scorecardresearch
 

सऊदी में हेलिकॉप्टर तो फ्रांस में प्लेन क्रैश... दोनों हादसों में 25 लोगों की मौत

फ्रांस और सऊदी अरब में रविवार को हुए दो अलग-अलग विमान हादसों में कुल 25 लोगों की मौत हो गई. फ्रांस में स्काईडाइवर्स को ले जा रहा एक सिविलियन प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 11 लोगों की जान गई. वहीं सऊदी अरब में अरामको कंपनी का हेलिकॉप्टर क्रैश होने से 14 लोगों की मौत हो गई.

Advertisement
X
फ्रांस और सऊदी अरब में हुए ​विमान और हेलिकॉप्टर हादसों में 25 लोगों की मौत हो गई. (Photo: AFP)
फ्रांस और सऊदी अरब में हुए ​विमान और हेलिकॉप्टर हादसों में 25 लोगों की मौत हो गई. (Photo: AFP)

फ्रांस के नैंसी शहर के पास स्थित टॉम्बलेन इलाके में रविवार को स्काईडाइवर्स को ले जा रहा एक सिविलियन प्लेन दुर्घटनाग्रस्त हो गया. न्यूज एजेंसी रॉयटर्स के मुताबिक, स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 11 बजे हुए इस हादसे में प्लेन में सवार सभी 11 लोगों की मौत हो गई. स्थानीय प्रशासन ने बताया कि मृतकों में पायलट समेत 10 यात्री शामिल हैं. इनमें 5 ट्रेनी स्काईडाइवर और 5 ट्रेनर थे. 

हादसे के बाद मौके पर तुरंत राहत और बचाव टीमें पहुंचीं और पूरे इलाके को घेर लिया गया. फ्रांसीसी अखबार 'L'Est Republicain' की रिपोर्ट के मुताबिक, प्लेन स्काईडाइविंग ग्रुप को लेकर उड़ान पर था, तभी यह हादसा हुआ. वहीं न्यूज चैनल 'France 3 Grand Est' ने शुरुआती रिपोर्ट में प्लेन में विस्फोट का खतरा होने की आशंका जताई थी. 

इसके बाद पुलिस ने साल्वाडोर अलेंदे स्ट्रीट के आसपास का इलाका खाली करवा दिया और लोगों से दूर रहने की अपील की. फ्रांस के गृह मंत्री भी हादसे वाली जगह पर पहुंचे. फिलहाल इस प्लेन हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है और अधिकारी मामले की जांच कर रहे हैं.

यह भी पढ़ें: अमेरिकी सेना का ताकतवर B-52 बॉम्बर क्रैश, टेकऑफ के कुछ देर बाद हुआ हादसा, VIDEO

सऊदी में हेलिकॉप्टर क्रैश में 14 की मौत

वहीं सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको (Aramco) का एक हेलिकॉप्टर रविवार को रस तनुरा इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया. सऊदी की सरकारी समाचार एजेंसी के मुताबिक, इस हादसे में हेलिकॉप्टर में सवार सभी 14 लोगों की मौत हो गई. अरब न्यूज की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है और अधिकारियों ने मामले की जांच शुरू कर दी है.

Advertisement

सऊदी अरब के ऊर्जा मंत्रालय के एक अधिकारी ने बताया कि हेलिकॉप्टर स्थानीय समयानुसार सुबह करीब 6 बजे रस तनुरा में क्रैश हुआ. ऊर्जा मंत्रालय ने कहा कि हादसे में जान गंवाने वाले सभी 14 लोग सऊदी नागरिक थे. फिलहाल अधिकारियों ने दुर्घटना की वजह का खुलासा नहीं किया है और जांच जारी है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement