scorecardresearch
 

जापान में कुदरत का कहर... 7.1 भूकंप की तीव्रता से कांपी धरती, समुद्र में 1 मीटर ऊंची सुनामी लहरों की आशंका

जापान के क्यूशू द्वीप पर स्थित कुमामोतो क्षेत्र में मंगलवार को 7.1 तीव्रता का भूकंप आया. इसके बाद जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने 1 मीटर तक ऊंची लहरों की सुनामी चेतावनी जारी की. सरकार ने कुमामोतो सहित नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाजाकी प्रान्तों में आपातकालीन चेतावनी दी है. अभी तक किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की खबर नहीं है.

Advertisement
X
जापान में 7.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया (Photo: ITG)
जापान में 7.1 तीव्रता का भूकंप दर्ज किया गया (Photo: ITG)

जापान के क्यूशू द्वीप पर मंगलवार को 7.1 तीव्रता का शक्तिशाली भूकंप आया. यह भूकंप कुमामोतो क्षेत्र में आया और इसके बाद सुनामी की चेतावनी जारी कर दी गई. जापान मौसम विज्ञान एजेंसी (JMA) के मुताबिक भूकंप के बाद 1 मीटर तक ऊंची लहरें उठने की आशंका जताई गई है. तटीय इलाकों में रहने वाले लोगों से सतर्क रहने और जरूरत पड़ने पर तुरंत सुरक्षित स्थानों पर जाने की अपील की गई है. इस बीच चीन में धरती हिली है. चीन के किंघाई में 5.0 तीव्रता भूकंप दर्ज किया गया है.

जापान सरकार ने कुमामोतो के अलावा नागासाकी, कागोशिमा, फुकुओका, सागा, ओइता और मियाजाकी प्रान्तों में भी आपातकालीन भूकंप चेतावनी जारी की है. ये सभी इलाके क्यूशू द्वीप पर स्थित हैं. यह जानकारी न्यूज एजेंसी रॉयटर्स ने दी है.

राहत की बात यह है कि अभी तक किसी के हताहत होने या बड़े नुकसान की कोई खबर सामने नहीं आई है. स्थानीय प्रशासन भूकंप से हुए असर का आकलन कर रहा है और साथ ही सुनामी के खतरे पर भी लगातार नजर बनाए हुए है. आपातकालीन टीमें अलर्ट पर हैं और स्थिति पर बारीकी से नजर रखी जा रही है.

यह भी पढ़ें: गर्मी से बचने के लिए जापान ने बनाया 'ह्यूमन फ्रिज', 5 मिनट में ठंडा हो जाता है शरीर

जापान दुनिया के उन देशों में शामिल है जहां भूकंप सबसे ज्यादा आते हैं. इसी वजह से यहां भूकंप और सुनामी की चेतावनी देने वाला सिस्टम दुनिया के सबसे बेहतर सिस्टम में गिना जाता है. 

Advertisement

यह सिस्टम कुछ ही सेकंड में लोगों को अलर्ट भेज देता है जिससे जान माल का नुकसान कम करने में मदद मिलती है. क्यूशू द्वीप पर रहने वाले लोगों को फिलहाल सतर्क रहने और अधिकारियों के निर्देशों का पालन करने की सलाह दी गई है. आने वाले घंटों में स्थिति साफ होने की उम्मीद है.

भूकंप की गहराई करीब 10 किलोमीटर दर्ज की गई (Photo: japantimes)


जापान के प्रधानमंत्री ने क्या कहा?

जापान के प्रधानमंत्री कार्यालय ने कुमामोटो प्रांत में आए शक्तिशाली भूकंप के बाद सभी संबंधित एजेंसियों को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए हैं. प्रधानमंत्री की ओर से जारी निर्देशों में कहा गया है कि सबसे पहले भूकंप से हुए नुकसान का जल्द से जल्द आकलन किया जाए.

इसके साथ ही स्थानीय प्रशासन के साथ मिलकर राहत और बचाव अभियान तेज करने को कहा गया है. निर्देश में साफ कहा गया है कि मानव जीवन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए और फंसे हुए लोगों को सुरक्षित निकालने तथा उनकी जान बचाने के लिए हर संभव प्रयास किए जाएं.

प्रधानमंत्री कार्यालय ने यह भी कहा है कि सरकार एकजुट होकर काम करे और लोगों को निकासी, नुकसान की स्थिति और अन्य जरूरी जानकारी समय पर और सही तरीके से उपलब्ध कराई जाए.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Latest News in Hindi »
Advertisement