिकार करने से जानवरों की ही रक्षा होती है. उन्होंने एक अमेरिकी अखबार से कहा कि शिकारी सबसे बड़े संरक्षणवादी होते हैं. उन्होंने कहा हम चाहते हैं कि जानवरों की आबादी बढ़े और वे फलें-फूलें.

लेकिन उनकी इस तरह की बातों से उनके दोस्त सहमत नहीं हैं और वो दोस्तों की कड़ी आलोचना से बच नहीं पायीं. उनके एक दोस्त ने लिखा है, ये सिर्फ शिकार नहीं है. यह साफ तौर पर एक बिगड़ैल अमीर का निस्सहाय जानवरों की अपनी खुशी और खेल के लिए हत्या है. उन्होंने आगे लिखा मैं जानता हूं कि लोग अपनी जरूरतों के लिए जानवरों का शिकार करते हैं और इसका समर्थन भी करता हूं, लेकिन यह मजे के लिए है और अनैतिक भी है.