पाकिस्तान का एक कार्गो प्लेन अरब सागर में लापता हो गया है. इस कार्गो प्लेन में चालक दल के पांच सदस्य सवार थे. विमान संयुक्त अरब अमीरात के शारजाह से कराची जा रहा था. पाकिस्तान एयरपोर्ट अथॉरिटी ने कहा है कि विमान का पता लगाने के लिए अरब सागर में सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है. के2 एयरवेज के बोइंग 737 विमान से कराची से लगभग 155 नॉटिकल मील पश्चिम में रडार संपर्क टूट गया था.
पाकिस्तान एयरपोर्ट्स अथॉरिटी ने कहा है कि लापता विमान का पता लगाने के लिए अलग-अलग एजेंसियों का सहयोग लिया जा रहा है. विभिन्न एजेंसियों की मदद से सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है. पीएए ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा है कि के2 एयरवेज का बी-737 कार्गो विमान शारजाह से कराची जा रहा था.
बताया जाता है कि विमान ने मंगलवार की रात करीब 9 बजकर 18 मिनट पर एरिया कंट्रोल सेंटर को नेविगेशन सिस्टम में खराबी की सूचना दी. पीएए के मुताबिक कराची एसीसी ने विमान को तत्काल जरूरी सहायता दी. इसके कुछ ही मिनट बाद रात करीब 9 बजकर 22 मिनट पर विमान तेजी से नीचे की ओर आते हुए रडार पर दिखाई दिया.
यह भी पढ़ें: सऊदी में हेलिकॉप्टर तो फ्रांस में प्लेन क्रैश... दोनों हादसों में 25 लोगों की मौत
इस विमान की दिशा में भी अचानक बदलाव देखा गया. इसके कुछ देर बाद विमान का संपर्क रडार और कम्युनिकेशन सिस्टम से पूरी तरह से कट गया. घटना के तुरंत बाद रेस्क्यू कोऑर्डिनेशन सेंटर को एक्टिव कर दिया गया. पीएए ने कहा है कि विभिन्न एजेंसियों की सहायता से समुद्र में ऑपरेशन शुरू कर दिया गया है.
यह भी पढ़ें: अहमदाबाद एयरपोर्ट पर टला बड़ा हादसा, एक ही टैक्सीवे पर आमने-सामने आए एअर इंडिया और इंडिगो के प्लेन
इस विमान में चालक दल के पांच सदस्य सवार थे. विमान की तलाश समुद्र में की जा रही है. हादसे की वजह का पता नहीं चल सका है. इस विमान में क्या लोड था, इसकी जानकारी भी अभी सामने नहीं आई है.