प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को दो दिन की नेपाल यात्रा पर पहुंचे हैं. सुबह जनकपुर में जनसभा के बाद दोपहर में पीएम मोदी नेपाल की राजधानी काठमांडू पहुंचे. यहां उन्होंने प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली, राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी, उपराष्ट्रपति नंद बहादुर पुन से मुलाकात की. इसके साथ ही उन्होंने अरुण तृतीय पनबिजली संयंत्र का शिलान्यास भी किया.
LIVE...
9.15 PM: पीएम मोदी ने कहा, ''नेपाल से मेरा बहुत पुराना नाता रहा है, लेकिन प्रधानमंत्री के रूप में नेपाल की यह मेरी तीसरी यात्रा है. चाहे मैं प्रधानमंत्री के रूप में आया हूं, या फिर एक सामान्य नागरिक के रूप में, नेपाल के लोगों ने मुझे हमेशा अपना माना है. परिवार के सदस्य की तरह मेरा स्वागत किया है.''
मोदी ने कहा, ''नेपाल के साथ भारत के संबंध भी, दो सरकारों के संबंधों से कहीं ऊपर हैं. मेरी ये नेपाल यात्रा एक ऐसे ऐतिहासिक समय में हो रही है जब नेपाल में फेडरल, प्राविजनल और लोकल तीनों स्तर पर चुनाव का सफल आयोजन हो चुका है. भारत के लिए हमारा 'सबका साथ-सबका विकास' का विजन और नेपाल के लिए ओली जी का 'समृद्ध नेपाल-सुखी नेपाल' का नारा एक दूसरे के पूरक हैं. पिछले महीने दिल्ली में और आज यहां काठमांडू में हमारी बातचीत में लिए गए निर्णयों से हमने भारत-नेपाल संबंधों में एक नई ऊर्जा का संचार किया है.''
9.05 PM: नेपाल के प्रधानमंत्री ने कहा, ''भारत के प्रधानमंत्री मोदी जी का स्वागत है. हमारा आमंत्रण स्वीकार करने के लिए धन्यवाद. नेपाल के लोग आपकी यात्रा से बहुत खुश हैं. भारत-नेपाल संबंध और हमारी दोस्ती को लेकर हमने बात की है. पड़ोसियों के साथ संबंध हमेशा से अलग रहे हैं. पड़ोसियों से बेहतर संबंध हमारी विदेश नीति की प्राथमिकता है.''
9.00 PM: पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली ने संयुक्त बयान जारी किया.
8.55 PM: पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री ने वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए पूर्वी नेपाल के संखुवासभा जिले में स्थित अरुण तृतीय पनबिजली संयंत्र का शिलान्यास किया.
7.30 PM: नेपाल के पीएम केपी ओली ने प्रतिनिधिमंडल लेवल की बातचीत के लिए पीएम मोदी का स्वागत किया.
Amongst family and friends! PM warmly welcomed by Prime Minister of Nepal K.P Sharma Oli ahead of the delegation-level talks in Kathmandu.
— Raveesh Kumar (@MEAIndia)
7.12 PM: पीएम मोदी ने नेपाल की राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी से भारत-नेपाल रिश्तों पर बात की.
President Bidhya Devi Bhandari and PM held talks in Kathmandu. They discussed various aspects of India-Nepal ties.
— PMO India (@PMOIndia)
6.35 PM: पीएम मोदी ने नेपाल की राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी से की मुलाकात
6.20 PM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के उपराष्ट्रपति नंद बहादुर पुन से की मुलाकात.
Mr. Nanda Bahadur Pun, the Vice President of Nepal and PM had a fruitful meeting today. They deliberated on ways to further cement India-Nepal cooperation.
— PMO India (@PMOIndia)
5.20 PM: पीएम मोदी को काठमांडू के सेना परेड ग्राउंड में गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया.
PM Narendra Modi accorded guard of honour at Tundikhel Army Parade Ground in Kathmandu. Nepal PM KP Sharma Oli also present
— ANI (@ANI)
4.51 PM: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नेपाल के विदेश मंत्री से की मुलाकात
PM interacts with Mr. Pradeep Kumar Gyawali, the Foreign Minister of Nepal.
— PMO India (@PMOIndia)
पनबिजली संयंत्र का करेंगे शिलान्यास
PM मोदी आज सुबह 10.30 बजे नेपाल के जनकपुर पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया. काठमांडू में पीएम मोदी वीडियो कान्फ्रेंसिंग के जरिए पूर्वी नेपाल के संखुवासभा जिले में स्थित अरुण तृतीय पनबिजली संयंत्र का शिलान्यास किया. इस परियोजना पर भारत ने 1.5 अरब डॉलर का निवेश किया है. इसके अगले पांच साल में पूरा होने की उम्मीद है.
इस कार्यक्रम के बाद पीएम मोदी और नेपाल के प्रधानमंत्री ओली ने संयुक्त बयान जारी किया. प्रधानमंत्री मोदी के लिए उनके समकक्ष ओली ने विशेष रात्रिभोज का आयोजन भी किया है, जिसमें पीएम मोदी शामिल होंगे.
इससे पहले पीएम मोदी नेपाल के जनकपुर के जानकी मंदिर पहुंचे और यहां पूजा की. PM ने यहां जनसभा को संबोधित किया और अपने भाषण की शुरुआत 'जय सिया राम' कहकर की. प्रधानमंत्री का स्वागत यहां 121 किलो की माला पहनाकर किया गया.
Prayed at the Janaki Mandir. It feels extremely special to be here.
— Narendra Modi (@narendramodi)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने यहां जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि मैं अगस्त 2014 में पहली बार नेपाल आया था, तब मैंने कहा था कि जल्द ही मैं जनकपुर आऊंगा. लेकिन मैं तुरंत तो आ नहीं सका, देरी से आने के लिए माफी मांगता हूं. यहां आने की मेरी पुरानी इच्छा थी. उन्होंने कहा कि यहां मंदिर में दर्शन कर मेरा जीवन सफल हुआ. उन्होंने कहा कि सौभाग्य है कि एकादशी के दिन मैया सीता ने मुझे यहां बुलाया है.
12 मई को मोदी का कार्यक्रम
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी नेपाल के मस्तांग जिले में मुक्तिनाथ मंदिर में पूजा करेंगे. यहां वे इस मंदिर के जीर्णोद्धार के लिए घोषणाएं भी कर सकते हैं. काठमांडू में पीएम मोदी अलग-अलग राजनीतिक दल के प्रमुख नेताओं से मुलाकात भी करेंगे.
काठमांडू महानगर निगम के महापौर ने पीएम मोदी के सम्मान में एक समारोह आयोजित किया है. मोदी इस समारोह में शिरकत करेंगे.
बतौर प्रधानमंत्री ये नरेंद्र मोदी का तीसरा नेपाल दौरा है. PM मोदी शुक्रवार सुबह करीब 8 बजे ही दिल्ली से नेपाल के लिए रवाना हुए थे. प्रधानमंत्री ने जनकपुर-अयोध्या बस सर्विस को हरी झंडी दिखाई. इसे रामायण सर्किट के विस्तार के तौर पर देखा जा रहा है.