अमेरिका की ओर से येरूशलम को इजरायल की राजधानी के तौर पर मान्यता देने के बाद व्याप्त तनाव के बीच बेथलेहम शहर में क्रिसमस की तैयारियां की गई. इजरायल के पर्यटन मंत्रालय ने बताया कि तनाव के चलते क्रिसमस की तैयारियों पर कोई असर नहीं पड़ा.
बता दें कि अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा 6 दिसंबर को यह विवादित घोषणा की गई. इसके बाद इजरायली कब्जे वाले पश्चिमी तट के शहर बेथलेहम समेत अन्य स्थानों पर प्रदर्शन और संघर्ष की घटनाएं हुई थी.
तनाव के कारण दिखाई दिए बहुत कम लोग
बेथलेहम में इन दिनों आमतौर पर सैलानियों का जमावड़ा रहता है. लेकिन फिलस्तीनी प्रदर्शनकारियों और इजरायली सेना के बीच संघर्ष की घटनाओं के कारण इस बार यहां बहुत कम लोग दिखाई दे रहे है.
लोगों ने टाली बेथलेहम की यात्रा
आर्कबिशप पियरबाटिस्टा पिजाबल्ला ने बताया कि ट्रंप की घोषणा और इसके बाद भड़की हिंसा के मद्देनजर दर्जनों लोगों के समूहों ने बेथलेहम की यात्रा करने की अपनी योजना को टाल दिया.
पर नहीं पड़ा कोई असर
येरूशलम में कैथोलिक गिरजाघर के शीर्ष अधिकारी ने कहा, 'वास्तव में इसने येरूशलम के आसपास तनाव पैदा किया. इससे क्रिसमस से लोगों का ध्यान हटाया गया.' वहीं दूसरी ओर इजरायल के पर्यटन मंत्रालय ने बताया कि की तैयारियों पर कोई असर नहीं पड़ा. वह पिछले साल की तुलना में इस साल ईसाई तीर्थयात्रियों की संख्या में 20 प्रतिशत की बढ़ोतरी की उम्मीद कर रहे हैं.